महोबा में क्रशर व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी की मौत के बाद राजनीति शुरू हो गयी है। विपक्ष के नेता पीड़ित परिवार से मिलने के लिए महोबा जाना चाहते हैं, लेकिन राज्य सरकार इन्हें रोकने में लगी हुई है। कानपुर के घाटमपुर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और आराधना मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से हुई पुलिस की तीखी झड़प
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा महोबा के लिए निकले थे। लेकिन, कानपुर की घाटमपुर तहसील में इनका काफिला रोक लिया गया। दोनों ही नेताओं को गाड़ी से उतार लिया गया। कुछ देर तक अधिकारी इन्हें समझाते रहे। लेकिन, दोनों ही नेता महोबा जाने के लिए अड़े रहे। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान दोनों नेताओं की पुलिस से तीखी झड़प भी हुई। अजय कुमार लल्लू ने कहा कि व्यक्ति के अधिकारों पर सरकार ने पहरा लगा दिया है यह अघोषित आपातकाल है। सरकार मनमानी कर रही है।
प्रियंका ने किया ट्वीट-जंगलराज का भयावह रूप है ये घटना
इस मुद्दे पर प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि जंगलराज का भयावह रूप है यह घटना। इससे पहले उन्होंने लिखा है कि इन्द्रकांत त्रिपाठी की हत्या यूपी सरकार की कार्यशैली पर सवाल है। भाजपा सरकार में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। अब इस सरकार के अफसर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वालो की सुपारी दिलवा रहे हैं।
क्या है पूरा मामला
7 सितंबर को कबरई के क्रशर और विस्फोटक व्यापारी इंद्रकांत ने तत्कालीन एसपी मणिलाल पाटीदार पर उसे प्रताड़ित करने और हर महीने 6 लाख रुपए रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया था। उन्होंने सीएम को पत्र भी लिखा था। साथ ही वीडियो वायरल करके तत्कालीन एसपी द्वारा मिल रही धमकियों का भी जिक्र किया था। यहीं नहीं, उन्होंने अपनी हत्या की आशंका भी जताई थी। 8 सितंबर को कार में व्यापारी इंद्रकांत घायल पड़े मिले थे। उन्हें गले में गोली लगी थी। तब उन्हें कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती चली गई। रविवार सुबह से ही उनकी तबीयत कुछ ज्यादा ही खराब हो गई। देर शाम उन्होंने हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया।
प्रतापगढ़ जाते समय सपा प्रतिनिधिमंडल को रोका गया
दलित महिला की जमीन पर अवैध कब्जा करने और दबंगई के मामले में प्रतापगढ़ के सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव को जब जेल में डाल दिया गया तो आज सपा का एक प्रतिनिधिमंडल प्रतापगढ़ रवाना हुआ। उसमें प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, एमएलसी सुनील साजन और उदयवीर सिंह शामिल रहे। लखनऊ में 1090 चौराहे पर पुलिस को गच्चा देकर ये बछरावां तक पहुंच भी गए थे, लेकिन वहां पुलिस द्वारा इन्हें रोक लिया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.