नगर के सांगीपुर वार्ड में श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ को लेकर गुरुवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गयी। अबीर गुलाल व पुष्प वर्षा के बीच निकली कलश यात्रा में श्रद्धालु भगवान द्वारिकाधीश व भागवत भगवान के जयकारे मे भी उत्साहित दिखे। कलश यात्रा सरकारी अस्पताल गेट से चौक होते हुए कोतवाली के समीप हरिहरमंदिरम पहुंची। यहां भक्तों ने मां दुर्गा तथा द्वारिकाधीश समेत विभिन्न देवी देवताओं का दर्शन पूजन कर ज्ञान यज्ञ की सफलता की कामना की।
कलश यात्रा इसके बाद आयोजन स्थली पहुंची। यहां कथाव्यास आचार्य विद्याभूषण शुक्ल ने भगवान श्रीकृष्ण के अनुपम चरित्र का बखान करते हुए कहा कि भगवान का भजन ही संसार का अलौकिक सुख है। उन्होने श्रद्धालुओं से कहा कि मन वचन व कर्म से शुद्ध होने पर स्वयं भगवत कृपा हो जाया करती है। आयोजन के संयोजक श्याम सुंदर तिवारी व निर्मला त्रिपाठी ने कथाव्यास विद्याभूषण का श्रीअभिषेक किया। सह संयोजक संयुक्त अधिवक्ता संघ के महामंत्री शेष तिवारी व सीमा त्रिपाठी तथा चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी ने कथाव्यास का सारस्वत सम्मान किया। इस मौके पर शंभू तिवारी, ज्ञानू तिवारी, प्रदीप शुक्ला, आशीष त्रिपाठी, अखिलेश द्विवेदी, सुमित तिवारी, दिलीप पाण्डेय, लवकुश शुक्ला, आदि रहे।
शोभा यात्रा में अनुयायियों ने दिया लोक मंगल का संदेश
अनन्त श्री सदगुरू सफलदेव महराज द्वारा रचित स्वर्वेद शोभा यात्रा में अनुयायियों का उत्साह देखा गया। नगर की बाजार समेत विद्या मंदिर मार्ग व घुइसरनाथ मार्ग पर सिर पर सदग्रन्थ धारण कर बड़ी संख्या में अनुयायी व महिलाएं शोभा यात्रा मे चरित्र निर्माण का संदेश देती देखी गयी। शोभा यात्रा के दौरान चारों वेदो के सार के तहत मानवीय मूल्यों व लोक कल्याण का संदेश दिया गया।
शोभा यात्रा मे विहंगम योग के पूर्व जिला संयोजक डा. केके श्रीवास्तव, रत्ना, मिथलेश जायसवाल, रीना आदि रहे। शोभा यात्रा का संयोजन जिला संयोजक डा. हीरालाल पंकज ने किया।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.