यूपी में गुलाबी सर्दी की शुरुआत हो चुकी है। साथ ही, यूपी के सियासी माहौल में उठापटक का दौर भी शुरू हो चुका है। साइकिल की सवारी छोड़कर 4 एमएलसी ने भाजपा को ज्वाइन किया। वहीं, प्रियंका गांधी ने चित्रकूट पहुंचकर महिलाओं के साथ चर्चा की। काशी के आकाश में रंग बिरंगे बैलून से भव्य नजारा देखने लायक रहा।
आइए यूपी की आज की 10 बड़ी खबरों को तस्वीरों के जरिए रुबरू कराते हैं...
1.काशी के आकाश में रंगबिरंगे बैलून
19 नवंबर को वाराणसी में देव दीपावली मनाई जाएगी। इससे पहले यहां पर्यटन को रफ्तार देने के लिए बुधवार से तीन दिवसीय हॉट एयर बैलून शो शुरू किया गया। सुबह लोगों ने बैलून में बैठकर जमीन से 1000 फीट की ऊंचाई तक उड़ान भरी। इस दौरान हॉट एयर बैलून को देखने और उनमें उड़ान भरने के लिए गंगा पार रामनगर क्षेत्र में डोमरी में रेत पर लोगों का हुजूम उमड़ा हुआ था। पर्यटन विभाग ने हॉट एयर बैलून में घूमने के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपए शुल्क तय किया है। यहां पढ़ें पूरी खबर...
2.चित्रकूट में प्रियंका ने महिलाओं से किया संवाद
कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने बुधवार को चित्रकूट में महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान प्रियंका ने कहा कि राजनीति में आजकल बहुत क्रूरता और हिंसा है। लखीमपुर में मंत्री के बेटे ने किसानों को कुचल दिया। सरकार ने अत्याचारी की मदद की। आशा बहनों को प्रशासन ने अपनी मांगों को उठाने पर बुरी तरह पीटा। जब आपका शोषण किया जा रहा है और आप पर अत्याचार किया जा रहा है, आपको पीटने वालों से अपना हक मांगेंगे। यहां पढ़ें पूरी खबर...
3.गाजीपुर में अखिलेश यादव ने भाजपा पर किया पलटवार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गाजीपुर के पखनपुरा गांव में जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद अखिलेश यादव विजय रथ पर सवार होकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से लखनऊ के लिए रवाना हो गए। यात्रा के दौरान अखिलेश यादव आजमगढ़, मऊ सहित कई जिलों में जनसंपर्क और सभाएं भी करेंगे। यहां पढ़ें पूरी खबर...
4.सपा के 4 MLC हुए भाजपाई
यूपी में 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले आज भाजपा ने सपा को बड़ा झटका दिया है। सपा के चार एमएलसी भाजपा में शामिल हो गए। उनमें सबसे बड़ा नाम सपा सरकार में मंत्री रहे नरेंद्र भाटी का है। साल 2013 में वे PCS दुर्गा शक्ति नागपाल से से विवाद के बाद चर्चा में आए थे। तब भाजपा ने कानून व्यवस्था को लेकर नरेंद्र भाटी को आड़े हाथों लिया था और सपा के खिलाफ पूरे प्रदेश में मुद्दा बनाया था। यहां पढ़ें पूरी खबर...
5. लखनऊ में बस की चपेट में आकर दिव्यांग छात्रा की मौत, हंगामा
लखनऊ के शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में बुधवार को दिव्यांग छात्रा की दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। बीए फर्स्ट ईयर की दिव्यांग छात्रा की बस दुर्घटना में विश्वविद्यालय परिसर में ही गंभीर रुप से घायल होने के बाद अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। विश्वविद्यालय परिसर में ही बस की चपेट में आने से दिव्यांग छात्रा की मौत की खबर फैलते ही कैंपस परिसर के छात्र आक्रोशित हो उठे। अफरा-तफरी के माहौल के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। यहां पढ़ें पूरी खबर...
6. झांसी में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा-यह शौर्य की धरती है
रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर योगी सरकार झांसी में राष्ट्र रक्षा समर्पण पर्व (झांसी जलसा) मना रही है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के बहाने बुंदेलखंड को साधा। उन्होंने कहा ये शौर्य की धरती है। इसको नमन करता हूं। उन्होंने देश की सामरिक शक्ति में आत्मनिर्भरता पर कहा कि जिस देश में सुई नहीं बनती थी। वह देश अगले एक दशक में वह खुद हथियार बनाने लगेगा। HAL कंपनी को 50 हजार करोड़ का ठेका दिया है। यह इतिहास का सबसे बड़ा आर्डर है। इस साल तय किया है कि 209 हथियार भारत में ही बनेंगे। यहां पढ़ें पूरी खबर...
7.दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के पास पटरी से उतरे मालगाड़ी के 8 कंटेनर
चंदौली में पंडित दीन दयाल जंक्शन के पास बुधवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। यहां मालगाड़ी के 8 कंटेनर पटरी से उतर गए। यह हादसा डीडीयू जंक्शन प्रयागराज डाउन ट्रैक पर हुआ है। मालगाड़ी प्रयागराज से डीडीयू जंक्शन की तरफ जा रही थी। प्रयागराज रूट की ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ है। मालगाड़ी प्रयागराज से संगमरमर (टाइल्स) लोड करके कोलकाता के काशीपुर जा रही थी, लेकिन छित्तमपुर यार्ड के समीप अचानक आठ वैगन (डिब्बा) बेपटरी हो गए। अचानक हुए दुर्घटना के चलते रेलवे के किनारे लगे बिजली के पोल और रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गए। यहां पढ़ें पूरी खबर...
8.लखनऊ को मिली सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस की सुविधा
सुल्तानपुर में वाराणसी-लखनऊ के बीच चलने वाली सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस ट्रेन शुरू हो गई है। जिसको पूर्व केंद्रीय मंत्री व सुल्तानपुर की सांसद मेनका गांधी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। इससे सुल्तानपुर से लखनऊ आने वाले लोगों को फायदा मिलेगा। वाराणसी को लखनऊ से जोड़ने वाली यह ट्रेन अपने 6 बजकर 58 मिनट पर जौनपुर सिटी स्टेशन पहुंची। जो कि इसका निर्धारित समय भी है। जहां लोगों ने इसका स्वागत किया। यह ट्रेन प्रतिदिन सुबह 6 बजे कैंट स्टेशन (वाराणसी जंक्शन) से चलकर महज 4 घंटे में 10 बजे लखनऊ पहुंचेगी। यहां पढ़ें पूरी खबर...
9.बाराबंकी में पहुंचे डिप्टी सीएम, वीरांगना ऊहादेवी पासी को किया नमन
चुनावी साल में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बाराबंकी पहुंचे। यहां उनका भव्य स्वागत हुआ। पार्टी कार्यकर्ता के अलावा सामान्य लोग भी उनसे मिलने पहुंचे। उन्हें अपनी समस्याओं के बारे में बताया। डिप्टी सीएम ने भी लोगों की बातों को सुना। उन्हें जल्द सुलझाने का आश्वासन भी दिया। वीरांगना ऊहादेवी पासी के शहीद दिवस के कार्यक्रम में वह शामिल हुए।
10.कानपुर में प्रकाशोत्सव पर्व पर ढाई लाख संगत छकेगी लंगर
बुधवार तड़के श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाशोत्सव पर्व शुरू हो गया। प्रकाशोत्सव के पहले दिन नगर के सभी प्रमुख गुरुद्वारों से प्रभात फेरियां निकाली गई। सभी प्रभात फेरियां गुरुद्वारा रंजीत नगर में एकत्रित हुईं। यहां से गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया व पंज प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन के रूप में मरियमपुर स्कूल, हरबंश सिंह भल्ला चौक, कबाड़ी बाजार, संत नगर, गुरु गोविद सिंह चौक, 80 फीट रोड, अशोक नगर, अमर जवान ज्योति चौक होते मोतीझील पंडाल में पहुंचीं। यहां पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.