AIMIM चीफ असदुद्दीन औवेसी पर हुए हमले की परतें खुलनी चाहिए, लेकिन पुलिस परत पर परत चढ़ाए जा रही है। घटनास्थल के CCTV फुटेज कुछ और बयां करते हैं, ओवैसी अपने बयान और ट्वीट से कुछ और दास्तां बता रहे हैं। वहीं, 12 घंटे बाद पिलखुआ थाने में बनाई गई कहानी (दूसरी FIR) तो दोनों से अलग पिक्चर पेश कर रही है।
तीनों की कड़ियां जोड़ी जाएं तो एक भी कड़ी किसी से जुड़ती नहीं दिख रही है। सभी की बातें विरोधाभासी हो गई हैं। ओवैसी के ट्वीट में एक पिस्टल मौके पर गिरी दिखाई गई थी, जबकि पुलिस ने रिकॉर्ड में लिखा कि दोनों हमलावरों से पिस्टल बरामद की गई है। ऐसे में, जब मामला कोर्ट में आएगा तो संदेह का लाभ हमलावरों को मिलना तय है। फिलहाल, इस संदेह का फायदा राजनीतिक दल उठाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश की समझदार जनता सब समझ रही है।
क्या कहती हैं CCTV की तस्वीरें?
पहली गोली शुभम ने चलाई, बाद में सचिन ने दूसरी गाेली गाड़ी पर चलाई। घटना के दो फुटेज सामने आए हैं। दोनों के मुताबिक, हमलावर बूथ के आगे थे और ओवैसी की गाड़ी पीछे। सबसे पहले रेड हुडी में शुभम गोली चलाता दिखता है, जिसे बाद में सफेद रंग की गाड़ी टक्कर मारती दिखती है। यह गाड़ी ओवैसी की नहीं है। उसके बाद सफेद हुडी में सचिन गोलियां चलाता है, वह भी किसी दूसरी गाड़ी पर। यह ओवैसी की गाड़ी हो सकती है। उसके बाद दोनों भाग जाते हैं।
क्या कहते हैं औवेसी के बयान?
बैरियर से पहले गोलियां चलीं, धमाके हुए तो पूछा क्या हुआ, तो यामीन ने कहा- भाई हमला हुआ है। देखा रेड हुडी वाला गोली चला रहा था। यामीन ने आगे की गाड़ी को टक्कर मारी और हमारी गाड़ी आगे भगाई। सफेद हुडी वाले ने हमारे पीछे आ रही फॉर्च्यूनर पर गोलियां चलाईं। ओवैसी ने 9 बजे हमले का ट्वीट किया, 9.49 पर दूसरे ट्वीट में टोल बूथ के मौके पर गिरी हुई पिस्टल बताई, जिस पर कलावा नहीं था।
पुलिस की दूसरी FIR: दोनों ने साथ गोलियां चलाईं, दोनों के कब्जे से पिस्टल मिली
यामीन ने 3 फरवरी की रात 9.35 बजे हमले की FIR (0045) दर्ज कराई। जांच करने वाले अफसर अभिनंदर पुंडीर ने 12 घंटे बाद सुबह 9.32 बजे अपनी ओर से दूसरी FIR (0046) दर्ज की। इसके मुताबिक रात 11 बजे सचिन को पकड़ा गया, तब उसके कब्जे से कलावा बंधी पिस्टल जब्त की। बाद में, सुबह 4 बजे शुभम पकड़ा गया तो उसने गन्ने के खेत में छुपा रखी अपनी पिस्टल बरामद करवाई। दोनों ने साथ गोलियां चलाईं, सचिन को गोली चलाते हुए ओवैसी ने देख लिया था, इसलिए वे नीचे झुक गए तब सचिन ने नीचे फायर किए।
इस कहानी में झोल नजर आ रहा है, 6 झूठ तो एकदम साफ दिख रहे हैं
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.