मुरादाबाद में एक सब्जी विक्रेता के बेटे जतिन राज ने यूपी बोर्ड की 12 वीं की परीक्षा में टॉप किया है। जतिन राज 500 में से 469 अंक लाकर पूरे प्रदेश में 5वें स्थान पर रहे हैं। बेटे की इस उपलब्धि से पिता और परिवार फूला नहीं समा रहा। जतिन के गांव में भी जश्न का माहौल है।
जतिन मुरादाबाद के कांठ में मोहल्ला घोसीपुरा में रहते हैं। उनके पिता भूराज सिंह सब्जी बेचकर परिवार का गुजारा करते हैं। परिवार जतिन के चार भाई-बहन और माता-पिता के अलावा एक दादी भी हैं। पांच भाई-बहन में जतिन सबसे बड़े हैं। पढ़ाई के दौरान वह पिता के काम में हाथ भी बंटाते थे। जतिन का कहना है कि वह कंप्यूटर इंजीनियर बनना चाहते हैं।
बेटे की उपलब्धि पर पिता काे गर्व
जतिन राज ने 12 वीं की पढ़ाई कांठ स्थित महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज से की। उनकी उपलब्धि पर पूरा स्कूल स्टाफ गर्व महसूस कर रहा है। वहीं पिता भूराज सिंह को बेटे की उपलब्धि पर गर्व है। उनका कहना है कि संसाधनों के अभाव में भी उनके बेटे ने अपनी प्रतिभा साबित की है।
पिता के साथ काम और फिर पढ़ाई
जतिन रोजाना 10 घंटे पढ़ाई करते थे। वह अपने पिता के काम में हाथ भी बंटाते थे। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को अपना आदर्श मानने वाले जतिन राज इंजीनियर बनना चाहते हैं। जतिन का कहना है कि ईमानदारी से मेहनत की जाए और इरादे दृढ़ हों तो कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है। संसाधनों की कमी आपके मार्ग को थोड़ा कठिन तो बना सकती है लेकिन लक्ष्य पाने से नहीं रोक सकती।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.