लालगंज में मंगलवार को संयुक्त अधिवक्ता संघ का चुनाव संपन्न हुआ। अनिल त्रिपाठी महेश लगातार दूसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए। देर शाम तक चली मतगणना के बाद विभिन्न पदों के परिणामों की घोषणा होने पर जश्न का माहौल हो गया। चुनाव को लेकर दो थानों की फोर्स के साथ पीएसी को तैनात किया गया था। परिणाम की घोषणा होने पर समर्थक ने फूलमालाओं ने लादकर जीतने वाले प्रत्याशियों को स्वागत किया।
संयुक्त अधिवक्ता के संघ के चुनाव को लेकर मंगलवार को 405 मतदाताओं में 489 ने गहमागहमी के बीच वोट डाला। शाम 4 बजे भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मतगणना प्रारंभ हुई। तीन घंटे बाद चली मतगणना के बाद जब चुनाव नतीजों का ऐलान हुआ तो प्रत्याशी व समर्थक खुशी से झूम उठे। अध्यक्ष पद पर 229 वोट हासिल कर अनिल त्रिपाठी महेश ने निकटतम प्रतिद्वंदी 180 वाटे पाने वाले संदीप सिंह को 49 मतों से हराकर लगातार दूसरी बार शानदार जीत दर्ज की। इससे पहले भी एक बार हव अध्यक्ष निर्वाचित रहे चुके हैं।
अबरार अहमद 74 मत लेकर तीसरे स्थान पर रहे
अध्यक्ष पद के अन्य प्रत्याशियों संतोष पांडेय को 36, प्रवीण यादव को 34, दिनेश सिंह को 5 व बीके तिवारी को सिर्फ एक मत मिला। महामंत्री पद पर धीरेंद्र शुक्ल ने 171 वोट हासिल कर 107 वोट पाने वाले सूर्यकांत निराला को 64 मतों से हरा दिया। संजीव कुमार व हरिश्चंद्र पांडेय को क्रमश: 56 व 49 वोट मिले। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर शैलेंद्र चतुर्वेदी ने 222 वोट हासिल कर 183 वोट पाने वाले अंबुज पांडेय को 39 मतों से हराया। अबरार अहमद 74 मत लेकर तीसरे स्थान पर रहे।
उपाध्यक्ष पद पर लाल विनोद सिंह ने 175 वोट हासिल किया
उपाध्यक्ष पद पर लाल विनोद सिंह ने 175 वोट हासिल किया। उन्होंने 135 वोट पाने आशीष त्रिपाठी को 40 मतों से हराया। इस पद के लिए विनय जायसवाल व सुधाकर मिश्र को क्रमश: 106 व 67 मतों पर संतोष करना पड़ा। कोषाध्यक्ष पद पर राजेश द्विवेदी ने 282वोट हासिल कर अभिषेक शुक्ल 197 को 75 मतों से शिकस्त दी। वहीं सहमंत्री पद पर अश्वनी पांडये ने 361वोट हासिल कर 120 मत पाने वाले पंकज त्रिपाठी को 241 वोटों के बड़े अंतर से हराया।
चुनाव समिति के प्रेस प्रवक्ता ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने जैसे ही नतीजों का ऐलान किया, प्रत्याशी व समर्थक खुशी से झूम उठे। समर्थकों ने फूल मालाओं से लादकर जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशियों का स्वागत किया। चुनाव समिति के अध्यक्ष राम मोहन सिंह व महामंत्री देवी प्रसाद मिश्र ने जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया। इस मौके पर अजय शुक्ल, राजेंद्र मिश्र, वीरेंद्र सिंह, विकास मिश्र, लाल राजेंद्र सिंह, शिवाकांत उपाध्याय, रामलगन यादव, बेनीलाल शुक्ल आदि मौजूद रहे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.