11 साल की लड़की को कथित रूप से 25 हजार रुपए में बेचे जाने के मामले में मुरादाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने लड़की को बरामद कर नारी निकेतन भेज दिया है। लड़की को खरीदकर निकाह करने वाले अधेड़ और निकाह पढ़वाने वाले इमाम को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि करीब 10 दिन पहले मुरादाबाद के मूंढापांडे में एक गांव में रहने युवक ने अपनी चाची और उसके हिस्ट्रीशीटर दामाद पर संगीन आरोप लगाते हुए मूंढापांडे पुलिस से शिकायत की थी। युवक ने पुलिस को दी तहरीर में कहा था कि उसके चाचा मंदबुद्धि हैं। चाची बिहार की रहने वाली है।
'चाची ने बड़ी बेटी बेची अब छोटी भी बेच दी'
युवक ने आरोप लगाया था कि, उसकी चाची ने पहले बड़ी लड़की की शादी पैसे लेकर पड़ोस गांव में एक हिस्ट्रीशीटर के साथ कर दी थी। अब 11 साल की छोटी बेटी को भी अपने हिस्ट्रीशीटर दामाद के साथ मिलकर एक अधेड़ को बेच दिया है। जो उसके साथ बंधक बनाकर रेप कर रहा है। युवक ने कहा था कि उसकी बहन आंवला घाट गांव में फैसल के घर है। वह उसे लेने गया था लेकिन फैसल ने ये कहकर देने से इनकार कर दिया कि उसने लड़की को उसकी मां और बहनोई से 25 हजार में खरीदा है।
6 दिन पहले बरामद हो चुकी है लड़की
शिकायत मिलते ही तुरंत हरकत में आई पुलिस ने नाबालिग लड़की की मां और बहनोई समेत 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके लड़की की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने IPS की धारा 376 के साथ ही आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट में भी मामला दर्ज किया है। पुलिस ने 6 दिन पहले ही लड़की को आंवला गांव घाट में फैसल के घर से बरामद कर लिया था। लड़की इस वक्त नारी निकेतन में है।
इमाम और दूल्हा गिरफ्तार, मां और बहनोई फरार
मुरादाबाद पुलिस ने मामले की छानबीन की तो पता चला कि जिस आंवला घाट गांव के जिस फैसल पर लड़की को अगवा कर बंधक बनाकर रेप करने का आरोप है वह उससे निकाह कर चुका है। लड़की की उम्र महज 11 साल है, इसलिए ये निकाह नहीं हो सकता था। पुलिस ने आरोपी फैसल को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही ये निकाह कराने वाले आंवला गांव घाट के इमाम अमजद अली निवासी ग्राम गुलड़िया को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में अपनी बेटी को बेचने की आरोपी लड़की की मां और उसका हिस्ट्रीशीटर बहनोई समेत 4 आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
ये भी पढ़ें:- मां पर नाबालिग बेटी को बेचने का आरोप:पुलिस से बोला चचेरा भाई- चाची ने 25 हजार में बेच दी अपनी 11 साल की बेटी
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.