मुरादाबाद में शहर के पॉश एरिया रामगंगा विहार में बुधवार रात एक युवा खिलौना व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारे ने दुकान में घुसकर व्यापारी कुशांक गुप्ता (30 साल) के सिर में सटाकर गोली मारी। आनन फानन व्यापारी को नजदीक के विवेकानंद अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
SSP बबलू कुमार ने दैनिक भास्कर को बताया कि प्राथमिक छानबीन में एक हमलवार CCTV में नजर आ रहा है। जिसने दुकान बंद करके बाहर निकल रहे कुशांक गुप्ता को गोली मारी और भाग निकला। स्टेडियम के पास पॉश एरिया में हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। SSP समेत तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाएड को भी मौके पर कॉल कर लिया गया। देर रात तक SSP खुद घटनास्थल पर छानबीन में जुटे थे।
SSP बोले- सारे पहलुओं से कर रहे जांच
SSP बबलू कुमार ने बताया कि पुलिस की 3 टीमें घटना के खुलासे को लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि प्राथमिक छानबीन में पता चला है कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में अरन्या सिग्नेचर निवासी कुशांक गुप्ता स्टेडियम के पास सिद्धबली स्पोर्ट्र्स के नाम से दुकान चलाते थे। करीब डेढ़ महीना पहले उनका अपने किराएदार दुकानदार से विवाद हुआ था।
बिजनौर जिले में नूरपुर कस्बे का रहने वाला एक युवक कुशांक की एक दुकान किराए पर लेकर उसमें रेस्टोरेंट चलाता था। कुशांक का दुकान खाली कराने को लेकर उससे विवाद हुआ था। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। इसके अलावा CCTV फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। SSP ने बताया कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर FIR दर्ज की जा रही है।
BJP नेता के खिलाफ भी लिखाई थी FIR
इसके पहले भी कुशांक का एक BJP नेता के साथ भी विवाद हुआ था। जिसमें उन्होंने BJP नेता के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने की FIR दर्ज कराई थी। इस मामले में BJP नेता के खिलाफ आरोप पत्र नहीं दाखिल होने पर कुशांक दुकान के बाहर धरना देकर बैठ गए थे।
सरेआम हुई घटना से थर्रा उठा पॉश एरिया
सिविल लाइंस के पॉश एरिया में इस तरह सरेआम हुई हत्या से लोगों में दहशत है। आसपास के दुकानदार भी सरेआम हुए इस मर्डर से कांप उठे। कुशांक को गोली लगने की सूचना मिलते ही उनके पिता अशोक गुप्ता, पत्नी ज्योति गुप्ता और मां नीति दौड़कर अस्पताल पहुंचे। लेकिन डॉक्टरों ने कुशांक को मृत घोषित कर दिया। परिजनों में चीख पुकार मच गई। कुशांक की शादी करीब डेढ़ साल पहले मुंबई निवासी ज्योति से हुई थी। आसपास के लोगों का कहना है कि कुशांक बेहद सरल स्वभाव के हंसमुख इंसान थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.