मेरठ में 12वीं की छात्रा अवनि ने सोमवार को 6वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। अवनि को IIT मॉक टेस्ट देने के लिए स्कूल जाना था। लेकिन, वह अपनी बिल्डिंग की छत पर चली गई। वहां एक घंटे तक उलझन में इधर-उधर घूमती रही। फिर कुछ समझ नहीं आया तो कूदकर जान दे दी। उसका बैग, पानी की बोतल और हेलमेट छत पर मिला है।
अवनि, मेडिकल थाना क्षेत्र के गोल्डन टॉवर के ए-ब्लॉक में रहती थी। वह एमपीजीएस स्कूल में पढ़ती थी। शोर सुनकर आस-पास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। पुलिस को जानकारी दी। पुलिस छात्रा को लेकर नजदीकी हॉस्पिटल गई। वहां उसकी मौत हो गई।
जिस गोल्डन टॉवर से अवनि ने कूदकर जान दी है। वह उसी की तीसरी मंजिल पर पिता रोहित अग्रवाल, मां आकांक्षा, भाई शिवा के साथ रहती थी। परिवार 10 सालों से यहां रह रहा था। अवनि के पिता रोहित प्रापर्टी डीलर, कांट्रेक्टर का काम करते हैं।
अवनि के जान देने की घटना के बाद परिवार टूट गया है। वह न किसी से मिल रहे हैं। न बात कर रहे हैं। पुलिस के पूछने पर इतना बताया कि अवनि इंजीनियरिंग एंट्रेंस की तैयारी कर रही थी। करियर को लेकर परेशान रहती थी। ब्रजघाट पर छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
प्री-बोर्ड में कम नंबर के बाद तनाव में थी
परिजनों ने पुलिस को बताया अवनि 12वीं में मैथ्स स्ट्रीम लेकर पढ़ाई कर रही थी। वह इंजीनियर बनना चाहती थी। IIT एंट्रेंस क्रैक करने की तैयारी कर रही थी। पिछले दिनों हुए प्रीबोर्ड में उसके मार्क्स कम आए थे। इसलिए वो तनाव में थी। सोमवार को IIT का मॉक टेस्ट था। इसकी वो अच्छे से तैयारी नहीं कर पाई थी। इसी मॉक टेस्ट को देने के लिए वो घर से निकली थी। लेकिन, घर से निकलकर छत पर चढ़ गई। 1 घंटा यूनिफॉर्म पहने ही घूमती रही। फिर छलांग लगा दी।
रिटायर्ड सीएमओ की अंतिम यात्रा की चल रही थी तैयारी
गोल्डन टावर सोसाइटी की आरडब्लूए में सेक्रेटरी डॉ. डीके जैन रिटायर्ड प्रिंसिपल हैं। डीके जैन ने बताया कि साल 2023 हमारी सोसाइटी के लिए बहुत खराब है। हमारी सोसाइटी में सेवानिवृत्त सीएमओ डॉ. निगम पत्नी के साथ रहते थे। उम्र दराज होने के कारण काफी बीमार थे। रविवार देर रात अस्पताल में उनका निधन हो गया। सोमवार को हम लोग उनकी अंतिम यात्रा की तैयारी में लगे थे। तभी पता चलता है कि एक बच्ची कूद गई।
खबर सुनकर हम सभी वहां दौड़े तो देखा बच्ची खून से लथपथ पड़ी थी, परिजन अस्पताल ले गए। उसे बचाया नहीं जा सका। एक दिन में सोसाइटी में 2 मौतें आज तक कभी ऐसा नहीं हुआ।
सोसाइटी वाले बोले- ऐसा क्यों किया? पता नहीं
वहीं, पड़ोसियों और सोसाइटी में रहने वाले दूसरे सभी लोगों ने बताया कि अवनि बहुत अच्छी थी। सोसाइटी के हर प्रोग्राम में काफी उत्साह से भाग लेती थी। कभी किसी से झगड़ा भी नहीं हुआ। उनका परिवार काफी सज्जन है। उसने ऐसा क्यों किया किसी को नहीं पता।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.