चंदौली में बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अचानक से अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। मौके पर जुटे लोगों ने किसी तरह से कार समेत पानी में डूबे चारों लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
आशंका है कि चारों की डूबने से मौत हुई है। हादसा बबुरी थाना क्षेत्र के भुड़कुड़ा गांव के पास हुआ। सभी मृतक मिर्जापुर शेरवा गांव के रहने वाले हैं। एसपी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।
गाजियाबाद में आप सांसद संजय सिंह पर राष्ट्रदोह का केस
गाजियाबाद में राज्यसभा सांसद और आम आदमी पार्टी (आप) के यूपी प्रभारी संजय सिंह पर एफआईआर हुई है। उन पर तिरंगा यात्रा के दौरान तिरंगे का अपमान करने का आरोप है। लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने बुधवार को राष्ट्रद्रोह केस दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
गाजियाबाद के लोनी विधानसभा क्षेत्र में 12 दिसंबर को आम आदमी पार्टी ने तिरंगा यात्रा निकाली थी। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में संजय सिंह शामिल हुए थे। इस दौरान एक फोटो सामने आया था। इसमें तिरंगा झंडा जमीन पर पड़ा नजर आ रहा है। उसके पास ही कुछ लोग भी बैठे हुए हैं। हिन्दू युवा वाहिनी के जिला मंत्री शुभम कुमार ने इस संबंध में थाना लोनी बॉर्डर में एक शिकायत दी है। उन्होंने कहा कि यात्रा में तिरंगे का अपमान हुआ है, जिसे हिन्दू युवा वाहिनी बर्दाश्त नहीं करेगी। यहां पढ़ें पूरी खबर
प्रयागराज के मां भगवती मदर एंड चाइल्ड केयर सेंटर में लगी आग
प्रयागराज के मां भगवती मदर एंड चाइल्ड केयर सेंटर में बुधवार शाम को आग लग गई। धुंआ उठता देख अस्पताल के अंदर अफरा तफरी मच गई। अस्पताल प्रशासन ने फौरन पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस और दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। तत्काल राहत बचाव कार्य शुरू किया। फायर ब्रिगेड की टीम ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। आधे घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। इस हादसे में जान माल का नुकसान नहीं हुआ है। बताया जा रहा है फ्रिज में शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी।
मेरठ में डॉ. प्रवीण तोगड़िया बोले- हिंदुओं की आबादी बढ़ाने पर विचार करे सरकार
मेरठ में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा कि दारुल उलूम और तबलीगी जमात पर प्रतिबंध लगाया जाए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ठोस कदम नहीं उठाती, तो हिंदू खुद ही इन पर प्रतिबंध लगा देगा। यहां प्रांत उपाध्यक्ष प्रेमपाल चौहान के आवास पर महिला परिषद का समारोह था। जिसके वह मुख्य अतिथि थे।
हिंदुओं की घटती आबादी पर तोगड़िया ने कहा कि सरकार को इस पर सोचना चाहिए। आज हिंदुओं की संख्या लगातार घट रही है। मुसलमानों की संख्या बढ़ रही है। तबलीगी जमात से आतंकवादी बनाए जा रहे हैं। जो तालिबानियों की तरह अफगानिस्तान पर कब्जा कर रहे हैं। अगर तबलीगी जमात पर रोक नहीं लगाई गई, तो भारत का भी हाल अफगानिस्तान जैसा होगा। यहां पढ़ें पूरी खबर...
यूपी TET पेपर लीक मामले में डॉ. संतोष चौरसिया गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के व्यापमं महाघोटाले का लिंक यूपी TET पेपर लीक से जुड़ गया है। इस प्रकरण में STF ने बुधवार को डॉ. संतोष चौरसिया को लखनऊ के आलमबाग इलाके से गिरफ्तार किया है। वह मध्यप्रदेश के व्यापमं घोटाले का भी आरोपी है। उसे प्रयागराज की STF टीम ने गिरफ्तार किया है। इसके पहले इस मामले में मुख्य आरोपी निर्दोष चौधरी ने शामली कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। निर्दोष चौधरी ने कांधला निवासी विकास को पांच लाख रुपए में पेपर बेचा था।
निर्दोष चौधरी ने STF को कई नाम बताए थे। इसके अलावा STF मेरठ ने 28 नवंबर को यूपी TET परीक्षा लीक करने वाले सॉल्वर गैंग के 3 शातिर सदस्यों रवि पंवार निवासी ग्राम नाला, मनीष उर्फ मोनू निवासी ग्राम झाल और धर्मेंद्र निवासी ग्राम बुटराडी को शामली से गिरफ्तार किया था।
लखनऊ में सांड ने किसान को पटक-पटक कर मार डाला, ग्रामीणों में गुस्सा
लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र के बहेलिया गांव में बुधवार सुबह एक सांड ने किसान को पटक-पटक कर मार डाला। घटना तब हुई जब किसान खेत में उसे देखकर भगाने की कोशिश कर रहा था। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। गांव वालों का आरोप है कि पुलिस-प्रशासन से कई बार शिकायत करने के बाद भी आवारा जानवरों पर अंकुश लगाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। जबकि गांव में गौशाला बनी है, इसके बाद भी उन्हें वहां नहीं रखा जा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक किसान शिवगुलाम यादव (65) रोज की तरह बुधवार सुबह अपने खेत की तरफ नित्य क्रिया करने के बाद खेत की रखवाली करने के लिए गए थे। जहां गेहूं और सरसों की फसल को एक सांड चर रहा था। उसको खदेड़ने पर सांड ने उन पर हमला बोल दिया। सांड ने शिव गुलाम को सींग पर उठाकर पटक दिया और फिर कई बार सिर मार-मारकर मार डाला। उनकी चीख पुकार सुनकर आसपास के खेत में काम कर रहे लोग दौड़कर उन्हें बचाने पहुंचे। जहां उन्हें गंभीर हालत में देख पास के अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी अन्य किसानों ने परिजनों सहित पुलिस को दी।
देवरिया के रहने वाले ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का निधन
CDS के साथ हेलिकॉप्टर हादसे में शामिल रहे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का निधन हो गया है। तमिलनाडु के कुन्नूर में क्रैश हुए हेलीकॉप्टर में देवरिया के रहने वाले ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह भी सवार थे। इस हादसे में एकमात्र वही जीवित बचे थे, जिनका इलाज जारी था। बुधवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। इंडियन एयरपोर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शोक जताया।
परिवार के साथ वेलिंग्टन में रहते थे
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के कन्हौली गांव के रहने वाले वरुण सिंह (40) वायुसेना में ग्रुप कैप्टन हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती तमिलनाडु के वेलिंग्टन में थी। वहीं पर, उनके साथ में उनकी पत्नी और एक बेटा व बेटी भी रहते थे। उनके पिता कर्नल केपी सिंह सेना से रिटायर्ड हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश के भोपाल में अपना मकान बनवा रखा है। वह पत्नी उमा सिंह के साथ वहीं पर रहते हैं, जबकि वरुण सिंह के भाई तनुज सिंह नेवी में हैं।
6 IPS का हुआ तबादला, गोपाल कृष्ण चौधरी और सुभाष चंद्र शाक्य लखनऊ के बने पुलिस उपायुक्त
यूपी में मंगलवार देर रात छह आईपीएस अधिकारियों का तबादला हुआ है। जिसमें लखनऊ की पुलिस उपायुक्त ख्याति गर्ग को सेना नायक नवीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद बनाया गया। वहीं लखनऊ के अपर पुलिस उपायुक्त गोपाल कृष्ण चौधरी को लखनऊ में ही पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनाती दी गई है।
इसी तरह वाराणसी के अपर पुलिस उपायुक्त आदित्य लांगेह को वाराणसी में ही पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।दूसरी तरफ मीरजापुर 39वीं वाहनी पीएसी के सेनानायक सुभाष चंद्र शाक्य को लखनऊ पुलिस उपायुक्त के पद पर भेजा गया है। जबकि लखनऊ में पुलिस उपायुक्त पद पर तैनात देवेश कुमार पांडेय को उनके स्थान पर भेजा गया है। वहीं, गौतमबुद्ध नगर 49वीं वाहनी पीएसी की सेनानायक भारती सिंह को गौतमबुद्ध नगर में अपर पुलिस आयुक्त के पद पर तैनाती दी गई है। इस लिस्ट के आने के बाद एडीजी की तबादला लिस्ट की एक बार फिर से चर्चा शुरू हो गई है।
लखनऊ में आज इन रास्तों पर बदला रहेगा यातायात
लखनऊ में विधानसभा सत्र के चलते हजरतगंज की तरफ आने वाले रास्तों और ग्राम पंचायत सम्मेलन के चलते पूर्व डिफेन्स एक्सपो कार्यक्रम स्थल (शहीद पथ) की तरफ रहेगा बुधवार को यातायात बदला रहेगा। यह डाइवर्जन सुबह सात बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक लागू रहेगा। यह जानकारी देते हुए डीसीपी यातायात रईश अख्तर ने बताया कि इस दौरान लोग असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करें।
हजरतगंज की तरफ जाने वाले वाहन इधर से जा नहीं सकेंगे
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.