मेरठ में एसएस जैन सभा की ओर से एक जनवरी को जैन नगर स्थित गुरु निहाल स्मारक स्थल पर भव्य जैन भागवती दीक्षा कार्यक्रम आयोजित होगा। इस आयोजन में सोनीपत की अंजलि और नेपाल की मान्या जैन सांसारिक जीवन से सन्यास ले रही हैं। इस दीक्षा से पहले दोनों बेटियों की महाभिनिष्क्रमण यात्रा होगी।
सन्यास में करना होगा ये पालन
जैन संत तपस्वी रत्न गुरुदेव सुमति प्रकाश बताते हैं कि दीक्षा लेने के लिए साधु और साध्वियों को अपना घर, कारोबार, महंगे कपड़े, ऐशो-आराम की जिंदगी छोड़कर पूरी तरह से सन्यासी जीवन में डूब जाना होता है। वह बताते हैं कि इस प्रक्रिया में चाहे साधु हों और चाहे साध्वी उनके बाल एक बेहद ही अलग प्रक्रिया से अलग किए जाते हैं जिसे केशलोचन विधि कहा गया है यह बेहद ही कठिन प्रक्रिया है। गुरुदेव सुमति प्रकाश ने बताया कि दीक्षा लेने के साथ ही साधकों को पांच व्रतों के पालन के लिए भी समर्पित होना पड़ता है। साध्वी की दीक्षा के समय उनका संकल्प मान्या और अंजलि को भी कराया जाएगा।
धार्मिक अध्ययन की ले रही शिक्षा
मान्या ने बताया कि वह कक्षा दस में पढ़ रही हैं। मान्या कहती हैं कि पढ़ाई के अलावा जैन साध्वी बनने की ललक के साथ वह अब तक धार्मिक क्षेत्र में दशवैकालिक सूत्र उत्तराध्ययन कर चुकी है। हरियाणा के सोनीपत जिले के फाजिलपुर की निवासी 17 वर्षीय अंजलि भी एक जनवरी को साध्वी बनने की दीक्षा प्राप्त करेंगी। अंजलि की गुरुणी साध्वी मानवी व दादी गुरुणी प्रभाविका साध्वी मंजूल हैं।
भव्य कार्यक्रम का होगा आयोजन
श्रीएसएस जैन सभा कार्यकारिणी मंडल के प्नधान अमन जैन कहते हैं सौभाग्य की बात है कि हमारे जैन संत तपस्वी रत्न गुरुदेव सुमति प्रकाश मेरठ में ही विराजमान हैं, उन्हीं के सानिध्य में यहां भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सकल जैन समाज इस कार्य में साथ है। देशभर से श्रृद्धालु इस समारोह में शामिल होंगे।
दुल्हन की तरह होगा श्रृंगार
श्रीएसएस जैन सभा कार्यकारिणी मंडल के उपाध्यक्ष देनेश जैन ने बताया कि 30 दिसंबर को मान्या व अंजलि को मेंहदी लगेगी। 31 दिसंबर को शहर में एक शोभायात्रा निकलेगी। जिसमें मान्या अंजलि दुल्हन की तरह सजकर बग्गी पर सवार होंगी। अगले दिन एक जनवरी को दीक्षा समारोह होगा। यहां से दोनों की महाभिनिष्क्रमण यात्रा शुरू होगी। इस यात्रा के संपन्न होने के साथ ही उनका साध्वी जीवन शुरू हो जाएगा।
संतमुनि महाराज का रहेगा सानिध्य
श्रमण संघीय सलाहकार तपस्वी रत्न गुरुदेव सुमति प्रकाश,वाचनाचार्य उपाध्याय विशाल मुनि जी महाराज व राष्ट्र संत आशीष मुनि का भी पावन सानिध्य रहेगा। इनके अलावा देशभर से पहुंचने वाले 18 साधु व 32 साध्वियों का भी मान्या और अंजलि को आशीर्वाद मिलेगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.