• Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Uttar Pradesh Big Breaking News Updates। 24 January 2023 Today Live News Updates Agra Lucknow Kanpur Varanasi Prayagraj Meerut

यूपी की बड़ी खबरें:वाराणसी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग; युवक के पेट में लगी गोली, हालत नाजुक

उत्तर प्रदेश2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

वाराणसी में रोहनिया थाना क्षेत्र के जगतपुर इंटर कालेज के सामने गोलीबारी हुई। व्हाइट वैगनार में रोहनिया से मोहनसराय जा रहे एक व्यक्ति को गोली मारी गई। घायल को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। मौके पर भारी फोर्स तैनात है।

बताया जा रहा है कि गोली भदोही के औराई थाना क्षेत्र स्थित खमरिया के रहने वाले वाजिद खान को गोली मारी गई है। मिली जानकारी के अनुसार, वाजिद 10-15 दिन पहले ही 376 और गैंगस्टर के मामले में जेल से छूटकर आया है। वहीं, इसका चचेरा भाई वाहिद अभी भी गैंगस्टर के मामले में फरार चल रहा है।

  • प्रदेश की अन्य बड़ी खबरें...

मौर्य के बाद एक और सपा नेता का विवादित बयान

सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के बाद अब एक और समाजवादी के नेता ने धार्मिक ग्रंथ रामचरितमानस को लेकर विवादित बयान दिया है। बयान देने वाले सपा नेता पूर्व विधायक ब्रजेश प्रजापति हैं। इन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान का समर्थन किया है।

पूर्व विधायक ब्रजेश प्रजापति का कहना है कि रामचरितमानस में कुछ आपत्तिजनक पंक्तियां हैं। जिन्हें सरकार को हटा देना चाहिए या रामचरित मानस को बैन कर देना चाहिए।उन्होंने कहा कि रामचरितमानस में जातिगत भेदभाव नजर आता है।

कुछ चौपाइयों से आदिवासी, दलित, पिछड़े समाज और महिलाओं को ठेस पहुंचती है। अपने इस बयान के साथ सपा के पूर्व विधायक ने अपने सोशल मीडिया पर रामचरितमानस की एक चौपाई को हाईलाइट करते हुए शेयर किया है। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा ‘इस पर हमारा भी विरोध है।’ यहां पढें पूरी खबर

गोरखपुर में युवक का पीट-पीटकर मर्डर, रास्ते में घेरकर बदमाशों ने मार डाला

गोरखपुर में मंगलवार रात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वह दूध बांट कर घर लौट रहा था। रास्ते में बदमाशों ने उसे घेर लिया। फिर रॉड-डंडे से उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाश उसे तब तक पीटते रहे, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।

घटना तिवारीपुर इलाके के निजामपुर की है। सूचना पाते ही SSP डॉ. गौरव ग्रोवर, SP सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई फोर्स के साथ पहुंचे। हालांकि, युवक की हत्या किसने की और क्यों हुई, यह पता नहीं चल सका है।

तिवारीपुर इलाके के निजामपुर बुढ़ियानी टोला के रहने वाले ईश्वर यादव दूध बांटने का काम करते हैं। उनके दो बेटे हैं। छोटा बेटा विकास यादव (18) 9वीं का छात्र था। अभी एक साल पहले उसने पढ़ाई छोड़कर पिता के साथ दूध बांटने का काम शुरू कर दिया।

मंगलवार की रात भी वह कस्टमर के घर से दूध देकर वापस घर लौट रहा था। इस बीच निजामपुर में ही बदमाशों ने उसे घेर लिया। उस पर हमला कर दिया।

स्वामी प्रसाद मौर्य की जुबान काटने वाले को 5 लाख का मिलेगा इनाम

यूपी के रायबरेली में भाजपा युवा मोर्चा ने स्वामी प्रसाद का पुतला फूंका।
यूपी के रायबरेली में भाजपा युवा मोर्चा ने स्वामी प्रसाद का पुतला फूंका।

रामचरितमानस पर विवादित टिप्पणी कर सपा नेता एवं विधान परिषद सदस्य स्वामी प्रसाद मौर्य मुश्किलों में फंस गए हैं। हिंदूवादी संगठन, सत्ता पक्ष के साथ ही उनकी पार्टी भी उनसे नाराज है। इसी बीच यूपी के रायबरेली में भाजपा के युवा मोर्चा के महामंत्री ने कहा है कि स्वामी प्रसाद की जबान काटकर लाने वाले को 5 लाख का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री करन सिंह 1 दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ शहर के डिग्री कॉलेज चौराहा पहुंचे। यहां सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य का पुतला फूंका। नारेबाजी की। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कहा स्वामी प्रसाद मौर्य की इतनी हैसियत नहीं है कि रामचरितमानस पर एक शब्द भी बोल सकें। पढ़ें यहां पूरी खबर

नोएडा में एमए की छात्रा ने लगाई फांसी, सुसाइडनोट में लिखा- मैं अब ज्यादा नहीं लड़ सकती हूं

नोएडा में एमए की एक छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी।
नोएडा में एमए की एक छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी।

मम्मी मैं तुम्हारी जैसी बहादुर नहीं हूं। मैं काफी कमजोर हूं। मैं अब ज्यादा नहीं लड़ सकती हूं। यह मेरे जीवन का अंत है। एमिटी कॉलेज की छात्रा ने सुसाइड नोट में ये बातें लिखकर खुद को फंदा लगा लिया।

छात्रा थाना सेक्टर 126 रायपुर गांव के एक पीजी में रहती थी। रात में जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो संचालक ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस जांच में पता चला है कि कुमारी यामिनी (23) पुत्री आरडी शर्मा एमिटी विश्वविद्यालय से एमए साइकोलाजी (द्वितीय) वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट बरामद किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जेवर के साबौता गांव की रहने वाली थी और वह रायपुर गांव स्थित एक पीजी में रहती थी।

सुलतानपुर सेशन कोर्ट से संजय सिंह को बड़ी राहत

AAP सांसद संजय सिंह।
AAP सांसद संजय सिंह।

AAP प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को सुलतानपुर सत्र न्यायालय से बड़ी राहत मिली है। 14 दिन पहले MP/MLA कोर्ट ने उन्हें 3 महीने कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई थी।

जिसे लेकर संजय सिंह ने सत्र न्यायालय में अपील की थी। जिसके बाद मंगलवार को कोर्ट ने कारावास की सजा को स्थागित कर दिया। लेकिन उन्हें जुर्माने की धनराशि जमा करनी होगी।

संजय सिंह के अधिवक्ता रुद्रप्रताप सिंह 'मदन' ने बताया कि करीब 22 वर्ष पूर्व 18 जून 2001 को सपा विधायक अनूप संडा के नेतृत्व में शहर के गभड़िया ओवर ब्रिज के पास बिजली को लेकर सपाइयों ने धरना दिया था।

जिसे लेकर तत्कालीन दरोगा एसपी सिंह ने कोतवाली नगर में एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप था कि धारा 144 का उल्लंघन कर लोगों को बंधक बनाया गया। जिसके बाद मुकदमा चला था। यहां पढें पूरी खबर

स्वामी प्रसाद मौर्य की मंदिर में एंट्री पर लगा बैन; लेटे हनुमान मंदिर के बाहर लगाए गए पोस्टर

लखनऊ में लेटे हनुमान मंदिर के बाहर स्वामी प्रसाद मौर्य के विरोध में पोस्टर बैनर लगाए गए हैं।
लखनऊ में लेटे हनुमान मंदिर के बाहर स्वामी प्रसाद मौर्य के विरोध में पोस्टर बैनर लगाए गए हैं।

रामचरितमानस पर स्वामी प्रसाद मौर्य की टिप्पणी बाद लगातार साधु-संतों की बयानबाजी सामने आ रही है। इस बीच लखनऊ के लेटे हनुमान मंदिर के बाहर भी स्वामी प्रसाद मौर्य के विरोध में पोस्टर बैनर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में मौर्य की मंदिर में एंट्री को वर्जित कर दिया गया है।

लखनऊ में प्राचीन लेटे हनुमान मंदिर के बाहर स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों पर स्वामी प्रसाद मौर्य की तस्वीर लगी है। उसे लाल रंग से क्रॉस किया गया है। इस बैनर पर लिखा है कि अधर्मी स्वामी प्रसाद मौर्य का इस मंदिर में प्रवेश वर्जित है।

ये पोस्टर मंदिर के मुख्य द्वार समेत कई जगहों पर लगाया गया है। मंदिर परिसर के अंदर भी ऐसे ही कुछ पोस्टर देखे गए हैं। प्राचीन लेटे हुए हनुमान जी का मंदिर गोमती नदी के किनारे पर स्थित है। इस मंदिर में बड़ी संख्या में लोग आते हैं।

अलीगढ़ में मंत्री रघुराज प्रताप सिंह बोले- स्वामी प्रसाद को हो फांसी

राज्यमंत्री ठा. रघुराज प्रताप सिंह ने कहा कि हिंदू राष्ट्र बनकर रहेगा भारत।
राज्यमंत्री ठा. रघुराज प्रताप सिंह ने कहा कि हिंदू राष्ट्र बनकर रहेगा भारत।

पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के विवादित बयान के बाद राजनीतिक गलियारा गरम होने लगा है। उनके बयान पर पलटवार करते हुए दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रघुराज प्रताप सिंह ने कहा, "ऐसे लोगों को तत्काल फांसी दी जानी चाहिए। क्योंकि ये लोग अपने मां-बाप को मानने से इनकार करते हैं। हिंदुओं को जातियों में बांटकर लड़ाते हैं।"

उन्होंने कहा, "इसलिए सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव को इनके खिलाफ तत्काल एक्शन लेना चाहिए। उन्हें पार्टी से बर्खास्त कर देना चाहिए। अगर वह ऐसा नहीं करेंगे तो उनकी पार्टी भी रामचरित मानस और सनातन की विरोधी मानी जाएगी। अखिलेश तत्काल उन्हें पार्टी से बाहर करें। उनके काले कारनामों की जांच करके भाजपा उन्हें जेल भेजेगी।"

आजमगढ़ में प्रधानमंत्री आवास के लिए चली गोली, एक की मौत

एसपी अनुराग आर्य ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
एसपी अनुराग आर्य ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली।

आजमगढ़ में आवास आवंटन की बैठक में मारपीट के बाद फायरिंग हो गई। गोलीबारी में एक की मौत हो गई। जबकि दो की हालत गंभीर है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।

मामले की जानकारी पर एसपी पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे हैं। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मामला मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र का है। ग्राम पंचायत दक्षिणपुरा में मंगलवार करीब 12 बजे आवास आवंटन को लेकर बैठक चल रही थी। इसमें पूर्व प्रधान शिव शंकर सिंह उर्फ भूरे सिंह और प्रधान के प्रतिनिधि भीम सिंह भी मौजूद थे। इसी दौरान प्रधानमंत्री आवास आवंटन को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।

शाहजहांपुर में दवा कारोबारी की चाकू से गोदकर हत्या

जिस समय दवा कारोबारी की हत्या हुई, उस समय वह घर पर अकेले थे।
जिस समय दवा कारोबारी की हत्या हुई, उस समय वह घर पर अकेले थे।

शाहजहांपुर में दवा कारोबारी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। उनका शव घर के अंदर फर्श पर पड़ा मिला। सिर और चेहरे पर चोट के गहरे निशान हैं। उनकी पत्नी उस समय मायके में थीं। वह घर पर अकेले थे।

आज सुबह जब सरताज अहमद घर से बाहर नहीं निकले तो पड़ोसियों को शक हुआ। लोगों ने घर पर जाकर देखा तो उनका शव फर्श पर पड़ा हुआ था। चारों तरफ खून फैला था।

पड़ोसियों की सूचना पर एसपी संजय कुमार समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। मामला थाना मीरानपुर कटरा नगर क्षेत्र के मोहल्ला सराय का है। सरताज समाजवादी पार्टी के निवर्तमान नगर अध्यक्ष भी थे। पढ़ें पूरी खबर...

रामपुर MP/MLA कोर्ट के जज निशांत मान बने एडीजे, आजम की विधायकी रद्द करने का फैसला सुनाया था

पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान और जज निशांत मान।
पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान और जज निशांत मान।

पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की विधायकी रद्द करने वाले रामपुर के जज का प्रमोशन हुआ है। जज निशांत मान को एडीजे बनाकर मऊ भेजा गया। हाईकोर्ट ने 286 जजों का प्रमोशन किया है। जिसमें रामपुर के 5 जजों को एडीजे बनाया गया। वहीं, 2 जजों का ट्रांसफर किया गया है। जिसके तहत जज सतेंद्र कुमार को लखनऊ भेजा गया है।

रामपुर में 27 अक्टूबर 2022 को आजम खान को तीन साल की सजा सुनाई गई थी। साथ ही उनपर जुर्माना भी लगाया गया था। इसपर उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई और उनका वोट का अधिकार भी सीज कर दिया गया। आजम खान को सजा एमपी एमएलए मजिस्ट्रेट ट्रायल कोर्ट के जज निशांत मान ने सुनाई थी। उन्हें यह सजा हेट स्पीच के मामले में सुनाई गई थी।

कानपुर में PRV पर पथराव, पुलिस की गाड़ी के शीशे तोड़े
कानपुर के घाटमपुर में PRV पर हमला हुआ है। हमले में PRV के पीछे का शीशा टूट गया। दो भाइयों के विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस की गाड़ी पर युवक ने हमला किया है। सवार सभी पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। हालांकि पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कानपुर में PRV पर पथराव की 24 घंटे में ये दूसरी वारदात है।

इससे पहले कानपुर के रावतपुर में पुलिस पर पथराव हुआ था। वहीं मंगलवार सुबह साढ़ थाना क्षेत्र के रातेपुर गांव में दूसरी घटना सामने आई है। रातेपुर निवासी छोटू सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह उसके चाचा का लड़का बीरेंद्र उसके पिता से गाली-गलौज कर रहा था। इसका उन्होंने विरोध किया तो उन्हें भी गाली देने लगा। बात बढ़ी तो पुलिस को सूचना दी थी। पढ़ें पूरी खबर...

प्रयागराज में पिस्टल समेत दरोगा 3 दिन से लापता, मोबाइल फोन भी बंद

प्रयागराज में दरोगा जगनारायण सिंह सरकारी पिस्टल के साथ पिछले तीन दिनों से गायब है। सरकारी पिस्टल लेकर गायब दरोगा की ओर से थाने में कोई सूचना नहीं दी गई। पुलिसवालों को दरोगा के बारे कुछ पता नहीं चल रहा है। दरोगा करबला चौकी के प्रभारी है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आकाश कुलहरि के निर्देशन में खुल्दाबाद थाने में गैर हाजिरी की रिपोर्ट लिखी गई है। पुलिस की टीम उनका मोबाइल नंबर ट्रैस करने का प्रयास कर रही है।

मगर, तीन दिनों से उनका मोबाइल स्वीच ऑफ बता रहा है। थाने के स्टाफ ने बताया कि चौकी प्रभारी की आखिरी लोकेशन 21 जनवरी तक तो मिली है, फिर शाम से उनका कोई पता नहीं चल रहा है।

एसीपी आकाश कुलहरि ने बताया कि टीम पता करने में लगी है कि आखिर चौकी प्रभारी का लोकेशन कहां है। CCTV के फुटेज भी देखे गए हैं। लेकिन उसमें कुछ सुराग नहीं मिले हैं। पढ़ें पूरी खबर

आजमगढ़ में बदमाशों ने युवक को मारी गोली, हालत गंभीर; सीने में फंस गई है बुलेट

यह फोटो अस्पताल में घायल युवक के इलाज करने की है।
यह फोटो अस्पताल में घायल युवक के इलाज करने की है।

आजमगढ़ के जहानागंज थाना क्षेत्र में देर रात बदमाशों ने युवक को गोली मार दी। घायल सुनील यादव (29) का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टर ने उसकी हालत ज्यादा गंभीर बताई है। डॉक्टरों का कहना है कि गोली युवक के सीने में फंसी है। ऑपरेशन के बाद गोली निकाली जाएगी।

जिला अस्पताल पहुंचे कोतवाली के इंस्पेक्टर श्रीश चौधरी ने बताया कि घायल युवक जहानागंज के खोदादपुर गांव का रहने वाला है। घटना के आरोपी अजीत कुमार और रोशन कुमार चिरैयाकोट मऊ जिले के रहने वाले हैं। प्रथम दृष्टया मामला पैसे के लेन-देन का विवाद बताया जा रहा है। इंस्पेक्टर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर...

सपा विधायक इरफान सोलंकी का गुर्गा पूर्व पार्षद अरेस्ट, कुर्की का नोटिस चस्पा होते ही सामने आया

सपा विधायक इरफान का गुर्गा अज्जन और भोलू उर्फ मुर्सलीन। एक दिन पहले अज्जन उर्फ मो. एजाज (नीले कोट में) को अरेस्ट करके पुलिस ने जेल भेजा था। (फाइल फोटो)
सपा विधायक इरफान का गुर्गा अज्जन और भोलू उर्फ मुर्सलीन। एक दिन पहले अज्जन उर्फ मो. एजाज (नीले कोट में) को अरेस्ट करके पुलिस ने जेल भेजा था। (फाइल फोटो)

कानपुर में कर्नलगंज के पूर्व पार्षद मुर्सलीन उर्फ भोलू को सोमवार रात जाजमऊ थाने की पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। मुर्सलीन पर आरोप है कि सपा विधायक के साथ उन्होंने भी महिला का घर फूंका था। FIR दर्ज होने के बाद से मुर्सलीन फरार चल रहा था। पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की नोटिस चस्पा की तो वह सामने आ गया। अब पुलिस आज यानी मंगलवार को मुर्सलीन को जेल भेजेगी। एक दिन पहले ही पुलिस ने एक और आरोपी अज्जन उर्फ मो. एजाज को भी गिरफ्तार किया था।

जॉइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि जाजमऊ पुलिस ने 7 नवंबर को सपा विधायक इरफान और उनके भाई रिजवान समेत अन्य के खिलाफ महिला का घर फूंकने के मामले में FIR दर्ज की थी। जांच में सामने आया कि कर्नलगंज निवासी और पूर्व पार्षद मुर्सलीन की भी अहम भूमिका रही है। जांच के दौरान उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य भी मिले।

जाजमऊ पुलिस ने गैर जमानती वारंट की कार्रवाई के बाद कुर्की का नोटिस उसके घर पर चस्पा कर दिया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि मुर्सलीन कन्नौज का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ छह गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। वह इरफान के लिए प्रॉपर्टी का काम करता था। पढ़ें पूरी खबर...

आज चारबाग से विधानसभा के सामने तक निकलेगी परेड, फुल ड्रेस रिहर्सल के चलते ट्रैफिक डायवर्जन

फुल ड्रेस रिहर्सल के चलते चारबाग से हजरतगंज आने वाले मार्गों पर यातायात बदला रहेगा। (फाइल फोटो)
फुल ड्रेस रिहर्सल के चलते चारबाग से हजरतगंज आने वाले मार्गों पर यातायात बदला रहेगा। (फाइल फोटो)

लखनऊ में विधानसभा मार्ग पर गणतंत्र दिवस परेड के मौके पर मंगलवार को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी। इसके चलते चारबाग से हजरतगंज आने वाले मार्गों पर यातायात बदला रहेगा। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त यातायात रईस अख्तर ने देते हुए कहा कि ट्रैफिक डायवर्जन सुबह छह बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगा।

परेड का रिहर्सल रवींद्रालय के बाल संग्रहालय चारबाग से शुरू होकर केकेसी तिराहा, पीसीएफ बील्डिंग के सामने से छितवापुर चौकी, विकासदीप, महाराणा प्रताप चौराहा, बर्लिंगटन हुसैनगंज चौराहा, बापू भवन रॉयल होटल होते हुए विधानसभा तक होगी।

इसके बाद परेड हजरतगंज चौराहे से बाएं अल्का तिराहा, मेफेयर तिराहा, वाल्मीकि तिराहा से बाईं तरफ होकर डीएम आवास के सामने से पेट्रोल पंप किनारे, मेट्रो पुल के नीचे से केडी सिंह बाबू स्टेडियम तिराहा और मेट्रो स्टेशन से दाएं होकर एसबीआई तिराहे के बाएं केडी सिंह बाबू स्टेडियम के गेट नंबर छह पर खत्म होगी। (जानें पूरा ट्रैफिक डायवर्जन...)

खबरें और भी हैं...