उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का आगाज हो चुका है। विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण का मतदान 10 फरवरी को होगा। प्रथम चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है। मथुरा में प्रशासन ने नामांकन की सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है।
21 जनवरी तक चलेगी नामांकन प्रक्रिया
प्रथम चरण के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया 14 जनवरी से शुरू हो कर 21 जनवरी तक चलेगी। मथुरा में पहले चरण में मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पहले चरण के लिए होने वाले नामांकन के लिए की जा रही सभी तैयारियों का जायजा लिया।
यहां होगा नामांकन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मथुरा में 14 जनवरी 2022 से नामांकन किये जायेंगे। विधान सभा छाता के नामांकन कक्ष सं-38 न्यायालय अतिरिक्त उप जिलाधिकारी मथुरा प्रथम, विधान सभा मांट के नामांकन कक्ष सं-37 न्यायालय विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी, विधान सभा गोवर्धन के नामांकन कक्ष सं-36 न्यायालय नगर मजिस्ट्रेट मथुरा, विधान सभा मथुरा वृन्दावन के नामांकन कक्ष सं-26 राज्य कर्मचारी संघ सभागार मथुरा तथा विधान सभा बल्देव (अ0जा) के नामांकन कक्ष सं-35 के नामांकन न्यायालय बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी मथुरा में किए जायेंगे। उन्होंने बताया कि 14 जनवरी 2022 से छाता, मांट, गोवर्धन, मथुरा वृन्दावन एवं बल्देव (अ0जा0) विधान सभा के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया प्रारम्भ हो जाएगी।
एडीजी ने परखी व्यवस्था
प्रथम चरण में 10 फ़रवरी को मथुरा में होने वाले चुनावों को सकुशल संपन्न कराने की तैयारियों का जायजा लेने एडीजी राजीव कृष्ण मथुरा पहुंचे। यहां उन्होंने मतदान को लेकर अधीनस्थ अधिकारियों की बैठक ली। जिसमें उन्होंने चुनाव को शांति सुरक्षा व पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एडीजी आगरा जॉन राजीव कृष्ण ने बताया की 325 ऐसे केंद्र चिन्हित किये गए हैं। जिन पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। इसके अलावा मथुरा जनपद की राजस्थान व हरियाणा से भी सीमा सटी हुई है। इस बाबत वहां के अधिकारियों के साथ भी बैठक की गई है। बैरिकेडिंग के माध्यम से उस दिन आवागमन बंद रहेगा। एडीजी राजीव कृष्ण ने बताया कि प्रभावशाली लोग जो चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं। उनके खिलाफ 107/ 16 की निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए पांच लाख और दो लाख रुपए के मुचलके से पाबंद किया गया है। उनके द्वारा चुनाव मतदान से पहले की जाने वाली हरकतों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.