• Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Uttar Pradesh Big Breaking News Updates। 10 December 2021 Today Live News Updates Agra Lucknow Kanpur Varanasi Prayagraj Meerut

UP की आज की बड़ी खबरें:15 दिसंबर से चित्रकूट में हिंदू एकता महाकुंभ, जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने BJP अध्यक्ष जेपी नड्‌डा को किया आमंत्रित

उत्तर प्रदेशएक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शुक्रवार को जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से दिल्ली में भेंट की। - Dainik Bhaskar
शुक्रवार को जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से दिल्ली में भेंट की।

जगद्गुरू रामभद्राचार्य की अध्यक्षता में 15 दिसंबर को चित्रकूट में हिन्दू एकता महाकुंभ होने जा रहा है। अतिथियों को आमंत्रित करने के लिए जगद्गुरू अपने उत्तराधिकारी और महाकुम्भ के संयोजक आचार्य रामचन्द्र दास के साथ देश के विभिन्न स्थानों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भेंट की।

जगद्गुरू ने जेपी नड्डा को आमंत्रित करते हुए कहा कि चित्रकूट मिलाप की भूमि रही है। यहां श्रीराम और भरत का मिलाप हुआ। यह गृह धर्म और राजधर्म को एकात्म करने वाली धरती है। चित्रकूट की भूमि से हिन्दू मतभेदों का शमन किया जाना है। इसलिए देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के प्रतिनिधि की उपस्थिति आवश्यक है।

जेपी नड्डा ने आमंत्रण को स्वीकार करते हुए कहा कि इस महाकुंभ में शामिल होने का अवसर मिलना प्रत्येक हिन्दू का सौभाग्य बताया। सभी व्यक्तियों को अपने राजनीतिक तथा वैचारिक मतों को किनारे रखते हुए हिन्दू चेतना की एकता के इस समारोह में भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने संतों का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए एक सामान्य श्रद्धालु की तरह चित्रकूट आने का वचन दिया।

झांसी में तेज रफ्तार बस का टायर फटा, युवक की मौत, 6 घायल

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस।
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस।

झांसी से 8 किलोमीटर दूर औरछा तिगैला के पास शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे भीषण हादसा हुआ। तेज रफ्तार बस का टायर फट गया। जिसके बाद बस डिवाइडर पर चढ़कर गलत दिशा में जाकर बाइक और कार से भिड़ गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर घायल है। हादसे के बाद ड्राइवर बस छोड़कर भाग गया। एमपी की नाराई चौकी पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार झांसी-खुजराहो राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस निवाड़ी से झांसी की ओर आ रही थी, जबकि बाइक और कार झांसी से निवाड़ी की ओर जा रही थी। बस की स्पीड बहुत तेज थी। रास्ते में औरछा तिगैला के पास बस का टायर फट गया। इससे अनियंत्रित होकर बस डिवाइडर पर जाकर गलत दिशा में जाकर सामने से आ रही कार व बाइक से भिड़ गई।

अखिलेश बोले-BJP वालों को देश माफ नहीं करेगा

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर BJP पर निशाना साधा। फाइल फोटो
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर BJP पर निशाना साधा। फाइल फोटो

देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे किसान नेता राकेश टिकैत के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगे हैं। नारे लगाने वाले लोगों का कहना है कि राकेश टिकैत ने देश को पीछे धकेला है। हालांकि अब इस पर नया विवाद शुरू हो गया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने टिकैत का वीडियो पोस्ट करते हुए BJP पर निशाना साधा है।

अखिलेश यादव ने लिखा कि जनरल रावत की अंतिम यात्रा में किसान नेता राकेश टिकैट के खिलाफ नारे लगाने वाले भाजपाइयों ने साबित किया है कि वो जय जवान-जय किसान के उद्घोष में विश्वास नहीं करते हैं। ये सेना का अपमान भी है और किसान का भी। शोक के समय में भाजपाइयों का ऐसा अभद्र व्यवहार देश माफ नहीं करेगा।

अलीगढ़ में मतदाता जागरुकता रैली में छात्राओं पर गिरी मशाल, 4 झुलसीं

मशाल रैली में घायल हुई छात्राओं को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती।
मशाल रैली में घायल हुई छात्राओं को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती।

अलीगढ़ में प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई। मतदाताओं को जागरुक करने के लिए शुक्रवार को प्रशासन ने विशाल मशाल रैली का आयोजन किया। जिसके शुरू होने के कुछ घंटे बाद ही गंभीर हादसा हो गया। मशाल उठाने के दौरान 4 छात्राएं झुलस गईं। जिसके बाद प्रशासन ने उन्हें इलाज के लिए मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

जवां से शुरू हुई यात्रा, गभाना में हुआ हादसा
मतदाताओं को जागरुक करने वाली इस मशाल रैली की शुरूआत ब्लॉक जवां के गांव पोथी से सुबह 9 बजे की गई। इसके साथ ही 9 अलग-अलग केंद्रों से भी यह रैली शुरू की गई। यह सभी रैलियां एक साथ जिला मुख्यालय के महारानी अहिल्याबाई होल्कर जिला स्टेडियम में आकर समाप्त होनी थीं। गभाना के पास यह हादसा हो गया, जिसमें 4 छात्राएं झुलस गईं। पूरी खबर यहां पढ़े

प्रयागराज में नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार 2 युवकों की मौत, रिश्तेदारी में जा रहे थे

पूरा मामला थरवई थाना क्षेत्र के सिकन्दरा का है- प्रतीकात्मक फोटो
पूरा मामला थरवई थाना क्षेत्र के सिकन्दरा का है- प्रतीकात्मक फोटो

प्रयागराज में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। बाइक सवार दो युवक नील गाय के झुंड से टकरा गए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों रिश्ते में समधी बताए जा रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसआरएन अस्पताल के चीरघर में भेज दिया है। पूरा मामला थरवई थाना क्षेत्र के सिकन्दरा का है।

रिश्तेदार के जा रहे थे दोनों वृद्ध
थरवई थाना क्षेत्र के गारापुर सिकन्दरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को दोपहर मोपेड से सत्य नारायण यादव पुत्र स्व. भागीरथी यादव निवासी अभईपुर थाना बहरिया अपने समधी जगदेव यादव निवासी भरेहता थाना बहरिया के साथ टीवीएस मोपेड से सहसो स्थित रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। जैसे ही वजीरपुर गांव के सामने पहुंचे थे। तभी नील गाय के एक समूह इनको टक्कर मार दिया। जिससे दोनों लोगों का सिर फट गया। मौके पर मौत हो गई।

मंत्री के बेटे आशीष को जमानत के लिए मिली एक और तारीख, 6 जनवरी तक कोई सुनवाई नहीं

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे और लखीमपुर हिंसा मामले में मुख्य आरोपी आशीष मिश्र उर्फ मोनू की जमानत याचिका शुक्रवार को खारिज हो गई। लखनऊ बेंच में हुई सुनवाई में उसे राहत नहीं मिली। उसकी जमानत याचिका पर सुनवाई न्यायमूर्ति करुणेश सिंह पवार की एकल पीठ ने की।

जमानत याचिका पर 29 नवंबर को सुनवाई करते हुए कोर्ट ने राज्य सरकार को 10 दिनों में जवाब दाखिल करने का आदेश दिया था। उसकी जमानत इसके पूर्व सत्र अदालत से खारिज हो चुकी है। जिसके बाद उसने हाईकोर्ट की शरण ली है। बता दें कि 3 अक्टूबर को लखीमपुर में हिंसा भड़की थी। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी का आरोपी बेटा आशीष मिश्र ने 4 अक्टूबर को कोर्ट में सरेंडर किया था।

लखनऊ में खनन कारोबारी की गोली मारकर हत्या

गोली मारने में आरोपी दो लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया है।
गोली मारने में आरोपी दो लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया है।

लखनऊ में गुरुवार देर रात एक खनन कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन के विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया है। गोली मारने के बाद भाग रहे एक आरोपी को पब्लिक ने पकड़ लिया, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने दबिश देकर हिरासत में लिया है।

पुलिस के मुताबिक, बक्शी का तालाब क्षेत्र के कठवारा गांव निवासी सुभाष खनन का काम करता था। उसका पास के ही गोहाना गांव के खनन माफिया दुर्गेश और महेंद्र से काफी समय से विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों के बीच कई बार मारपीट हो चुकी है। इस बीच मिट्टी की खोदाई को लेकर फिर से विवाद गहराया था। जानकीपुरम इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि गुरुवार रात सुभाष भवानी बाजार में अपने दोस्त के घर आया था। आरोपी महेंद्र और दुर्गेश पहले से ही रेकी करके दोस्त के घर के बाहर घात लगाकर बैठे थे। देर रात करीब 2 बजे सुभाष वापस जाने के लिए जैसे ही दोस्त के घर से निकला, दोनों ने उसके सीने में ताबड़तोड़ गोलियां दाग दी। यहां पढ़ें पूरी खबर...

आजमगढ़ को 455 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे केशव

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य 242 सड़कों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य 242 सड़कों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को आजमगढ़ को 455 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे। पूर्वांचल डिग्री कॉलेज में वे चुनावी जनसभा को संबोधित भी करेंगे। पदाधिकारियों के साथ संवाद भी करेंगे।

डिप्टी सीएम लोक निर्माण विभाग की 455 करोड़ की 242 सड़कों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। विभाग द्वारा तैयार सूची में कुल 373.81 किमी लंबी सड़क के लोकार्पण और शिलान्यास शामिल हैं। इसमें 128 किमी में 60 सड़कों का लोकार्पण और 182 किमी में 182 सड़कों का शिलान्यास शामिल है। डिप्टी सीएम का हेलीकॉप्टर दोपहर 1:25 बजे रानी की सराय के हेलीपैड पर आएगा, जहां से डिग्री कॉलेज में जाकर जनसभा करेंगे। पार्टी के पदाधिकारियों से मिलने के बाद वापस लखनऊ लौट जाएंगे।

खबरें और भी हैं...