बागपत के बिलोचपुरा गांव में तिरंगा यात्रा के दौरान तिरंगा झंडा फहराते समय ऊपर से गिरे युवक की हालत गंभीर है। मेरठ मेडिकल अस्पताल में 24 घंटे से भर्ती युवक का लगातार उपचार चल रहा है। लेकिन हालत में सुधार नहीं हैं। डॉक्टरों के अनुसार ऊंचाई से गिरने के कारण युवक को काफी चोटें हैं।
तिरंगा रैली में 25 फीट ऊंचाई से गिरा
बागपत के गांव बिलोचपुरा में आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान तिरंगा रैली निकाली जा रही थी। गांव प्रधान नासिर के नेतृत्व में इस रैली को निकाला जा रहा था। रैली में युवाओं की काफी भीड़ थी। हाथों में तिरंगा लेकर युवक रैली में शामिल हुए। जैसे ही रैली गांव के अंदर एंट्री करने लगी तभी गांव का 32 साल का युवक युनूस गांव के मुख्य प्रवेश द्वार पर ऊपर चढ़कर तिरंगा झंडा फहराने लगा। युनूस गेट पर चढ़कर तिरंगा फहरा रहा था नीचे डीजे बजते हुए रैली निकल रही थी। अचानक युनूस झंडा फहराकर नीचे आने लगा तो उसका शरीर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टच हो गया। लाइन से टच होते ही युनूस को तेज करंट लगा। झटका लगते ही युवक सीधे नीचे भीड़ में आ गिरा।
बागपत जिला अस्पताल से भेजा मेरठ
रैली में कुछ युवक मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। जब उन्होंने गेट पर युनूस को चढ़े देखा तो उसका भी वीडियो बनाने लगे। तभी अचानक युनूस नीचे गिर गया और पूरा हादसा मोबाइल में लाइव रिकार्ड हो गया। नीचे गिरने के बाद युवक को पहले बागपत के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन हालत गंभीर होने पर मेरठ मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना सिंघावली अहीर क्षेत्र के बिलोचपुरा गांव में तिरंगा यात्रा के दौरान हुई। अब मेरठ में युवक की हालत गंभीर है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.