प्रतापगढ़ में प्रताप बहादुर इंटर कॉलेज में कबड्डी खेल रही छात्राओं से छेड़खानी का मामला सामने आया है। छेड़खानी का विरोध करने पर दबंगों ने शिक्षकों से मारपीट की। इसके बाद आरोपी बाइक छोड़कर भाग गए। इस मामले में 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
पीबी इंटर कॉलेज परिसर में छात्राओं के कबड्डी खेलने के दौरान तीन बाहरी युवक पहुंचे और छेड़खानी करने लगे। खेल शिक्षक ने विरोध किया तो युवकों ने तीन अन्य को बुला लिया। सभी छात्राओं से छेड़खानी करने लगे। युवकों ने खेल शिक्षक अखिलेश सिंह, प्रवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह, सहायक अध्यापक अमरेंद्र प्रताप सिंह और कर्मचारी विनीत सिंह से मारपीट की। कॉलेज के अन्य शिक्षकों ने एक आरोपी को दबोचकर पुलिस को सौंप दिया।
मामले की जांच कर रही पुलिस
प्रधानाचार्य डॉ. अनूप कुमार सिंह की तहरीर पर अभिषेक सोनी, सूफियान और दानिश के खिलाफ नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ छेड़खानी, सरकारी कर्मचारियों से मारपीट की पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है और मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
प्रिंसिपल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी विद्यासागर मिश्रा ने बताया की प्रिंसिपल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.