उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के महाराजगंज क्षेत्र में बुधवार की देर शाम छेड़खानी को लेकर दलित बस्ती के लोगों पर हुए हमले के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरोपियों पर गैंगस्टर और एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) लगाने का निर्देश दिया है। सीएम ने एसपी प्रोफेसर त्रिवेणी सिंह को फटकार भी लगाई है। सीएम के सख्त एक्शन के बाद महाराजगंज थाना प्रभारी अरविंद पांडेय को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, फरार चल रहे सात आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है।
यह है पूरा मामला
दरअसल, सिंकदरपुर आइमा गांव में बुधवार शाम वर्ग विशेष के युवक ने एक किशोरी के साथ छेड़खानी की। इस बात का किशोरी ने विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया। विवाद के बाद वर्ग विशेष के लोगों ने दलित बस्ती पर लाठी-डंडा व धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में करीब 12 लोग घायल हुए। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पक्ष के परवेज, फैजान, नूर आलम, सदरे आलम, आरिफ, आशीफ, अल्तमश, सुहेल के खिलाफ नामजद व अन्य 10 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस ने अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सभी पर एनएसए व गैंगस्टर एक्ट भी तरमीम किया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
कहीं ऐसी घटना हुई तो तय होगी जवाबदेही
सीएम योगी ने सख्त हिदायत देते हुए कहा है कि, अगर कहीं सांप्रदायिक या जातीय घटना हुई तो इंस्पेक्टर के साथ सीओ के खिलाफ कार्रवाई होगी। एसपी-एसएसपी के खिलाफ भी जवाबदेही तय होगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.