मिर्जापुर में नवरात्रि पर नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सजाया गया दुर्गा पंडाल भक्तों के आस्था का केंद्र बना हुआ है। कोरोना काल के चलते दो वर्ष के ब्रेक के बाद भव्य सजावट किया गया है। माता के मनोहारी स्वरूप का दर्शन कर भक्त अपने साथ ही परिवार की रक्षा करने की कामना कर रहे है। विभिन्न पंडालों में महिषासुर मर्दिनी की पूजा अर्चना कर मन्नत मांग रहे हैं।
नगर के लालडिग्गी मोहल्ले में दुर्गा पूजा समिति की ओर से भव्य सजावट की गई है। विद्युत झालरों की जगमगाहट के बीच भक्तों की निगाह भव्य पंडाल की ओर उठ ही जाती हैं। सजाये गए भव्य पण्डाल में माता के मनोहारी स्वरूप का दर्शन दूर से ही मिल जाता हैं।
गणेशगंज में दो वर्ष बाद किया गया सजावट
मां के दरबार में जाकर हाजिरी लगाने के बाद ही वह आगे बढ़ते हैं। लालडिग्गी से चन्द फर्लांग की दूरी पर गणेशगंज तिराहा पर झौवा से पण्डाल सजाया गया है। गणेशगंज में दो वर्ष बाद किया गया सजावट भक्तों को मोहित कर रहा है। लिहाजा ममता बरसाने वाली माता का दर्शन करने का मौका भक्त नहीं छोड़ना चाहते।
नगर का घंटाघर तिरंगा रोशनी से जगमगा रहा
घंटाघर के मैदान में माँ की आकर्षक झाँकी सजाई गई है। नगर का घंटाघर तिरंगा रोशनी से जगमगा रहा है। सुंदर घाट में बंगाली समुदाय के द्वारा माँ दुर्गा की भव्य मूर्ति स्थापित कर पूजा अर्चना की जा रही हैं। तेलियागंज में युवा शक्ति मंडल के द्वारा भव्य पण्डाल सजाया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.