योगी सरकार ने मंगलवार को चार IPS अफसरों का तबादला कर दिया है। इनमें लखनऊ में डीसीपी यातायात गोपाल कृष्ण चौधरी को एसपी ललितपुर बनाया गया।
IPS बबलू कुमार को पुलिस अधीक्षक( मुख्यालय) के भ्रष्टाचार निवारण संगठन में तैनात किया गया है। लखनऊ में तैनात IPS पूनम को सेनानायक, 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ भेजा गया है। ललितपुर में तैनात IPS निखिल पाठक को लखनऊ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से सम्बद्ध किया गया है।
अमरोहा में 61 गोवंश को मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, सस्ते दामों में बेचा था जहरीला चारा
अमरोहा में 61 गोवंश की मौत के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने गोवंश को जहरीला चारा देने की बात कबूल ली है।
आरोपी ने बताया, "उसने गोवंश के लिए जहरीला चारा सस्ते दामों में बेचा था। जिसमें यूरिया की मात्रा ज्यादा थी। यूरिया डालने के बाद चारा गायों को 4 दिन बाद देना चाहिए, लेकिन मैंने उसी दिन चारा गोशाला में बेच दिया था। जिससे गोवंश की मौत हो गई।"
आरोपी ताहिर ने पुलिस को बताया, "उसने पहले दिन ही गौशाला में चारा दिया था।" पुलिस अधीक्षक ने बताया, "आरोपी ताहिर और ग्राम प्रधान राम अवतार के बीच चारे का ठेका हुआ था। गोवंशों की मौत के बाद ताहिर ने एक ट्रॉली चारा और बेचा था। जिसके जब्त कर लिया गया था।" पढ़ें पूरी खबर
प्रयागराज में ताजिया में उतरा 33 हजार वोल्टेज का करंट, 26 लोग झुलसे
प्रयागराज में मंगलवार को मोहर्रम पर ताजिया में 33 हजार वोल्टेज का करंट उतर गया। इसमें 26 लोग झुलस गए। स्थानीय लोगों ने सभी लोगों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया।
सूचना मिलने पर एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित, विधायक संदीप पटेल, तहसीलदार मेजा गजराज सिंह आदि पहुंच गए। घटना मांडा के कनेवरा गांव की है।
यह लोग हुए घायल-
मांडा रोड के जीम जोहरा अस्पताल में एक- एक बेड पर दो- दो घायलों को इलाज चल रहा है। घायलों में कनेवरा गांव निवासी सुहेल (24) , सलमान (25) , समर (28) , सुनील यादव (20) , इंद्रजीत पटेल (24), हिना बेगम (23), तालीम (25), इरफान (23) , उमर(24), मोहम्मद कैफ (25), अनवरी बेगम (28), इरफान (25), मोहम्मद सुहैल (28), खुशबुन बेगम(20), रेशमा बानो (22), समाज अली (30), सोनू (28) , अशरत (23), अफसर अली (24), सरताज (24) सहित छह अज्ञात शामिल है।
सीओ अमिता सिंह ने बताया कि ताजिया निकलाने के दौरान करंट लगने की वजह से 20 से ज्यादा लोग घायल हुए है। सभी को मांड सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सभी लोग खतरे से बाहर हैं। पढ़ें पूरी खबर
शिवपाल यादव ने बेटे को आदित्य को बनाया प्रसपा का प्रदेश अध्यक्ष
लखनऊ में मंगलवार को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ( लोहिया) ने आदित्य यादव को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी ने एक पत्र जारी कर इसकी घोषणा की है। पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियां अभी से शुरू कर दी है।
पार्टी ने जारी किया पत्र
पत्र में कहा गया है राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव के निर्देश पर आदित्य यादव को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जाता है। आदित्य यादव शिवपाल यादव के बेटे हैं।
शिवपाल यादव यूपी के बड़े नेता हैं। वह मुलायम सिंह यादव के भाई और अखिलेश यादव के चाचा हैं। शिवपाल मुलायम और अखिलेश दोनों की सरकार में मंत्री रह चुके हैं। शिवपाल के दो बच्चे हैं।
गोरखपुर में युवक ने पहले पत्नी का गला काटा, फिर खुद का भी रेता
गोरखपुर के चिलुआ ताल में मंगलवार को अब्दुल जब्बार ने पहले पत्नी का गला रेता और फिर अपना गला भी रेता। पत्नी के साथ कई दिनों से विवाद चल रहा था। जिसे मनाने के लिए युवक ससुराल गया हुआ था। पत्नी के शोर मचाने पर परिजनों ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने दोनों घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराकर महिला के पिता की तहरीर पर मुकदमा कर लिया है।
रायबरेली में अराजकतत्वों ने फूंकी लेखपाल की कार
रायबरेली में लेखपाल की कार में अराजकतत्वों ने आग लगा दी। इसके बाद घर के दरवाजे पर पाकिस्तान जिंदाबाद, हिंदुस्तान मुर्दाबाद लिखा पर्चा फेंक दिया। लेखपाल जब सुबह उठे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी। एसडीएम ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घटना मंगलवार रात की है।
आदित्य कुमार मिर्जापुर एहारी ग्राम पंचायत में लेखपाल हैं। वह तहसील के आवासीय परिसर में ही टाइप सेकेंड में परिवार समेत रहते हैं। सोमवार की रात कुछ अराजकतत्व बाउंड्रीवाल लांघकर अंदर आ गए। आवास के बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़कर अंदर ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया। इसके बाद कार में आग लगा दी। पढ़ें पूरी खबर
बरेली में मुहर्रम के जुलूस में पथराव; प्रयागराज में पूर्व विधायक की बेटी के घर बमबाजी
इस वक्त की दो बड़ी खबरें आ रही हैं। बरेली में मुहर्रम के जुलूस के दौरान पथराव हो गया है। प्रयागराज में पूर्व विधायक की बेटी के घर पर बमबाजी हुई है। आइए, एक-एक कर दोनों घटनाओं के बारे में जानते हैं...
पहली घटना: बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के मझौआ गंगापुर गांव की है। यहां मुहर्रम के जुलूस के दौरान डीजे हटाने को लेकर दो समुदाय आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बीच एक पक्ष ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव का आरोप लगाया है। गांव में तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंच रही है।
दूसरी घटना: प्रयागराज में पूर्व विधायक की बेटी के घर पर बमबाजी का है। शिवकुटी थाना क्षेत्र के तेलियरगंज में पूर्व विधायक रंग बहादुर पटेल की बेटी और भाजपा जिला मंत्री संगीता पटेल के घर पर स्कूटी से बदमाश पहुंचते हैं। गाली देते हुए बाहर निकलने के लिए ललकार लगाते हैं। फिर दो बम फेंकते हुए धमकी देकर भाग जाते हैं। बम फटने से आसपास धुआं-धुआं हो गया। पूरा मामला CCTV में भी कैद हो गया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुडुचेरी LG के नाम पर मंत्रियों से मांगे गिफ्ट
पुडुचेरी के लेफ्टिनेंट गवर्नर (LG) के नाम से वॉट्सऐप नंबर पर मंत्रियों को मैसेज भेजकर गिफ्ट मांगे गए। जांच में वह नंबर फिरोजाबाद के दीदामई प्राइमरी स्कूल के शिक्षक मनोज शर्मा के नाम का निकला। पुडुचेरी पुलिस ने फिरोजाबाद आकर शिक्षक को हिरासत में लिया है।
शिक्षक को ट्रांजिट रिमांड पर ले जाने की तैयारी है। पूछताछ में मनोज शर्मा ने बताया है, "मैं वॉट्सऐप नहीं चलाता हूं, किसी ने हमारा मोबाइल हैक करके यह सब किया है।"
पुडुचेरी पुलिस के अनुसार, "प्रदेश के LG के नाम से बनाए गए वॉट्सऐप एकाउंट से सरकार के कई मंत्रियों को मैसेज भेजे गए। एकाउंट की डीपी पर LG की फोटो भी लगाई गई थी। इन मैसेज में अमेजॉन कार्ड से गिफ्ट खरीदकर भेजने को कहा गया। पुडुचेरी के PWD मंत्री की शिकायत पर 31 जुलाई को साइबर सेल में केस दर्ज हुआ था। पढ़ें पूरी खबर..
पुलिस की गाड़ी को ट्रक ने टक्कर मारी, ड्राइवर की मौत; सीओ गंभीर
यमुना एक्सप्रेस-वे पर सोमवार रात को निजी कार से गश्त कर रहे सीओ मांट की कार को ट्रक ने टक्कर मार दी। कोतवाली सुरीर क्षेत्र में माइल स्टोन-90 पर यू टर्न लेते समय पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मारी है। हादसे में कार कई बार पलटते हुए दूर गिरी। सीओ के कार ड्राइवर 40 साल के विपिन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। सीओ मांट नीलेश मिश्रा गंभीर रूप से घायल हैं।
सूचना मिलते ही एक्सप्रेस-वे पर मांट, सुरीर, नौहझील का पुलिस बल भेजा और घायल सीओ को सिटी अस्पताल मथुरा में भर्ती कराया। जहां पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि ट्रक को मौके से बरामद कर लिया गया है। ड्राइवर की तलाश की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर...
सहारनपुर में पेट्रोल पंप में लगी आग
सहारनपुर में सोमवार रात एक पेट्रोल पंप में आग लग गई। पेट्रोल-डीजल भरवाने आए लोग इधर-उधर भागने लगे। हालांकि कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्र से आग को बुझा दिया। घनी आबादी में पेट्रोल पंप होने के कारण लोगों में दहशत बनी हुई है। पेट्रोल पंप में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
कर्मचारियों और लोगों ने अग्निशमन यंत्र से आग को बुझा दिया। एक कर्मचारी ने बताया कि स्ट्रांग रूम और ऑफिस के पास लगे बिजली के पैनल से कुछ फटने की आवाज आई। इसी के बाद आग लगी। पढ़ें पूरी खबर...
कांग्रेस आज से निकालेगी पदयात्रा, महंगाई-बेरोजगारी के खिलाफ लोगों को करेंगे जागरूक
आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में भाजपा ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का नारा दिया है। कांग्रेस भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए ‘भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा’ निकाल रही है। इस अभियान में यूपी में पदयात्रा निकाली जाएगी। 9 अगस्त से शुरू होकर यह अभियान 14 अगस्त तक पूरे देश में चलाया जाएगा। कांग्रेस के लोग बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और अपराध के बारे में गांव-गांव जाएंगे और इसके बारे में बताएंगे।
9 अगस्त से 14 अगस्त तक अखिल भारतीय कांग्रेस के आह्वान पर राष्ट्रव्यापी गौरव यात्रा निकाली जा रही है। हर विधानसभा क्षेत्रों में 6.5 किलोमीटर पदयात्रा की जाएगी। प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ सभा भी की जाएगी। इसमें आजादी के महानायकों के बलिदान और उनकी वीरता के बारे में लोगों को बताया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.