मुरादाबाद में एक महिला ने इसलिए जहर खा लिया कि बच्चे स्कूल जाने से मना कर रहे थे। उसने बच्चों को डांटकर स्कूल भेजने की कोशिश की, तो पति बीच में बोल पड़ा। इससे नाराज होकर महिला ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। उल्टियां होने पर महिला को आनन-फानन परिजन नजदीक के अस्पताल में लेकर गए। बाद में उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना मझोला थाना क्षेत्र के डिडौरा गांव की है। यहां रहने वाले मुनसाद की पत्नी नाजिया (30) के 3 बच्चे हैं। जो गांव के ही स्कूल में पढ़ते हैं। नाजिया मंगलवार सुबह बच्चों को स्कूल भेजने के लिए तैयार कर रही थी। लेकिन बच्चे उसकी बात नहीं सुन रहे थे। तभी उसका पति मुनसाद भी बच्चों का पक्ष लेने लगा। महिला इस बात पर इतनी खफा हुई कि अपने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया। थोड़ी देर बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया।
अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को दी सूचना
परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी है। लेकिन जिला अस्पताल की ओर से इसकी सूचना सिविल लाइंस पुलिस को भेजी गई है। परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच की मामूली कहासुनी थी। जिसके बाद नाजिया ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.