उमस और भीषण गर्मी झेल रहे उत्तर प्रदेश के लोगों को आज थोड़ी राहत मिली है। बुधवार को दिल्ली के एकाएक बदले मौसम का असर गाजियाबाद, नोएडा, मुरादाबाद में भी देखने को मिला। यहां बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं, उत्तराखंड से सटे सहारनपुर में भी जोरदार बारिश हुई है। लखनऊ स्थित मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता 17 जुलाई से पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय होने की पूरी संभावना है। हालांकि पश्चिमी यूपी और एनसीआर के 21 जिलों में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बता दें कि बीते 24 घंटे में दैवीय आपदा से 8 की मौत हुई है।
मुरादाबाद में सुबह से ही बादल छाए हुए थे। सुबह करीब 10 बजे बारिश शुरू हुई। हालांकि 20 मिनट बाद ही बारिश थम गई। लेकिन इसकी वजह से मौसम सुहाना हो गया है। तापमान में गिरावट आने से लोगों को बड़ी राहत मिली।
सहारनपुर में नगर निगम के मोटर टैंक में घुसा बारिश का पानी
जिले में लगातार दूसरे दिन बारिश हुई। हालांकि बेहट के घाड़ क्षेत्र में थोड़ी राहत मिली है। बरसाती नदी का जलस्तर गिर रहा है। इससे तापमान का पारा भी गिर गया है। बुधवार सुबह 11 बजे तक मौसम विभाग द्वारा अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
छत्ता जम्मूदास में सुबह से हो रही बारिश के कारण पानी की सप्लाई पर असर पड़ा है। यहां नगर निगम द्वारा बनाए गए मोटर टैंक में बारिश का पानी घुस गया। जिससे करीब 2500 हजार आबादी वाले क्षेत्र में पानी की सप्लाई बंद हो गई। अंशु जैन ने बताया कि नगर निगम द्वारा किए गए दावे फेल हो गए है। सड़कों पर बारिश का पानी जमा है। लोग पीने के पानी को परेशान है। वासु ने बताया कि क्षेत्र में नगर निगम द्वारा सफाई के दावे किए जाते रहे हैं। लेकिन यहां पर कोई ऐसी व्यवस्था देखने को नहीं मिल रही है। नाले-नालियों में सिल्ट भरी हुई है। मेयर से मिलकर शिकायत की जाएगी।
21 जिलों में बरसात होने की संभावना
मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के 21 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है। 10 जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हवाओं के साथ बिजली की चमक के बीच बरसात होने की संभावना जताई गई हैं। सहारनपुर, बागपत,गौतम बुद्ध नगर,बदायूं, रामपुर ,बरेली ,अलीगढ़ ,हाथरस ,कासगंज और एटा जिले शामिल हैं। इसके अलावा 11 जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और बिजली की चमक के साथ पानी गिरने की संभावना है। इसमें बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, अमरोहा, संभल, बुलंदशहर, बागपत, शामली, मेरठ, हापुड़ और गाजियाबाद जिले शामिल हैं।
बीते 24 घंटे महज 1.4 मिमी गिरा पानी
राहत आयुक्त रणवीर प्रसाद के अनुसार बीते 24 घंटे में प्रदेश में 1.4 मिमी औसत वर्षा हुई है, जो सामान्य वर्षा से 9.5 मिमी के सापेक्ष 15 प्रतिशत है। इस प्रकार प्रदेश में 01 जून, 2021 से अब तक 173.7 मिमी औसत वर्षा हुई, जो सामान्य वर्षा 197.7 मिमी के सापेक्ष 88 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि रोहिणी नदी, त्रिमोहिनी घाट पर और लखीमपुर में शारदा नदी खतरे के जलस्तर से ऊपर बह रही है।
यूपी में आपदा से 8 की हुई मौत
उत्तर प्रदेश के 6 जिलों में आठ लोगों की जनहानि हुई है। सोनभद्र में 3, गाजीपुर और पीलीभीत में सांप काटने से 1-1, आकाशीय बिजली गिरने से बलिया में एक, डूबने से मऊ और जौनपुर में 1-1 मौत हुई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.