भारतीय जनता पार्टी 2022 में भी कमल खिलाने के लिए अपने चुनावी चाणक्य गृह मंत्री अमित शाह को मैदान में उतार रही है। वेस्ट यूपी में टिकट नहीं मिलने से बागी हुए अपनों को मनाकर अमित शाह फतह की रणनीति बनाने का काम करेंगे। 21 जनवरी को अमित शाह मेरठ में वेस्ट यूपी की सभी 71 विधानसभा सीटों के भाजपा प्रत्याशियों से बात कर उन्हें जीत का मंत्र देंगे।
बनाएंगे चुनावी माहौल
टिकट वितरण के बाद पार्टी में शुरू हुई अंदरुनी कलह को रोकने के लिए अमित शाह मैदान में उतरेंगे। पश्चिमी यूपी में पहले चरण के चुनावों में रैलियों, रोड शो और सभाओं से अमित शाह भाजपा के लिए चुनावी माहौल बनाएंगे।
टिकट वितरण से बढ़ा अंदरुनी कलह
भाजपा कार्यकर्ताओं में अंदरुनी कलह काफी दिनों से चल रहा है। लेकिन टिकट वितरण के बाद कलह खुलकर सामने आ गई। मेरठ में ही सिवालखास प्रत्याशी मनिंदर पाल सिंह के टिकट का विरोध कार्यकर्ता कर रहे हैं। शहर सीट पर कमलदत्त शर्मा के टिकट का विरोध जेपी नड्डा के आवास तक पहुंच गया था। गाजियाबाद में अतुल गर्ग के खिलाफ पर्चे बांटे गए, यही हाल दूसरी सीटों पर भी है। अपने ही कार्यकर्ता चुनाव में भाजपा के लिए मुसीबत न बन जाएं, इसे देखते हुए शाह रूठों को मनाएंगे.
71 विधासनसभा सीटों के प्रत्याशियों को जीत का मंत्र
पश्चिम क्षेत्र की 71 विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों को अमित शाह जीत का चुनावी मंत्र देंगे। गृह मंत्री अमित शाह लगातार पिछले तीन चुनावों से यूपी में भाजपा के विकास की पटकथा लिख रहे हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव, 2017 विधानसभा और 2019 के लोकसभा चुनाव में अमित शाह ने लगातार यूपी आकर मंथन किया। जनता से लेकर कार्यकर्ताओं को भाजपा की रणनीति की जानकारी देकर चुनाव में बीजेपी के लिए माहौल बनाया है। इस बार भी अमित शाह पर चुनाव की बड़ी जिम्मेदारी है। 23 जनवरी से शाह कोरोना गाइडलाइंस का पालन करते हुए वेस्ट यूपी में रैली भी करेंगे। बीजेपी वेस्ट यूपी के प्रवक्ता गजेंद्र शर्मा ने अमित शाह के शुक्रवार को मेरठ आने की पुष्टि की है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.