महराजगंज में भारत कोरिया के संबंध के 50 वर्ष पूरे होने और विश्व शांति की कामना की गई। इसके लिए दक्षिण कोरिया के 108 बौद्ध भिक्षुओं का समूह बुद्ध के ननिहाल से लेकर उनकी जन्मस्थली तक पैदल पहुंचा।
महराजगंज की सीमा में प्रवेश करते ही ग्रामीणों ने बौद्ध भिक्षुओं का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। बौद्ध भिक्षुओं के ठहरने एवं उनकी सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रही।
बौद्ध गुरु छंग हो सु निम ने बताया कि भारत कोरिया के संबंध को 50 वर्ष पूरे हो गए। साथ ही कोरोना महामारी, प्राकृतिक आपदा से राहत एवं विश्व शांति के लिए यह पदयात्रा निकाली गई है। यह यात्रा सारनाथ से शुरू होकर बोधगया, राजगीर नालंदा, वैशाली, कुशीनगर होते हुए महराजगंज के देवदह पहुंचा। यहां विश्राम के बाद यह दल नेपाल में भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुम्बिनी के लिए रवाना हो गया। बौद्ध भिक्षुओं के इस दल में 15 महिला भी शामिल हैं।
इस दल की सुरक्षा और इनके ठहरने की व्यवस्था जिला प्रशासन ने कर रखी थी। इस दौरान उपजिलाधिकारी दिनेश कुमार मिश्र, नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव, एसओ सत्य प्रकाश सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौजूद रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.