मेरठ में 4 महीने के बेटे का इलाज कराने के लिए एक पिता लुटेरा बन गया। उसने उसी घर में वारदात की, जहां उसने फर्नीचर का काम किया था। एक फरवरी को हुई लूट की इस वारदात का पुलिस ने 3 फरवरी यानी शुक्रवार को खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्त में आते ही वह पुलिस के सामने गिड़गिड़ाने लगा। हाथ जोड़कर बोला, "साहब पहली बार बेटे के लिए गुनाह किया है। माफ कर दीजिए।"
अब पढ़िए पूरी वारदात, उसका खुलासा और आरोपी का कबूलनामा...
मेरठ में रेलवे रोड के मधुबन कॉलोनी में कांट्रैक्टर संदीप राणा के घर 1 फरवरी को हुई लूट में पुलिस ने एक आरोपी जावेद को पकड़ा है। एक अभी फरार है। जावेद ने पुलिस को बताया कि बीमार बच्चे के इलाज के लिए उस पर कर्ज हो गया। कर्ज भरने के लिए उसे ये गलत काम करना पड़ा।
उसने बताया कि घर में फर्नीचर का काम उसी ने किया था। ऐसे में पहले से पता था कि रुपए कहां रखे होंगे। जावेद, लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र का रहने वाला है। जावेद से पुलिस ने लूट के रुपए, एक तमंचा और कारतूस बरामद कर लिए हैं।
4 महीने का बेटा 3 महीने से बीमार
जावेद ने पुलिस को बताया कि वो मेरठ में PVC वॉल पैनेल और फर्नीचर बनाने का काम करता है। 4 महीने पहले उसकी पत्नी ने एक बेटे को जन्म दिया। पिछले तीन महीने से बेटा बीमार चल रहा है। उसकी कंडीशन सीरियस है। बच्चे के इलाज के लिए दोस्तों और रिश्तेदारों से काफी पैसा लिया। लगभग 2 लाख रुपए वह कर्ज ले चुका है।
कर्ज उतारने के लिए लूट की प्लानिंग बनाई
जावेद ने बताया कि उसने जिन लोगों से पैसा उधार लिया है, वो आए दिन पैसा मांगते हैं। बहुत टेंशन में रहता हूं, कर्ज कैसे उतारूं यह सोचकर परेशान था। कर्ज उतारने के लिए सोचा। मन में अब चोरी, लूट ही घूम रहा था। ऐसे में लूट की प्लानिंग बनाई।
फिरोजाबाद से बुलाया मामा का बेटा
जावेद ने बताया कि लूट को अंजाम देने के लिए उसे एक साथी चाहिए था। उसने अपने मामा के बेटे सरवर को फोन करके बुलाया। सरवर फिरोजाबाद का रहने वाला है। सरवर से लूट की पूरी प्लानिंग को शेयर किया। लूट के माल के बंटवारे पर वह तैयार हो गया।
संदीप के घर फर्नीचर बनाया था
जावेद ने बताया कि कुछ दिन पहले उसने कांट्रैक्टर संदीप सिंह राणा के घर में फर्नीचर बनाया था। उसे घर की लोकेशन से लेकर सेफ, फर्नीचर, कैश का आइडिया था। फर्नीचर बनाने के दौरान उसने पूरे घर की रेकी कर ली थी। इस घर में घुसने से लेकर लूट कर भागने में उसे कोई परेशानी नहीं होगी। इसलिए उसने संदीप के घर लूट का प्लान बनाया।
मैं तमंचा और सरवर चाकू लेकर घर में घुसे
जावेद ने बताया कि मेरे पास एक तमंचा था। सरवर के पास चाकू था। हथियार दिखाकर हमने संदीप और उसके बेटे को बाथरूम में बंधक बनाया। घर में रखे 37 हजार रुपए लूटे। पैसे लूटने के बाद उन दोनों को बाथरूम में ही बंधा छोड़कर घर से निकल आए। लूट की रकम में दो हजार रुपए खर्च हो गए। 25 हजार रुपए मैंने और 10 हजार रुपए सरवर ने रखे। पैसे लेकर सरवर फिरोजाबाद चला गया।
CCTV से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
CCTV फुटेज से पुलिस बदमाशों तक पहुंची। पुलिस ने राणा फैमिली को बदमाशों की फोटो दिखाकर पूछा कि वो जानते हैं। दो दिन से पुलिस लगातार तफ्तीश कर रही थी। तभी पता चला कि दोनों में से एक आरोपी बढ़ई है, जो कॉलोनी में कुछ दिन पहले काम करने आया था। इसके बाद पुलिस ने गहराई से तफ्तीश की और जावेद तक पहुंची।
SSP रोहित सजवाण का कहना है कि लूट के आरोपी जावेद को अरेस्ट किया गया है। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। जावेद ने ही संदीप राणा के यहां फर्नीचर बनाया था। उसी दौरान लूट के लिए रेकी की थी। उसके साथी सरवर की तलाश की जा रही है।
इस खबर से जुड़े लिंक को भी पढ़ें-
दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बाप-बेटे को बाथरूम में बंद किया
मेरठ में दो बदमाशों ने ठेकेदार के परिवार को बंधक बनाकर घर में लूटपाट की। उसके बाद अखबार पढ़ते हुए बड़े ही आराम से भाग निकले। बदमाशों के जाने के लगभग एक घंटे बाद बाथरूम में बंद बाप-बेटे ने किसी तरह दरवाजा तोड़ा। बाहर आने के बाद पुलिस को सूचना दी। (पढ़ें पूरी खबर)
बदमाशों की कैद में कांट्रेक्टर बाप-बेटे के डेढ़ घंटे
मेरठ में 2 बदमाश कांट्रेक्टर और परिवार को बंधक बनाकर घर में लूटपाट करते हैं। उसके बाद अखबार पढ़ते हुए बड़े ही आराम से भाग निकलते हैं। बदमाशों के जाने के लगभग डेढ़ घंटे बाद बाथरूम में बंद बाप-बेटे किसी तरह दरवाजा तोड़कर बाहर आते हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
मेरठ में गन प्वाइंट पर रखकर घर में लूट
मेरठ के लक्खीपुरा में 3 बदमाशों ने दूध लेने गए व्यापारी के परिवार को गन प्वाइंट पर लेकर नकदी सहित लाखों रुपए के जेवरात लूट लिए। व्यापारी दूध लेकर वापस लौटा तो व्यापारी पर भी गन तान दी। इसके बाद धमकाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। (पढ़ें पूरी खबर)
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.