लखनऊ में एक साइको प्रेमी का अजब केस सामने आया है। उसने अपनी प्रेमिका के प्राइवेट पार्ट पर 'प्रेम की मुहर' के तौर पर ब्लेड से अपना नाम लिखवाया। इसके सबूत के लिए पूरी घटना की वीडियो कॉल रिकार्ड कर ली। इसके बाद शादी को लेकर विवाद होने पर वीडियो को प्रेमिका के पिता को भेज दिया। पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मामला माल थाना क्षेत्र का है। माल इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता CHC में नर्सिंग की ट्रेनिंग कर रही है।
माल के एक गांव में एक लड़की रहती है। वह लखनऊ के बिजनौर में एक इंस्टीट्यूट से BSC नर्सिंग का कोर्स कर रही है। माल से वह रोज बिजनौर आती-जाती थी। कोर्स करने के दौरान ही उसकी इंटर्नशिप शुरू हो गई। इसके लिए उसे माल CHC अलॉट की गई। इसके बाद लड़की माल CHC जाने लगी।
उधर, लड़की के बगल के दूसरे गांव भवानीपुर गदहों में आवेंद्र सोनवानी रहता है। उसकी लड़की से काफी पहले से दोस्ती चल रही है। आवेंद्र भी पैरामेडिकल का कोर्स कर रहा है। दोनों के बीच गहरे संबंध हो गए। साथ घूमना और इंस्टीट्यूट आना-जाना भी होता था। दोनों एक दूसरे को वीडियो कॉल भी करते थे।
दोनों के बीच दोस्ती इतनी गहरी हो गई कि वे लिव-इन में भी 6 महीने साथ रहे। इसी दौरान एक दिन आवेंद्र ने लड़की से उसके प्राइवेट पार्ट पर अपना नाम लिखवाने की जिद कर ली। उसका कहना था कि 'ऐसा करने से तुम सिर्फ मेरी रहोगी।' लड़की भी इसके लिए तैयार हो गई। फिर उसने ब्लेड से लड़के का नाम अपने प्राइवेट पार्ट पर लिख लिया। वहीं इस दौरान आवेंद्र ने उसका वीडियो भी बना लिया। यह बात कुछ पुरानी है।
इसके बाद लड़का उससे शादी करने की बात कहने लगा। लड़की भी इसके लिए तैयार थी। दोनों ने अपने-अपने घरवालों से इस बारे में बात की। मगर, वे लोग राजी नहीं हुए। इसके बाद लड़का भी लड़की के घर गया और शादी करने की बात कही। मगर, लड़की के घरवालों ने इस बात से साफ इनकार कर दिया। अब दोनों के पास शादी करने का कोई रास्ता नहीं बचा था।
आवेंद्र ने वीडियो क्लिप लड़की के पिता को भेजी
लड़की के पिता से नाराज आवेंद्र ने उसकी वीडियो क्लिप भेज दी। तब सारा मामला सामने आया। इसके बाद लड़की के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया। पिता के मुताबिक, ''युवक ने धमका कर मेरी बेटी को फंसा लिया था। फिर वह मेरी बेटी को वीडियो कॉल भी करने लगा। इस दौरान उसने बेटी से ब्लेड से प्राइवेट पार्ट पर कुछ लिखवाया। उसकी रिकार्डिंग कर ली। उसके बाद उसका वीडियो मेरे मोबाइल पर भेज दिया। बेटी के अश्लील वीडियो में ब्लेड से कुछ काटते या लिखते हुए दिख हो रहा है।''
पुलिस ने बताया- काफी पुराना है वीडियो
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के मेडिकल में चोट की पुष्टि नहीं हुई है। पीड़िता के मैजिस्ट्रियल बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच में सामने आया है कि वीडियो काफी पुराना है। दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन की बात सामने आ रही है। लड़के ने दबाव बनाने के लिए वीडियो लड़की के परिजनों को भेज दिया।
उधर, घटना की रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी होते ही आरोपी आवेंद्र घर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस की एक टीम उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने उसकी जल्द गिरफ्तारी के लिए रिश्तेदारों के घर दबिश के साथ उसके मोबाइल नंबर को भी सर्विलांस पर लगाया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.