यमुना एक्सप्रेस-वे पर कार में फंसा शव 11 किमी घसीटा:दो हिस्सों में बंटा शरीर; मथुरा टोल प्लाजा पर गाड़ी रुकी तो टुकड़े निकाले

मथुराएक महीने पहले
कार आगरा से दिल्ली जा रही थी। तड़के 4 बजे मथुरा के मांट टोल प्लाजा पर घटना की जानकारी हुई।

दिल्ली के कंझावला जैसा हादसा मथुरा में हुआ है। यहां यमुना एक्सप्रेस-वे पर कार ने युवक के शव को करीब 11 किलोमीटर तक घसीटा। जब कार टोल प्लाजा पर रुकी, तब सिक्योरिटी गार्ड की नजर कार के नीचे फंसे शव पर पड़ी। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कार के नीचे से निकाला। शव दो हिस्सों में बंट गया था। गाड़ी में जगह-जगह टुकड़े चिपके थे।

SP देहात त्रिगुन विशेन ने बताया कि जिस कार में शव फंसा था वह आगरा से दिल्ली जा रही थी। दिल्ली निवासी वीरेंद्र सिंह स्विफ्ट कार चला रहे थे। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया है कि रात को एक्सप्रेस- वे पर कोहरा था। किसी वाहन से ये हादसा हुआ होगा, जिसका शव एक्सप्रेस-वे पर पड़ा रहा होगा। कोहरे में शव दिखाई नहीं दिया। ऐसे में कार में फंसकर घिसटता चला आया होगा।

कार में शव इतनी दूर तक घिसटा गया कि शरीर के दो टुकड़े हो गए। विजुअल में शरीर के ऊपरी भाग का हिस्सा ही दिख रहा है।
कार में शव इतनी दूर तक घिसटा गया कि शरीर के दो टुकड़े हो गए। विजुअल में शरीर के ऊपरी भाग का हिस्सा ही दिख रहा है।

मृतक की जेब से टूटा की-पैड मोबाइल और करीब 500 रुपए मिले हैं। शव इस कदर बिगड़ गया था कि चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। पुलिस एक्सप्रेस-वे पर लगे CCTV कैमरों को खंगाल रही है। मृतक की शिनाख्त इटावा निवासी रिजपाल सिंह रूप में हुई है। जिसकी उम्र 25 साल है। जो दिल्ली में कोरियर कंपनी में गाड़ी चलाता था।

11 किमी. पहले मिले खून के निशान
SP ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर मांट क्षेत्र में माइल स्टोन-106 पर खून के निशान मिले हैं। आशंका है कि वहां हादसा हुआ था। शव टोल प्लाजा तक घिसटता आया। माइल स्टोन-106 से टोल प्लाजा की दूरी करीब 11 किमी है। टक्कर कार से हुई या किसी और वाहन से इसकी जांच की जा रही है।

तड़के 4 बजे टोल प्लाजा पर पहुंची कार
कार स्विफ्ट डिजायर है, नंबर DL12 CT2125 है। मंगलवार तड़के 4 बजे मांट टोल प्लाजा पर पहुंची। कार में 2 महिला और 2 पुरुष सवार थे। वे लोग दिल्ली के तिगड़ी थाना क्षेत्र के संगम विहार के रहने वाले हैं। परिवार के साथ आगरा में शादी कार्यक्रम से लौट रहे थे। टोल कटाने के लिए जब गाड़ी रुकी तो वहां मौजूद गार्ड ने गाड़ी के पीछे से सड़क पर बहते खून के निशान दिखे। फिर गाड़ी के पीछे जाकर देखा तो एक युवक का शव फंसा था।

कार चला रहा वीरेंद्र बोला- मुझे घटना का पता ही नहीं चला
कार ड्राइवर वीरेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसे घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उसकी कार से कोई हादसा भी नहीं हुआ। उसे टोल प्लाजा पर लोगों ने बताया कि गाड़ी में शव फंसा है। यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरा था। दूसरे वाहन से हादसा हुआ होगा।

ये भी पढ़ें:-

आगरा में ट्रक की चपेट में आया स्कूटी सवार, पहिए में फंसकर काफी दूर तक घिसटता रहा

ISBT के पास ड्राइवर ट्रक छोड़कर भाग गया, इसके बाद जाम लग गया।
ISBT के पास ड्राइवर ट्रक छोड़कर भाग गया, इसके बाद जाम लग गया।

आगरा में भी मंगलवार सुबह 10 बजे ऐसा ही हादसा हुआ। ISBT के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार को अपनी चपेट में ले लिया। पहिये के नीचे फंसकर स्कूटी सवार काफी दूर तक घिसटता रहा। पहियों के बीचों-बीच फंसने से शव के टुकड़े हो गए। ट्रक ड्राइवर बीच सड़क ही गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वो हाथ नहीं आया। हादसे के बाद जाम लग गया है। आसपास उस वक्त मौजूद लोगों ने बताया कि सिकंदरा की ओर जा रहा स्कूटी सवार ट्रक के पिछले पहियों की चपेट में आ गया। काफी दूर तक स्कूटी और युवक घिसटता गया। लोगों ने शोर मचाया तो ट्रक ड्राइवर आगे जाकर गाड़ी रोकी और भाग गया। पढ़ें पूरी खबर...