मऊ में हो रही धान खरीद में किसानों की समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। किसी तरह से खरीद शुरू हुई है तो किसानों को टोकन नहीं मिल पा रहा है। वेबसाइट खुलने के मात्र चंद समय बाद ही टोकन खत्म हो जा रहा है। परेशान किसान टोकन लेने के लिए जनसेवा केंद्रों का चक्कर काटने को विवश हैं। कई क्रय केंद्रों पर धान का उठान न होने से खरीद ठप है। इससे किसानों के घर रखा धान खराब होने लगा है। शिकायत के बाद भी आला अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं।
बढ़ती जा रही किसानों की समस्या
जिले में किसानों को धान की फसल का उचित मूल्य दिलाने के लिए धान खरीद योजना शुरू की गई है। इसके लिए खाद्य विभाग, पीसीएफ, एफसीआई, मंडी समिति के 46 क्रय केंद्र खोले गए हैं। धान खरीद की समय सीमा जैसे-जैसे नजदीक आ रही है।वैसे-वैसे तकनीकी समस्या आने से किसानों की परेशानी बढ़ती ही जा रही है। किसानों को ऑनलाइन टोकन नहीं मिल पा रहा है।
केंद्रों से निराश होकर लौट रहे किसान
सबसे ज्यादा दिक्कत छोटे किसानों के समक्ष आ रही है। उनको ऑनलाइन की जानकारी भी नहीं है। ऐसे में टोकन के लिए वे साइबर कैफे या जनसेवा केंद्रों पर निर्भर हैं। हाड़कंपाती ठंड और कोहरे में जनसेवा केंद्र पहुंच जा रहे हैं। सुबह 10 बजे जैसे ही साइट खुल रही है, वैसे ही टोकन खत्म हो जा रहा है और वे निराश होकर वापस चले आ रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.