प्रयागराज में बुधवार देर शाम तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार तीनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सराय ममरेज के मसाढ़ी गांव निवासी पांचू पुत्र रामजश बिंद, नीरज पुत्र लल्लू पासी और सुनील पुत्र प्रिंसिपल पासी के रूप में हुई है। मृतकों में शामिल एक युवक की एक महीने पहले शादी हुई थी।
तीनों दोस्त बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। जैसे ही गांव से सड़क पर पहुंचे कटहरा की तरफ से आ रही अनियंत्रित पिकअप तीनों को रौंदते हुए निकल गई।
वाराणसी में गैंगरेप पीड़िता बोली- मै सुसाइड कर लूंगी, बाहुबली विजय मिश्रा सहित 3 पर दर्ज कराई थी केस
भदोही के पूर्व विधायक बाहुबली विजय मिश्रा, उनके बेटे विष्णु, पोते विकास पर गैंगरेप का मुकदमा कराया गया था। मुकदमा कराने वाली पीड़िता ने बुधवार को कहा," मुझे इतना प्रताड़ित किया जा रहा है कि वह सुसाइड कर लूंगी।"
अपर पुलिस आयुक्त (क्राइम/हेडक्वार्टर) संतोष कुमार सिंह से पीड़िता ने कहा," इस कदर मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है कि वह अवसादग्रस्त हो गई है। पुलिस उसका सहयोग नहीं कर रही है"
अपर पुलिस आयुक्त ने डीसीपी वरुणा जोन का कार्रवाई का निर्देश दिया है। बता दें कि विजय मिश्रा आगरा जेल में और विष्णु वाराणसी जेल में बंद है। पढ़े पूरी खबर
आगरा में भगवा दुपट्टा पहनने पर 3 युवकों ने महिला को पीटा, तिरंगा यात्रा से लौट रही थी
आगरा में बुधवार को तिरंगा यात्रा से लौट रही महिला के गले में केसरिया दुपट्टा पहनने पर तीन युवकों ने मारपीट की।
इस दौरान महिला का गला दबाकर युवकों ने गहने लूट लिए। महिला ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदूवादी संगठन की तरफ से आजादी के अमृत महोत्सव पर धाकरान से अर्जुननगर तक तिरंगा यात्रा निकाली गई थी। महिला ने बताया कि वह तिरंगा यात्रा से वापस लौट रही थी।
इस दौरान सिकंदरा चौराहे पर ऑटो यूपी 80 0824 में तीन युवक बैठे थे। उन्होंने गले में भगवा दुपट्टा देखकर अभद्रता शुरू कर दी। विरोध पर गाली-गलौज की।
इसी दौरान उनके कुछ समुदाय विशेष के साथी आ गए और उससे मारपीट शुरू कर दी। एक युवक ने महिला का गला दबाया। इसके चलते उसका दम घुटने से वह बेहोश होने लगी। स्थानीय लोगों ने उसे बचाया और जब वह होश में आई तो कान के कुंडल और मंगल सूत्र गायब था।
पीड़िता ने अपने संगठन के साथियों को सूचना दी। युवक को थाना सिकंदरा लेकर गई। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है।
यूपी भाजपा में बड़ा बदलाव, धर्मपाल को यूपी का महामंत्री बनाया गया; सुनील बंसल दिल्ली गए
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल को राष्ट्रीय महामंत्री बना दिया गया है। वहीं, झारखंड के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल को यूपी भाजपा का महामंत्री संगठन बनाया गया है।
कहा जा रहा है कि सुनील बंसल ने खुद अपनी वर्तमान भूमिका से मुक्त होने की इच्छा व्यक्त की थी। बंसल को राष्ट्रीय नेतृत्व का करीबी माना जाता है। सुनील बंसल 2017 में महासचिव बने थे। उन्होंने लगातार दो विधानसभा चुनावों में भाजपा की सफलता में अहम भूमिका निभाई। उम्मीदवार के चयन से लेकर मंत्री पद तक में उनकी राय पार्टी के लिए मायने रखती थी।
स्वतंत्र देव सिंह ने नेता विधान परिषद के पद से दिया इस्तीफा, 20 मई को बनाए गए थे
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के नेता सदन पद से स्वतंत्र देव सिंह ने इस्तीफा दे दिया है। 20 मई को उन्हें नेता सदन बनाया गया था। विधान परिषद में उन्होंने पूर्व डिप्टी CM दिनेश शर्मा की जगह ली थी। इससे पहले 27 जुलाई को कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। फिलहाल, स्वतंत्र देव सिंह फिलहाल योगी सरकार में जल शक्ति मंत्री हैं।
मंत्री संजय निषाद गोरखपुर के CJM कोर्ट में हुए हाजिर, अब 17 अगस्त को होगी सुनवाई
UP सरकार के मत्स्य पालन मंत्री डॉ. संजय निषाद को कुछ दिनों की राहत मिली है। आज वह जिला और सत्र न्यायालय गोरखपुर के CJM कोर्ट में हाजिर हुए। मंत्री ने कुछ दिनों का समय मांगा। इस पर उन्हें 17 अगस्त को हाजिर होने की अगली डेट दे दी गई है। वहीं, MP-MLA कोर्ट नंबर दो गोरखपुर ने भी समन जारी किया है। RPF बस्ती के दिलीप कुमार समन के साथ मंगलवार को गोरखपुर आए और इसे तामील कराया।
वह पादरी बाजार स्थित कैबिनेट मंत्री के आवास भी गए थे, लेकिन मंत्री नहीं मिले। लिहाजा, समन को उनके घर के बाहर दीवार पर चस्पा कर दिया। पढ़ें पूरी खबर...
शराब पीने से मना करने पर पत्नी की चाकू गोदकर हत्या की
शराब के नशे में पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया, "नोएडा के सलारपुर के भट्टा कॉलोनी में अनीता भदौरिया (35) पति अजय भदौरिया (40) को शराब पीने से मना करती थी। मंगलवार रात को अजय फिर शराब पीकर घर आया। इसी बात को लेकर अनीता का पति से विवाद हो गया। इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हो गया। अजय ने अनीता पर चाकू से हमला कर दिया।" पढ़ें पूरी खबर..
प्रियंका गांधी 2 महीने में दूसरी बार कोविड पॉजिटिव
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी एक बार फिर कोविड पॉजिटिव हो गई है। बुधवार सुबह उन्होंने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी। प्रियंका ने लिखा, "मेरी रिपोर्ट COVID पॉजिटिव आई है। मेरा इलाज कोविड प्रोटोकॉल के साथ होम आइसोलेशन में चल रहा है।"
इससे पहले 3 जून को भी प्रियंका और उनकी मां सोनिया गांधी कोविड पॉजिटिव हुए थे। प्रियंका गांधी 2 महीने में दूसरी बार कोविड पॉजिटिव हुईं हैं।
बरेली में 100 मीटर ऊंची पानी की टंकी की शटरिंग गिरी, 22 मजदूर घायल
बरेली में निर्माणाधीन पानी की टंकी की शटरिंग गिरने से मंगलवार देर रात 22 मजदूर घायल हो गए। नगरिया परीक्षित मुहल्ले में 100 मीटर ऊंची पानी की टंकी पर शटरिंग का काम चल रहा था। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
हादसे के बाद रात करीब 2 बजे तक रेस्क्यू चला। अफसरों का दावा है कि अब कोई भी मजदूर दबा नहीं है। घटना के बाद ज्यादातर मजदूर सदमे में हैं और बोलने से घबरा रहे थे। हादसे को लेकर स्थानीय पार्षद महेश राजपूत ने बताया, "मोहल्ले में नगर निगम 1 लाख लीटर पानी की टंकी का निर्माण करा रहा है। इसकी ऊंचाई करीब 100 मीटर है। लागत करीब 5 करोड़ 20 लाख रुपए है। रात में लिंटर डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक तरफ की शटरिंग अचानक गिर पड़ी। पढ़ें पूरी खबर..
सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसा, युवक की मौत
सुल्तानपुर में मंगलवार देर रात पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर अखंडनगर के लोरपुर गांव में हुआ। अंबेडकरनगर के बेवाना के रसूलपुर दियारा मजरा डिहवा के रहने वाले अमरजीत मुंबई से घर लौट रहा था। वो जौनपुर के शाहगंज निवासी सतीश और धीरेंद्र के साथ बाइक से जा रहा था। अभी वह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर लोरपुर गांव के पास पहुंचा था कि बाइक डिवाइडर से टकरा गई है। हादसे में अमरजीत की मौत हो गई। सतीश और धीरेंद्र घायल हुए हैं। पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.