बबुरा कलां गांव में शुक्रवार देर रात चोरों ने कच्चे मकान के पिछले हिस्से में सेंधमारी कर दी। घर से लाखों रुपए के जेवरात सहित साठ हजार नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित के घर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पीड़ित ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल की। इसके बाद हल्का इंचार्ज एसआई विजय यादव, हेड कांस्टेबल अजय कुमार यादव ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की।
गांव निवासी लोकनाथ सिंह शुक्रवार रात खाना खाकर अपनी पत्नी ज्ञानवती सिंह और नातिन स्तुति के साथ घर के अगले हिस्से में बरामदे में सो रहे थे। देर रात चोरों ने कच्चे मकान की ईंट और मिट्टी की दीवार में सेंधमारी कर दी। घर के अंदर घुसकर कमरे के दरवाजे का ताला तोड़कर तीन बक्से घर से चार सौ मीटर दूर कठमोरवा नाले के पार सीवान में उठा ले गए।
गांव में दूसरे घर में सोने गया था बेटा
बक्से में रखे लाखों रुपए के आभूषण, नकदी और साड़ी कपड़े आदि उठा ले गए। चोरों ने पुराने कपड़े छोड़कर सारे नये कपड़े और सोने चांदी के गहने सहित बाक्स में रखे करीब साठ हजार रुपए चोरी कर लिए। घटना के समय गृहस्वामी के इकलौता बेटा मोहित सिंह गांव में ही अपने नये पक्के मकान में सोने चले गए थे। घर में सिर्फ पति पत्नी और नातिन ही थे।
सुबह घर पर बिखरा मिला सारा सामान
सुबह गृहस्वामी की पत्नी ज्ञानवती सिंह की नींद खुली तो घर के अंदर जाकर देखा कि कमरे का दरवाजा खुला हुआ है और सारे सामान बिखरे पड़े हुए हैं।कमरे में रखे तीनों बक्से गायब हैं। घर के पीछे की दीवार में सेंधमारी को देखकर ज्ञानवती सिंह अवाक रह गईं। घटना के संबंध में लोकनाथ सिंह और उनके पुत्र मोहित सिंह से पुलिस ने जानकारी ली। उपनिरीक्षक विजय यादव ने बताया कि घटना की बारीकी से जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही चोरी की घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.