• Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Uttar Pradesh Big Breaking News Updates। 26 November 2022 Today Live News Updates Agra Lucknow Kanpur Varanasi Prayagraj Meerut

यूपी की बड़ी खबरें:गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर मौलाना ने पढ़ी नमाज, CCTV फुटेज से पुलिस कर रही तलाश

उत्तर प्रदेश6 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर एक नमाज पढ़ने का वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि एक व्यक्ति सफेद टोपी पहनकर नमाज पढ़ रहा है। आस-पास के लोगों ने नमाज पढ़ने का विरोध किया। इस दौरान व्यक्ति ने कहा, " ट्रेन पकड़नी है। पास में कोई मस्जिद नहीं मिली और न ही कोई ऐसी जगह दिखी। इसलिए यही नमाज पढ़ने लगा।"

नार्थ रेलवे के CPRO पंकज कुमार सिंह ने बताया, "मामले की जानकारी नहीं है। रेलवे स्टेशन पर लगे CCTV फुटेज की मदद से नमाज पढ़ने वाले व्यक्ति की तलाश कराई जाएगी।" यहां पढ़ें पूरी खबर

कार पर पलटा तेज रफ्तार ट्रक, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह से डैमेज हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह से डैमेज हो गई।

मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार ट्रक कार पर पलट गया। हादसे में बच्चे समेत पति-पत्नी की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने ट्रक के नीचे दबी कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के प्रयास किया, मगर निकाल नहीं सके।

सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवा कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी को अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने बताया, नोएडा की गार्डिनिया कॉलोनी के रहने वाले राज बिहारी अवस्थी के दो बेटे दीपक अवस्थी और आशीष अवस्थी अपने परिवार के साथ तीर्थ यात्रा के लिए हरिद्वार गए थे। आज रात यह परिवार अपनी कार से नोएडा लौट रहे थे।

पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवा कर किसी प्रकार कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला, तब तक आशीष अवस्थी, उनकी पत्नी नूपुर अवस्थी और एक साल के बेटे केसरी अवस्थी की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवा कर किसी प्रकार कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला, तब तक आशीष अवस्थी, उनकी पत्नी नूपुर अवस्थी और एक साल के बेटे केसरी अवस्थी की मौत हो चुकी थी।

जैसे ही इन लोगों की कार नई मंडी थाना क्षेत्र में बाई पास पर रथेडी कट के निकट पहुंची और एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी उक्त ओवरलोड ट्रक अचानक उनकी कार पर पलट गया। पढ़ें पूरी खबर

  • प्रदेश की अन्य बड़ी खबरें...

हापुड़ के मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में एमबीबीएस की छात्रा का मिला शव, कानपुर की रहने वाली थी

हापुड़ में कानपुर की रहने वाली शैलजा सिंघल का मेडिकल कॉलेज में लटकता शव मिला।
हापुड़ में कानपुर की रहने वाली शैलजा सिंघल का मेडिकल कॉलेज में लटकता शव मिला।

हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एक मेडिकल कॉलेज में छात्रा का शव बंद कमरे में पंखे से लटका मिला। मृतक छात्रा की पहचान कानपुर निवासी शैलजा सिंघल के रूप में हुई है। पिलखुवा पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। वहीं बेटी की मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मचा है। जो हापुड़ के लिए रवाना हो गए हैं। जानकारी के अनुसार शैलजा सिंघल पिलखुवा के एक मेडिकल कॉलेज की छात्रा थी। जोकि एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी।..पढ़ें पूरी खबर..

पति की मौत की झूठी सूचना पर बच्चे संग महिला ने दी जान, घर में आग लगाई फिर फंदे पर झूली

सोनभद्र में पति के मौत की झूठी सूचना पर एक महिला ने बेटे संग फांसी लगाकर जान दे दी। महिला ने पहले घर में आग लगाई, फिर 2 साल के मासूम संग फंदे पर लटक गई। घर में धुआं उठने पर पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। महिला का पति और जेठ दोनों ट्रक चलाते हैं। घटना बीजापुर इलाके की है।

बीजापुर इलाके में इंजानी गांव में जमुना सिंह अपने 3 बेटों के साथ रहते हैं। उनका सबसे बड़ा बेटा सुनील सिंह (30) और इसके बाद वाला अजित सिंह (25) ट्रक चालक हैं। जबकि सबसे छोटा बेटा पिता के साथ घर पर ही रहता है। अजित सिंह के परिवार में पत्नी संगीता (22) के अलावा 2 साल का 1 बेटा यश था। दोनों भाई अलग-अलग ट्रक चलाते हैं।

पिता जमुना सिंह ने बताया, "शनिवार को बड़ा बेटा सुनील खलासी के साथ ट्राला लेकर बीजपुर के लिए निकला। वह इलाके के रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर राख भरने जा रहा था। इस दौरान घर से 400 मीटर की दूरी पर ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पोल से टकरा कर पेड़ से भिड़ गया। हादसे में ट्राला का केबिन वाला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

चीख-पुकार मचने पर लोग दौड़ पड़े। हादसे की जानकारी पर हम लोग भी पहुंच गए। पुलिस भी आ गई। गैस कटर की सहायता से अंदर फंसे सुनील को बाहर निकाला गया। इसके बाद एनटीपीसी रिहंद के धन्वन्तरि चिकित्सालय ले जाया गया। वहां से हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हम लोग उसे लेकर दूसरे अस्पताल के लिए रवाना हो गए।

बीजपुर थानाध्यक्ष पंकज सिंह ने बताया कि महिला और बेटे का शव फंदे से लटका मिला। प्राथमिक जांच में आत्महत्या की बात सामने आई है। पढ़ें पूरी खबर

वाराणसी में भाजपा नेता की गाड़ी रोकने पर SI सस्पेंड, कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर किया हंगामा

भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर हंगामा और प्रदर्शन किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर हंगामा और प्रदर्शन किया।

वाराणसी के लक्सा थाने के सामने शनिवार की शाम भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस विरोधी नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन और नारेबाजी करने वाले भाजपाइयों ने आरोप लगाया कि लक्सा थाना प्रभारी अनिल कुमार साहू ने भाजपा महामना मंडल के अध्यक्ष जनार्दन ओझा के साथ बदसलूकी और हाथापाई की। जबकि, जनार्दन ओझा ने अपना परिचय लक्सा थाना प्रभारी को दिया था।

लक्सा थाने के घेराव और प्रदर्शन की जानकारी पाकर वाराणसी कमिश्नरेट के आला अधिकारी भी पहुंचे। लगभग 2 घंटे से ज्यादा समय तक पुलिस अधिकारी भाजपा नेताओं को समझा-बुझाकर शांत कराने में जुटे रहे।

वहीं, भाजपा नेता और कार्यकर्ता लक्सा थाना प्रभारी को सस्पेंड करने की मांग पर अड़े रहे। अंततः पुलिस आयुक्त ए. सतीश गणेश ने लक्सा थाना प्रभारी अनिल कुमार साहू को सस्पेंड कर दिया। तब जाकर सभी शांत हुए। पूरी खबर यहां पढ़ें

गोरखपुर में भाजपा सांसद को डेढ़ साल की सजा, BRD मेडिकल कॉलेज पर किया था चक्का जाम

गोरखपुर में बांसगांव से भाजपा सांसद कमलेश पासवान को MP-MLA कोर्ट ने डेढ़ साल की सजा सुनाई है। जनवरी 2008 के एक मामले में कोर्ट नंबर- 2, ACJM सेकेंड प्रभात त्रिपाठी की कोर्ट ने अभियुक्त सांसद कमलेश पासवान, रामवृक्ष यादव, राजीसेमरा निवासी महेश पासवान, चंद्रेश पासवान, सराय निवासी रामआसरे, खोराबार थाना क्षेत्र के रायगंज निवासी सुनील पासवान और चिलुआताल थाना क्षेत्र के मानबेला निवासी खुदुस उर्फ घुहुस का दोष सिद्ध होने पर एक साल 6 महीने के कारावास के साथ ही दो हजार रुपए अर्थदंड भी लगाया है।

वहीं, सजा के खिलाफ कमलेश पासवान सक्षम न्यायालय में अपील दायर करेंगे। फिलहाल उन्हें निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें

लखनऊ में मारपीट में 12वीं के छात्र की मौत, LPS स्कूल में करता था पढ़ाई

ये तस्वीर अंश तिवारी की है। वह 12वीं का छात्र था।
ये तस्वीर अंश तिवारी की है। वह 12वीं का छात्र था।

लखनऊ के विभूति खंड में रॉयल माउंट एकेडमी के सामने शनिवार को छात्रों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में 12वीं के एक स्टूडेंट की मौत हो गई। मृतक की पहचान 18 साल के अंश तिवारी के रूप में हुई है।

वह कठौता के LPS स्कूल का छात्र था। उसके पिता का नाम शंकराचार्य तिवारी है। वह पूर्वांचल एन्क्लेव में रहते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मामले की जांच जारी हैं।

गाजियाबाद पुलिस ने अवैध हथियार फैक्ट्री पकड़ी, चुनाव में खूनखराबे के लिए बना रहे थे हथियार

गाजियाबाद की भोजपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। ये हथियार कांशीराम योजना के बंद पड़े फ्लैटों में बनाए जा रहे थे। चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में बने और अधबने हथियार व औजार बरामद किए हैं।

SP देहात ईरज राजा ने बताया, पकड़े गए आरोपी समीर व रिहान निवासी ब्रह्मपुरी मेरठ, सूरज वर्मा निवासी मोदीनगर गाजियाबाद और आर्यन त्यागी निवासी भोजपुर गाजियाबाद हैं। इनसे 315 बोर के 8 तमंचे, 13 अधबने तमंचे, .32 बोर की दो पिस्टल सहित हथियार बनाने में प्रयुक्त औजार मिले हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चुनाव आते ही अवैध हथियारों की डिमांड बढ़ जाती है। नगर निगम चुनाव के मद्देनजर उन्होंने अभी से हथियार बनाकर उनका स्टॉक रखना शुरू कर दिया था, ताकि चुनाव में डिमांड के अनुसार सप्लाई कर सकें। आरोपियों ने एनसीआर में अभी तक करीब 300 तमंचे बेचने की बात कुबूली है। वे एक तमंचा पांच हजार रुपए और एक पिस्टल 35 हजार रुपए में बेचते थे। पकड़े गए आरोपियों में दो मेरठ में ब्रह्मपुरी के रहने वाले हैं। ब्रह्मपुरी और लिसाड़ी गेट में कई दशक से अवैध हथियार बनाने का काम होता है। पढ़ें पूरी खबर..

महराजगंज में डिरेल हुई मालगाड़ी, नौतनवां के पास हुआ हादसा

महराजगंज में शनिवार को मालगाड़ी डिरेल हो गई। रेलवे ट्रैक टूटने की वजह से यह हादसा हुआ है। हादसा नौतनवां स्टेशन के पास हुआ है। बताया जा रहा है कि मालगाड़ी विशाखापत्तनम से आ रही थी। मालगाड़ी की कई बोगियों के पहिए टूटकर अलग हो गए।

लखनऊ में जुटे हजारों किसान, 300 यूनिट फ्री बिजली देने सहित कई मांगों के समर्थन में प्रदर्शन

मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य शनिवार को राजभवन मार्च कर सकते हैं। इसको लेकर सुबह से ही ईको गार्डन में किसानों की भारी भीड़ जुटी है। किसान 300 यूनिट फ्री बिजली देने, सिंचाई के लिए फ्री बिजली, गन्ना खरीद रेट बढ़ाने, गन्ने का बकाया भुगतान जल्द करने समेत कई मांगों को लेकर लखनऊ आए हैं। नारे लगा रहे हैं, प्रदर्शन कर रहे हैं। इसमें भारतीय किसान यूनियन, उप्र किसान सभा समेत 50 से ज्यादा छोटे-बड़े संगठन के लोग शामिल हुए हैं।

लखनऊ में ईको गार्डन के अंदर होने वाली रैली को किसान नेता राकेश टिकैत, पूर्व सांसद हन्नान मोला, मुकुट सिंह समेत कई लोग संबोधित करेंगे। किसान शुक्रवार रात से ही ईको गार्डन में पहुंचना शुरू हो गए हैं। यूपी के सभी जिलों से करीब 15 से 20 हजार किसान इस कार्यक्रम में दोपहर तक जुटेंगे। बताया जा रहा है कि अगर पुलिस राजभवन जाने से रोकती है तो किसानों का एक प्रतिनिधित्व मंडल उनसे मिलेगा। पढ़ें पूरी खबर...

वाराणसी में 34 दक्षिण भारतीय श्रद्धालुओं से भरी नाव गंगा में पलटी

आंध्र प्रदेश से वाराणसी आए 34 श्रद्धालुओं की नाव शनिवार की सुबह शीतला घाट के सामने गंगा में पलट गई। नाव सवार श्रद्धालु डूबने लगे तो आसपास मौजूद नाविकों ने गंगा में छलांग लगा कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। दो लोगों को कुछ दिक्कत महसूस हुई तो उन्हें कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल ले जाया गया है। वहीं, हादसे के बाद नाविक भाग निकला है। दशाश्वमेध थाने की पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

लखनऊ से आए राजेश तिवारी ने बताया कि आंध्र प्रदेश के ईस्ट गोदावरी से आए 34 श्रद्धालु केदार घाट से नाव पर सवार हुए थे। सभी लोगों को मणिकर्णिका घाट पर जाकर धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न करना था। उन्होंने कहा कि मैं घटना का प्रत्यक्षदर्शी हूं और शीतला घाट के सामने उस पार गंगा में नहा रहा था। नाव में पानी भर गया था और वह पलटी तो नाविक उससे छलांग लगा कर भाग निकला। हम लोग, आसपास मौजूद नाविक और जल पुलिस के कर्मी घटनास्थल की ओर पानी में दौड़े। सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। देखें तस्वीरें, पढ़ें पूरी खबर...

मुरादाबाद में नकली सोना गिरवीं रखकर बैंक से लिया करोड़ों का लोन, पैनलिस्ट ज्वेलर्स ने ही की धोखाधड़ी

मुरादाबाद की केनरा बैंक शाखा से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां कई लोगों ने नकली सोना गिरवीं रखकर बैंक से गोल्ड लोन स्कीम में करोड़ों रुपए का लोन ले लिया। मामला तब खुला जब बैंक ने गिरवीं रखे सोने की क्रास जांच कराई।

दरअसल, बैंक का पैनलिस्ट ज्वेलर्स इस पूरे खेल में शामिल था। लोन मंजूर करने से पहले बैंक सोने की शुद्धता की जांच बैंक के अनुमोदित स्वर्ण मूल्यांकनकर्ता रवि शर्मा से कराता था। जो सोना जांच में नकली मिला है, उसे भी पैनलिस्ट ने 22 कैरेट गोल्ड करार दिया था।

पैनलिस्ट की रिपोर्ट के आधार पर ही बैंक ने ये लोन जारी किया था। बैंक के मैनेजर महेंद्र सिंह की ओर से इस मामले में सिविल लाइंस थाने में पैनलिस्ट रवि शर्मा और नकली सोना गिरवीं रखकर लोन लेने वाले दो खाता धारकों विनय कुमार और सिमरन शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। पढ़ें पूरी खबर...

हापुड़ में 1600°C टेम्परेचर पर धधकती भट्ठी में मैनेजर जिंदा जला

इसी भट्टी में अनुराग त्यागी की जलकर मौत हुई है। इसे बुझने में करीब तीन दिन लगेगा।
इसी भट्टी में अनुराग त्यागी की जलकर मौत हुई है। इसे बुझने में करीब तीन दिन लगेगा।

हापुड़ जिले में लोहा गलाने की फैक्ट्री में भट्ठी में गिरकर मैनेजर अनुराग त्यागी की दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि कोई विवाद के बाद फैक्ट्री मालिक आसिफ अली ने अनुराग को धधकती भट्ठी में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया। फैक्ट्री मालिक सुसाइड की बात कह रहा है। जिस भट्टी में ये वारदात हुई, उसका टेम्परेचर करीब 1600 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। धधकती आग को शांत होने में करीब तीन दिन लग सकते हैं। ऐसे में पुलिस की फॉरेंसिक टीम को लाश के अवशेष तलाशने के लिए अभी दो-तीन दिन का इंतजार करना पड़ेगा।

40 वर्षीय अनुराग त्यागी मूल रूप से मेरठ में किला परीक्षितगढ़ के रहने वाले थे। फिलहाल वे परिवार सहित गाजियाबाद के सिहानी में रहते थे। अनुराग हापुड़ जिले के धौलाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित लोहा गलाने की फैक्ट्री में बतौर मैनेजर कार्यरत थे। ये फैक्ट्री बागपत जिले में खेकड़ा निवासी आसिफ अली की है। अनुराग की शुक्रवार दोपहर लोहा गलाने की भट्टी में गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अनुराग यहां पिछले करीब छह महीने से कार्यरत थे। पढ़ें पूरी खबर...