कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान के जरिए बीजेपी यूपी में बूथ पर अपनी पकड़ मजबूत करेगी। 2022 की चुनावी तैयारियों के लिए भाजपा ने रणनीति बनाना शुरू कर दी है। पहला पड़ाव मजबूत बूथ मैनेजमेंट है। बूथ से ही मतदाता के मन में उतरने की ओर पार्टी ने कदम बढ़ाया है। प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह ने मेरठ के नेताओं कार्यकर्ताओं को टीकाकरण बूथ पर जाकर जनता से संवाद करने का लक्ष्य दिया है। वेस्ट यूपी के दो दिवसीय दौरे पर आए प्रदेश प्रभारी ने मेरठ में बागपत रोड हरमन सिटी पर पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय में 5 जिलों के जनप्रतिनिधियों, नेताओं के साथ बैठक की है। दो टूक शब्दों में हर कार्यकर्ता को टीकाकरण और बूथ पर जाने का निर्देश दिया है। प्रदेश प्रभारी ने पहले गाजियाबाद में बैठक ली। इसके बाद मेरठ में बैठक ली, मंगलवार को वो मुजफ्फरनगर जाएंगे।
हर बूथ कोरोना प्रदूषण और प्लास्टिक मुक्त
प्रदेश प्रभारी ने नेताओं से कहा कि हर बूथ पर जाएं और हालात देखकर उसे ठीक कराएं। बूथ स्तर के नेताओं की ड्यूटी टीकाकरण केंद्रों पर लगाएं। हर बूथ में सर्वाधिक फोकस वैक्सीनेशन पर करना है हर बूथ कोरोना मुक्त होना चाहिए, हर बूथ प्लास्टिक मुक्त होना चाहिए, हर बूथ पर्यावरण युक्त होना चाहिए। पर्यावरण अभियान में जन सहभागिता बढा़एं, प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाना है। गांवों में लोगों को बूथ पर लाएं और टीकाकरण कराएं।
सीएचसी-पीएचसी पर हर हाल में पहुंचें नेता
पार्टी के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से स्पष्ट कहा कि अपनी गोद ली हुई सीएचसी, पीएचसी के अलावा अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर जाएं, उनकी स्थिति के बारे में जानकारी लें। प्रदेश प्रभारी ने हर विधायक से उसकी पीएचसी, सीएचसी की रिपोर्ट मांगी। वैक्सीनेशन केंद्र पर भाजपा के नेता और जनप्रतिनिधि पहुंचकर लोगों को सहयोग और उन्हें जागरूक करें। हमारा संकल्प हर बूथ को कोरोना मुक्त करने का होना चाहिए। 18 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों को भारत सरकार द्वारा निशुल्क टीका लगवाया जा रहा है। इसका संदेश जनता के बीच में पहुंचाना है।
मेरठ से लिखें प्रदेश में जीत की पटकथा
वेस्ट यूपी में बीजेपी का 2022 के लिए मैराथन मंथन शुरू हो चुका है। भाजपा अपनी हर चुनावी कदम का आगाज़ वेस्ट यूपी के मेरठ से करना शुभ मानती है। राधामोहन सिंह ने नेताओं से कहा 2014, 2017 और 2019 के चुनावों में मेरठ से पार्टी ने शुरूआत की और सफल हुए। इस बार 2022 में प्रदेश में पार्टी की जीत की पटकथा मेरठ से ही लिखी जानी चाहिए।
किसान आंदोलन की लेंगे थाह
प्रदेश प्रभारी के पश्चिमी यूपी दौरे का अहम कारण किसान आंदोलन से उपजे आक्रोश को परखना है। 7 महीनों से चल रहे किसान आंदोलन में वेस्ट यूपी से बड़ी संख्या में किसान शामिल हैं। लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। पार्टी किसानों को समझने में कहां और कितनी चूकी है इसे जानने की कोशिश भी रहेगी। ताकि आने वाले 2022 के चुनाव में पार्टी अपनी जीत दोहरा सके।
20 दिन पहले ही आए थे प्रदेश अध्यक्ष
किसान आंदोलन के चलते सरकार और बीजेपी संगठन का पूरा ध्यान पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर लगा हुआ है। यही कारण है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी 20 दिन पहले ही मेरठ होकर गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष के बाद अब प्रदेश प्रभारी का आना 2022 की तैयारियों का इशारा है।
संगठन पदाधिकारियों से रणनीति पर चर्चा
प्रदेश प्रभारी मंगलवार को मुजफ्फरनगर में रहेंगे जहां जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। सांसद, विधायक, राज्यसभा सदस्यों, जिलाध्यक्षों व प्रमुख नेताओं के साथ यह बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक का मुख्य उद्देश्य 2022 की चुनावी रणनीति बनाना है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.