पीलीभीत में मंगलवार को एक विवाहिता का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिला। ससुराल वालों ने कहा कि पारिवारिक समस्या से परेशान होकर महिला ने आत्महत्या की है। वहीं, मृतका के पति ने गांव के एक युवक पर आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पर केस भी दर्ज कर लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच पड़ताल में जुटी है।
पूरा मामला थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव पहाड़गंज का है। गुलशन पत्नी फैजान (30) का शव आज कमरे में लटकता मिला। वह रस्सी के सहारे बंद कमरे में झूल रही थी। सुबह परिजनों ने देखा तो आस पास के लोगों को जानकारी हुई। फैजान ने बताया कि वह घर पर नहीं था। आज सुबह वह जब बाहर से लौटा तो पत्नी को फांसी के फंदे पर लटका देखा। उसने जल्दी से पत्नी को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।थी।
अपने पीछे 4 बच्चे छोड़ गई महिला
परिजनों का कहना है कि मृतिका के चार बच्चे हैं। मां की मौत के बाद से बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है। फिलहाल घटना के बाद मौके पर पहुंची बिलसंडा पुलिस ने मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फैजान ने गांव के ही रहने वाले वसीम नाम के एक युवक पर आरोप लगाया है।
गांव के युवक पर ही लगाया आरोप
पति ने बताया कि वसीम उसकी पत्नी को परेशान करता था। उस पर बुरी नीयत रखता था। पुलिस ने पति से मिली तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष अचल कुमार का कहना है कि पूरे मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर जांच की जाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.