मुरादाबाद में प्रभागीय वन अधिकारी (DFO) के ड्राइवर ने शनिवार को खुद को गाेली मार ली। उसे नाजुक हालत में शहर के कॉसमॉस् अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना सिविल लाइंस में ड्राइवर के सरकारी आवास की है। ड्राइवर आनंद सिंह ने खुद को तमंचे से गोली मार ली। फायर की आवाज सुनते ही सरकारी कर्मचारी कालोनी में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले आनंद का अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था। दोनों में काफी देर से लड़ाई हो रही थी। इसी बीच अचानक आनंद सिंह ने तमंचा निकाला और खुद को गाेली मार ली।
आनंद की हालत नाजुक, फिलहाल FIR नहीं
आनंद सिंह को घटना के तुरंत बाद जिला अस्पताल ले जाया गया। लेकिन नाजुक हालत की वजह से उसे तुरंत कॉसमॉस अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। उधर, सूचना पर पुलिस भी छानबीन करने मौके पर पहुंची।
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस ने बताया कि फिलहाल इस मामले में किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। इस वजह से फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। हालांकि घटना में इस्तेमाल तमंचा गैर लाइसेंसी था, इसलिए पुलिस आर्म्स एक्ट की कार्रवाई कर रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.