मेरठ की वंडर गर्ल वान्या की उम्र से बड़ी उपलब्धियां हैं। महज 4 साल की वान्या ने 8 रिकॉर्ड बनाकर मेरठ का नाम रोशन किया। वान्या अब तक 3 बार इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में, 2 बार एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में और 3 बार इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करा चुकी हैं। बच्ची ने 2 साल 11 महीने की उम्र में अपना पहला रिकॉर्ड बनाया था।
सबसे पहले वान्या के परिवार को जानते हैं
वान्या के पिता योगेंद्र गौतम मूल रूप से बुलंदशहर जिले के रहने वाले हैं। वह सिंचाई विभाग में सहायक अभियंता हैं। फिलहाल वह परिवार के साथ पल्लवपुरम इलाके में रहते हैं। वान्या एक प्राइवेट स्कूल में सीनियर प्रेप (प्ले) में पढ़ती है। वान्या की मां दीपिका गौतम ने एमटेक (M. TECH) किया है। वह भी पहले नौकरी करती थीं, लेकिन अब घर पर ही अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं। वान्या की डेढ़ साल की एक छोटी बहन है।
किताबें, पजल ही वान्या के खिलौने
वान्या की मम्मी और पापा का कहना है कि वान्या कभी डॉल्स या सॉफ्ट टॉय से नहीं खेलती है। शुरू से इसको किताबों, पजल का शौक है। शुरुआत में हमने इसके इंट्रेस्ट को जज किया। इसके बाद हम इसके लिए नए-नए पजल, मैप्स, स्टोरी बुक, नॉलेज बुक सर्च करके लाते हैं। उसी में वान्या सारा टाइम खुश रहती है। ग्लोब देखना, मैप देखना यही इसके खेल हैं। काफी सिंसियर भी है। वान्या तमाम सवालों के जवाब ऐसे बताती है कि जैसे कि वह उन्हीं सवालों पर नजर गड़ाए बैठी हो।
वान्या जो चाहेंगी, वही करियर बनाएंगी
वंडर गर्ल वान्या के पेरेंट्स कहते हैं कि हमने अभी कुछ नहीं सोचा कि वान्या फ्यूचर में क्या बने। जिसमें उसका इंटरेस्ट होगा, वो उसी तरफ बढ़ेगी। अभी हमने देखा कि उसे किताबों से प्यार है, तो हम बुक्स लाने लगे। वो पढ़ती है तो हम उसे टाइम देते हैं। बच्ची खुश रहे, हम यही चाहते हैं। रिकॉर्ड बनाना हमारा उद्देश्य नहीं है।
पेरेंट्स देते हैं पूरा टाइम
वान्या के पेरेंट्स उसे पूरा टाइम देते हैं। वान्या की मम्मी दीपिका ने बेटी की खातिर अपनी जॉब क्विट की है। वह कहती हैं कि बेटी जब बड़ी हो जाएगी, तब जॉब करूंगी। पापा योगेंद्र भी फ्रेंड्स, पार्टी के बजाय जॉब से फ्री होकर पूरा टाइम बेटी को देते हैं।
पहला रिकॉर्ड: इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स। इसे 4 जून 2021 को बनाया। उस वक्त वान्या 2 साल 11 महीने की थी। सबसे कम उम्र में विश्व के सभी देशों के नाम सुनाए। खास बात यह है कि वान्या ने 7 रिकॉर्ड केवल 2 साल 11 महीने की उम्र में बनाए।
दूसरा रिकॉर्ड: इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में विश्व के सभी देशों के झंडों को पहचानने वाली सबसे कम उम्र की लड़की होने का गौरव पाया।
तीसरा रिकॉर्ड: इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में सबसे कम उम्र में विश्व के सभी देशों के राजनीतिक मानचित्र को पहचान कर देशों के नाम बताने का रिकॉर्ड बनाया।
चौथा रिकॉर्ड: विश्व के सभी देशों के राजनीतिक मानचित्र को पहचान कर देशों के नाम मात्र 3 मिनट 38 सेकंड में बताकर सबसे तेज बताने का रिकॉर्ड एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में बनाया।
पांचवां रिकॉर्ड: एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में सबसे कम उम्र में विश्व के सभी देशों के राजनीतिक मानचित्र को पहचान कर देशों के नाम बताने का बनाया।
छठा रिकॉर्ड: इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में किसी भी टोडलर बच्चे का सबसे ज्यादा देशों के झंडे पहचानने का कीर्तिमान बनाया।
सातवां रिकॉर्ड: किसी भी टोडलर बच्चे द्वारा महाद्वीप वाइज विश्व के सभी देशों के नाम बताकर सबसे तेज 4 मिनट 56 सेकेंड में बताकर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में नाम दर्ज किया।
आठवां रिकॉर्ड: 2022 में किसी भी बच्चे द्वारा 5 मिनट में सबसे ज्यादा शब्द पढ़कर एक बार फिर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया। वान्या ने 5 मिनट में एक इंग्लिश स्टोरी बुक से 817 शब्द पढ़कर ये कीर्तिमान स्थापित किया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.