मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के चलते 12वीं के छात्र-छात्रा ने स्कूल में ही जहर खा लिया। इसके बाद दोनों एक-दूसरे का हाथ पकड़कर स्कूल से बाहर जाने लगे। गेट पर पहुंचते ही दोनों अचेत होकर गिर पड़े। लोगों ने पूछा कि क्या हुआ तो प्रेमी-जोड़े ने बताया कि उन दोनों ने जहर खा लिया है।
स्कूल के बच्चों ने बताया कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे, लेकिन घर में बताने से डरते थे। उन्हें डर था कि यदि घरवाले जान जाएंगे तो उनका मिलना-जुलना बंद हो जाएगा। दोनों को गंभीर अवस्था में CHC चुनार में भर्ती कराया गया। यहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
दोनों में काफी समय से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
बताया जा रहा है कि रामपुर ढबही निवासी एक 17 वर्षीय छात्र का रेहीया निवासी एक 17 वर्षीय छात्रा के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों भूड़कूड़ा में जनता जनार्दन इंटर कॉलेज में 12वीं में पढ़ते थे। सोमवार को भी दोनों कॉलेज आए हुए थे। यहीं दोनों ने आपस में बातचीत की और उसके बाद जहर खा लिया।
अंतर्जातीय थे दोनों लड़का और लड़की
12वीं में पढ़ने वाले दोनों छात्र-छात्राएं आसपास के गांव में ही रहते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों अंतर्जातीय थे। शायद इसीलिए उनको पता था कि हमारे माता-पिता हमारे प्यार को स्वीकार नहीं करेंगे। हमारी शादी भी नहीं होने देंगे, क्योंकि उनके यहां इस तरह अंतर्जातीय विवाह की इजाजत नहीं है। इसी कारण दोनों ने जहर खा लिया। उनको ऐसा भी लगता था कि हमारे इस प्रेम-प्रसंग का खुलासा होने पर माता पिता की बदनामी होगी
स्कूल पहुंच पुलिस ने भेजा था अस्पताल
इमिलीया चट्टी चौकी प्रभारी सुभाष कुमार यादव ने मौके पर पहुंचकर दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुनार में भर्ती कराया। अहरौरा थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि सीएचसी चुनार से दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन परिजन उन्हें चुनार स्थित प्राइवेट अस्पताल ले गए। दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है। अंतर्जातीय होने के चलते परिजनों ने एक-दूसरे से मिलने से मना किया था, जिसके बाद दोनों ने जहर खा लिया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.