मथुरा के आयुषी चौधरी हत्याकांड का पर्दाफाश हो गया है। पुलिस के मुताबिक उसे पिता ने ही गोली मारी थी। वारदात में मां ने भी साथ दिया था। हत्या दिल्ली के बदरपुर स्थित घर पर की गई। बाद में लाश को लाल सूटकेस में पैक करके 150 किलोमीटर दूर मथुरा जिले के राया इलाके में यमुना एक्सप्रेस-वे पर फेंक दिया गया था। 18 नवंबर को आयुषी की लाश बरामद हुई थी।
बताया जा रहा है कि आयुषी ने करीब लव मैरिज की थी। परिवार इससे नाखुश था। आयुषी शुरू से अड़ियल स्वभाव की थी और वह पेरेंट्स से झगड़ा करती रहती थी। पुलिस का कहना है कि अभी वह भरतपुर (राजस्थान) में रह रहे आयुषी के पति से भी पूछताछ करेगी। तब इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं।
इस पूरे मामले को सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए...
1. दूसरी जाति के लड़के से की थी शादी
22 साल की आयुषी ने करीब एक साल पहले भरतपुर (राजस्थान) के रहने वाले छत्रपाल राजपूत से आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी। पेरेंट्स इस शादी के पक्ष में नहीं थे। आयुषी शादी के बाद एक भी बार अपने ससुराल नहीं गई और मायके में ही रह रही थी। 17 नवंबर की दोपहर आयुषी का मां से झगड़ा हुआ। पिता को पता चला तो उन्होंने आयुषी को समझाया। वह नहीं मानी तो पिता ने गुस्से में लाइसेंसी रिवॉल्वर से आयुषी के सीने में दो गोलियां दाग दीं। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
2. दुकान से पॉलिथीन लाए और लाश सूटकेस में पैक की
आयुषी की हत्या के बाद पिता घर के पास की दुकान से पॉलिथीन खरीद कर लाए। दोपहर में उसकी लाश को सूटकेस में पैक किया। देर रात 3 बजे कार में सूटकेस रखा और 150 किलोमीटर दूर मथुरा के पास यमुना एक्सप्रेस-वे पर सुबह 5 बजे फेंक दिया। इसके बाद 7 बजे दिल्ली चले गए। कार पिता चला रहा था और मां आगे वाली सीट पर बैठी थी।
3. दो दिन बाद मां और भाई ने आकर की शिनाख्त
रविवार को मथुरा में पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंची आयुषी की मां ब्रजवाला और भाई आयुष ने शव की शिनाख्त की। शिनाख्त के बाद परिवार बिना किसी से बात किए सीधे पुलिस के साथ गाड़ी में बैठकर निकल गया। मीडिया ने सवाल करने की कोशिश की, लेकिन मां और भाई कुछ भी नहीं बोले।
4. पहचान करते समय मां और भाई रो रहे थे
आयुषी BCA में पढ़ रही थी। पहचान करते समय मां और भाई की आंखों में आंसू आ गए। वह एक-दूसरे के गले लगकर रोने लगे। आयुषी हत्याकांड में सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि पुलिस खुद परिवार तक पहुंची। यानी, परिवार ने पुलिस को आयुषी के लापता होने के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। न ही गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
जिस रिवॉल्वर से गोली मार कर हत्या की गई, उसका लाइसेंस देवरिया में बना था। पुलिस पूछताछ के दौरान माता-पिता दोनों रोते रहे। उन्होंने बताया कि जो कुछ हुआ, सब एकाएक और गुस्से में हुआ। पिता ने बताया कि बेटी जलील करती थी। उसे कई बार समझाया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थी।
5. आयुषी का नीट में नाम आया, काउंसिलिंग में नहीं गई
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आयुषी ने नीट एग्जाम क्लियर कर लिया था, लेकिन वह काउंसिलिंग में नहीं गई। माता-पिता ने काउंसिलिंग में शामिल होने के लिए काफी मान-मनौवल की, लेकिन आयुषी नहीं मानी। पिता ने बताया कि वह हर बात पर परिवार का विरोध करने लगी थी।
6. एक कॉल से आयुषी तक पहुंची पुलिस
दिल्ली से मथुरा पुलिस के पास एक कॉल आई थी। इसमें सूटकेस में मिली मृत लड़की के परिवार के बारे में जानकारी दी थी। पुलिस दावा कर रही है कि मुखबिर ने यह कॉल किया था। हालांकि एक बात यह भी सामने आ रही है कि आयुषी के ही किसी परिचित ने मथुरा पुलिस को फोन करके जानकारी दी।
अब आइए आपको बताते हैं कि पुलिस ने इस खुलासे के लिए क्या-क्या किया...
100 पुलिस कर्मियों की टीम ने 300 CCTV कैमरे खंगाले
सूटकेस में मिली लाश का खुलासा मथुरा पुलिस के लिए बड़ा चैलेंज था। पुलिस ने लड़की की शिनाख्त के लिए 100 पुलिस कर्मियों की 14 टीमें बनाई थीं। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर टोल प्लाजा तक करीब 300 CCTV की रिकॉर्डिंग खंगाली। इसके बाद भी लड़की की शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। तभी पुलिस को एक कॉल आई। इसमें बताया गया कि बदरपुर के मोड़बंद की रहने वाली लड़की दो दिन से गायब है। यह सूचना ही पुलिस के लिए काफी थी। इसके आधार पर पुलिस की एक टीम लड़की के घर पहुंची।
खबर में आगे बढ़ने से पहले पोल में हिस्सा लेकर अपनी राय दे सकते हैं...
मुख्यमंत्री और DGP कार्यालय से ली जा रही थी अपडेट
शुक्रवार यानी 18 नवंबर को जब शव मिला और यह खबर मीडिया की सुर्खियां बनी तो लखनऊ से मथुरा पुलिस के पास फोन आने लगे। मुख्यमंत्री और DGP ऑफिस से मामले की हर अपडेट मांगी जा रही थी। युवती के शव की जब शिनाख्त हो गई, उसके बाद मथुरा के एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने इसकी जानकारी मुख्यमंत्री और DGP ऑफिस को दी।
लड़की के बाएं हाथ में कलावा और काला धागा बंधा था
लड़की काली रंग की टी-शर्ट और हाफ पैंट पहने थी। कपड़ों से लग रहा था कि वह अच्छे परिवार की है। लड़की की लंबाई करीब 5 फीट 2 इंच थी। रंग गोरा, काले और लंबे बाल थे। स्लेटी कलर की टी-शर्ट हाफ बाजू की पहने थी, जिस पर Lady Days लिखा हुआ था। नीले और सफेद रंग की पैंट पहनी हुए थी। बाएं हाथ में कलावा और काला धागा भी बंधा हुआ था। पैरों में हरे रंग की नेल पॉलिश लगी थी। इसके अलावा लड़की के सीने में सटाकर गोली मारी गई थी। उसके शरीर पर कई जगह चोटों के निशान भी मिले थे।
आयुषी मर्डर से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें..
मथुरा में सूटकेस में मिली लड़की की पहचान हुई
मथुरा में 18 नवंबर को लाल सूटकेस में मिली 22 साल की लड़की की शिनाख्त हो गई है। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचकर उसकी पहचान की। आशंका जताई जा रही है कि यह ऑनर किलिंग का मामला है। मृतका दिल्ली के बदरपुर की रहने वाली थी। उसकी हत्या करने के बाद शव लाल सूटकेस में बंद कर एक्सप्रेस-वे पर फेंका गया था। यहां पढ़ें पूरी खबर
लाल सूटकेस में 22 साल की लड़की की लाश
मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह सूटकेस में लड़की की लाश मिली है। सीने में गोली मारकर उसकी हत्या की गई है। शरीर पर चोट के कई निशान हैं। ऐसा लग रहा है कि हत्या से पहले लड़की ने खुद को बचाने का भरकर कोशिश की। इतना तय है कि ये हत्या कहीं और की गई। फिर लाश को लाकर यहां फेंका गया है। फिलहाल, लड़की की शिनाख्त नहीं हुई है। यहां पढ़ें पूरी खबर
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.