मेरठ पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने ज्ञानवापी विवाद के बहाने सपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, 'देश में कुछ लोग वोट की राजनीति करने वाले हैं, वही कार्य में बाधा डालते हैं। लोग सच जानना चाहते हैं। इसमें किसी को बाधा डालना ही नहीं चाहिए था। मस्जिद मामले में किसी बयानबाजी की भी आवश्यकता ही नहीं थी। वहीं, ताजमहल के 22 कमरे खुलने के सवाल पर कहा कि जो मामला न्यायालय में है। सरकार के समक्ष नहीं है। न्यायालय के निर्णय का हम सम्मान करते हैं।'
परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों को पाताल से भी खोज लाएंगे
केशव प्रसाद मौर्य ने परीक्षाओं, विकास योजनाओं में गड़बड़ी करने वालों को खुली चेतावनी दी। कहा कि गड़बड़ी करने वाले अगर पाताल में भी छिपेंगे तो उन्हें पाताल से खोज लाएंगे। केंद्र और यूपी में भाजपा की सरकार है, जिसका लक्ष्य भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश बनाना है।
यूपीएसआई में पकड़े गए दो फर्जियों पर सरकार क्या एक्शन लेगी? इस पर डिप्टी सीएम ने कहा कि यहां भ्रष्टाचारी बचेंगे नहीं। बता दें कि विभागीय समीक्षा और संगठन की समीक्षा बैठक करने केशव मौर्य मेरठ आए थे।
यूपी में बनाएंगे 6 हजार अमृत सरोवर
सरकार की अमृत सरोवर योजना की जानकारी देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि आजादी के 75वें वर्ष पर क्रांतिकारियों को समर्पित करते हुए यूपी में 6 हजार अमृत सरोवर बनाएंगे। तालाबों को पुर्ननिर्माण कर ये सरोवर विकसित किए जाएंगे।
सरोवरों पर 15 अगस्त 2022 में काम शुरू हो जाएगा और 15 अगस्त 2023 में इन अमृत सरोवरों पर राष्ट्र ध्वज फहराएंगे। अमृत सरोवरों को पर्यटन स्थलों की तर्ज पर विकसित करेंगे। गांव के लिए पर्यटन स्थल होंगे।
CM के बयान को गलत तरीके से पेश किया
केशव मौर्य ने कहा कि कार्यकर्ता हमारे लिए देवतुल्य हैं, उनके लिए इस प्रकार की कोई बात नहीं कही गई। सीएम के बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है। आपको बताते चलें तीन दिन पहले सीएम योगी ने ललितपुर दौरे के दौरान पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं को भ्रष्टाचार न करने की नसीहत दी थी कहा था इससे पार्टी की छवि खराब होती है।
केशव बोले- पिछले 5 सालों की प्रतियोगिता इन 5 सालों से है
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि दोबारा भाजपा की सरकार यूपी में बनी है हमें 5 सालों में पहले से भी अच्छा काम करना है। विकास पहला, अंतिम लक्ष्य है। हर गरीब, गली मोहल्ले तक विकास योजनाओं को पहुंचाना ही लक्ष्य है। लोककल्याण संकल्प पत्र में जो वादा किया है वो पूरा करेंगे। मनरेगा में श्रमिकों की शिकायतों पर कहा कि मनरेगा की शिकायतें दूर करेंगे, ग्राम्य विकास के सारे काम कराएंगे।
3 घंटे देरी से पहुंचे
डिप्टी सीएम केशव मौर्य का फिरोजाबाद से 1 बजे मेरठ आने का कार्यक्रम था। लेकिन वो 3 घंटे देरी से मेरठ पहुंचे। उनके इंतजार में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी तीन घंटे तक सर्किट हाउस में बैठे रहे। 4 बजे डिप्टी सीएम मेरठ आए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.