रामपुर में बुधवार को एक ग्राम विकास अधिकारी (VDO) के साथ दफ्तर में घुसकर मारपीट की घटना सामने आई है। महिला जिला पंचायत सदस्य के बेटे ने अपने साथियों के साथ मिलकर VDO को लात - घूसों और जूते से पीटा। इसके बाद VDO को जमीन पर गिराकर दो बार उनके मुंह पर थूका भी। पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य के बेटे समेत 4 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाना चाहते थे हमलावर
घटना रामपुर के बिलासपुर ब्लॉक कार्यालय की है। रपमपुर में टांडा थाना क्षेत्र के गांव पीपली नायक निवासी राजीव कुमार पुत्र परमील सिंह ग्राम विकास अधिकारी (VDO) हैं। इन दिनों उनकी पोस्टिंग बिलासपुर ब्लॉक के गांव महुनागर में है। VDO राजीव ने बताया कि घटना दोपहर करीब एक बजे की है। वह ब्लॉक में ADO (एडिशनल डेवलपमेंट ऑफिसर) पंचायत के दफ्तर में बैठकर रूटीन काम कर रहे थे। तभी महुनागर जिला पंचायत सदस्य तंजीन का बेटा अफसान पुत्र जहूर कार्यालय में घुस आया। उसके साथ महुनागर का निवासी उस्मान खां पुत्र बदर खां, आलमगीर पुत्र इकराम और सब्बू पुत्र मजीदा भी थे।
VDO ने बताया कि अफसान ने महुनागर के तस्लीम का मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने को कहा। उन्होंने जांच कर जारी करने की बात कही तो वह भड़क गया और मारपीट शुरू कर दी। VDO ने बताया कि तस्लीम की मृत्यु गांव में नहीं हुई इसलिए उसका मृत्यु प्रमाण पत्र यहां से जारी नहीं हो सकता।
पिटाई के बाद फूट-फूट कर रोए VDO अफसर
ग्राम विकास अधिकारी (VDO) राजीव कुमार ने दैनिक भास्कर को बताया कि अफसान और उसके साथियों ने उन्हें लात-घूसों से मारना शुरू कर दिया। इसके बाद अफसान ने दो बार उनके मुंह पर थूका भी। हमले के बाद से दहशत में आए इस अफसर ने बताया कि उनकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया और चीखने-चिल्लाने पर जान से मार देने की धमकी दी। घटना के बाद हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। दफ्तर में हुए इस हमले से सहमे राजीव कुमार ऑफिस में ही फूट-फूटकर रोने लगे।
अफसर के रोने का वीडियो वायरल
दबंगों की पिटाई के बाद अफसर के फूट-फूट कर रोने का एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल जारी कर दिया। ग्राम विकास अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि घटना के समय कार्यालय में ब्लॉक के ही राजीव और विनोद व महानगर के ग्राम प्रधान अशरफ अली भी मौजूद थे। इन तीनों ने किसी तरह उन्हें बचाया। हमलावरों के जाने के बाद VDO ने पुलिस को सूचना दी। बिलासपुर थाने में अफसान व उसके तीनों साथियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
इनके खिलाफ हुई FIR
बिलासपुर थाने में अफसान पुत्र जहूर, उस्मान खां पुत्र बरद खां, आलमगीर पुत्र इकराम खां और सब्बू पुत्र मजीदा के खिलाफ FIR दर्ज की है। सभी आरोपी महुनागर रामपुर के रहने वाले हैं। इनके खिलाफ IPC की धारा 323, 332, 353, 427, 504, 506 के तहत FIR दर्ज की है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.