चंदौसी में व्यापारी की हत्या कर 2 लाख रुपए लूटने वाले बदायूं के संतोष पर मुरादाबाद जेल में कातिलाना हमला हुआ है। 2 बंदियों ने चम्मच का चाकू बनाकर संतोष पर सोते समय हमला किया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
घटना मुरादाबाद जिला कारागार के बैरक नंबर 4 में बुधवार रात को हुई। बैरक में एक बंदी पर हमले का पता चलते ही अफसरों की नींद उड़ गई। रात में ही बैरक खुलवाकर बंदी को जिला अस्पताल भेजा गया। हमला करने वाले बंदियों को अलग बैरकों में शिफ्ट किया गया है। हमले के पीछे बैरक में सोने की जगह को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।
चंदौसी में व्यापारी की हत्या कर लूटी थी रकम
साथी बंदियों के हमले में घायल हुए संतोष को चंदौसी पुलिस ने जेल भेजा था। 3 जुलाई 2020 को उसने चंदौसी में व्यापारी रामोतार की हत्या करके 2 लाख रुपए लूट लिए थे। इस मामले में चंदौसी पुलिस ने बदायूं निवासी संतोष को उसके साथियों जितेंद्र, नीरज, भूप सिंह और महेंद्र के साथ गिरफ्तार करके जेल भेजा था। तभी से संतोष मुरादाबाद जेल में बंद है।
संभल के बंदी ने साथी संग किया हमला
हमला करने वालों में संभल के बंदी सलीम उर्फ छोटे का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि सलीम ने मुरादाबाद में करुला निवासी शाहनवाज के साथ मिलकर संतोष पर हमला किया। बंदियों में सोने की जगह को लेकर आपस में विवाद हुआ था, जिसके बाद रात को संतोष पर सोते समय हमला हुआ। घटना की बाबत सिविल लाइंस थाने में FIR दर्ज कराई जा रही है।
बंदियों में मामूली विवाद हुआ : जेलर
जेलर मृत्युंजय कुमार पांडेय ने बताया कि जेल में बंदियों में मामूली विवाद हुआ था। एक बंदी को थोड़ी चोट आई थी। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था। अब उसे वापस जेल लाया जा रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.