बंद मकान में सड़े-गले मिले मां-बेटे के शव:बुलंदशहर में महिला और उसके बेटे की गला दबाकर हत्या; दुर्गंध आने पर हुआ खुलासा, प्रेमी पर वारदात करने का शक

बुलंदशहर/मेरठ2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी है। केस दर्ज कर लिया गया है।- प्रतीकात्मक फोटो - Dainik Bhaskar
आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी है। केस दर्ज कर लिया गया है।- प्रतीकात्मक फोटो

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में महिला और उसके बेटे की हत्या कर दी गई। दोनों के शव बंद मकान में पड़े मिले हैं। आसपास के लोगों को जब दुर्गंध आने लगी तो पुलिस को सूचना दी गई। इस प्रकरण में पुलिस ने पति की तहरीर पर महिला के प्रेमी पर केस दर्ज किया है। उसकी तलाश की जा रही है।

शिकारपुर थाना क्षेत्र के रनायच गांव निवासी जसवंत पेशे से किसान हैं। जसवंत की शादी 25 साल पहले अलीगढ़ निवासी रश्मि के साथ हुई थी। पिछले 8 साल से रश्मि (42) अपने बड़े बेटे विनोद (23) के साथ अलग रहने लगी। जहां रश्मि की नजदीकियां रेशमपाल से बढ़ गईं। कुछ समय पहले महिला ने अपने बेटे के साथ मिलकर खुर्जा नगर क्षेत्र के हरी एंक्लेव में मकान लिया। यहां पर महिला के प्रेमी रेशमपाल का भी आना जाना था। मंगलवार आधी रात आस-पड़ोस के लोगों ने खुर्जा पुलिस को सूचना दी कि एक मकान बंद है जिससे दुर्गंध आ रही है। जिसके बाद खुर्जा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे में जाकर देखा तो रश्मि और उसके बड़े बेटे विनोद का शव पड़ा हुआ मिला। दोनों शव कई दिन पुराने बताए गए हैं।

महिला के गले में मिली चुनरी

महिला और उसके बेटे की हत्या की सूचना पर रात में ही फॉरेंसिक टीम व पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि शव 3 से 4 दिन पुराने हो सकते हैं। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा। यह भी पोस्टमार्टम में ही पता चल सकेगा कि कितने दिन पहले हत्या की गई है। लेकिन मौका ए वारदात देखकर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि गला घोंटकर हत्या की गई है। महिला के गले में चुनरी का भी निशान था। चुनरी महिला के गले में ही लटकी हुई मिली है।

नजदीकी हैं हत्यारे, 2 या 3 से ज्यादा रही होगी संख्या

दोहरे हत्याकांड की सूचना पर SP सिटी बुलंदशहर एसएन तिवारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने देखा कि मकान पूरी तरीके से बंद है। कोई भी बाहरी व्यक्ति मकान में नहीं आ जा सकता। ऐसे में हत्या करने वाले नजदीकी ही रहे होंगे। जो पहले से महिला या उसके बेटे को जानते हैं। जिन्होंने मकान खुलवाया होगा। मकान में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। जिसमें एक व्यक्ति कैमरे में कैद होना भी बताया गया है। लेकिन पुलिस यह भी मान रही है की कि सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी निकालने के प्रयास किए गए। पुलिस का कहना है कि मां और बेटे की हत्या एक या दो व्यक्ति नहीं कर सकते, ऐसे में अंदेशा यह है कि हत्यारे दो या तीन जरूर रहे होंगे।

महिला के पति ने रेशमपाल पर दर्ज कराई FIR

महिला रश्मि के पति जसवंत की तरफ से खुर्जा नगर थाने में हत्या की FIर दर्ज कराई गई है। जिसमें महिला के प्रेमी रेशमपाल को आरोपी बनाया गया है। पुलिस को यह भी बताया गया कि महिला रश्मि पिछले करीब 8 साल से रेशमपाल के संपर्क में थी। रेशमपाल ने ही हत्या की है। रेशमपाल भी खुर्जा क्षेत्र का रहने वाला है। जिसकी पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। महिला के पति ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी रेशमपाल पहले भी कई बार परेशान कर रश्मि को जान से मारने की धमकी दे चुका था।

महिला के छोटे बेटे ने 1 साल पहले किया था सुसाइड

महिला के पति जसवंत पर गांव में 10 बीघा जमीन है। दंपत्ति के तीन बेटे थे, बड़े बेटे विनोद के साथ रश्मि अलग जाकर रहने लगी। जबकि दूसरा बेटा शिवकुमार अपने पिता के साथ गांव में खेती करता है। सबसे छोटे बेटे श्याम ने 1 साल पहले अपने गांव में आत्महत्या कर ली थी। रश्मि और उसके बेटे विनोद की हत्या के बाद अब परिवार में दो ही लोग बचे हैं।

आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी पुलिस

SP सिटी बुलंदशहर एसएन तिवारी का कहना है की महिला और उसके बेटे की हत्या के मामले में जांच शुरू कर दी गई है। महिला के पति की तहरीर पर महिला के प्रेमी रेशमपाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। अभी तक जांच में यही लग रहा है कि रेशमपाल ने हत्या को अंजाम दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

खबरें और भी हैं...