नगर निगम कार्यकारिणी समिति का चुनाव मात्र डेढ़ घंटे में पूरा हो गया। जिसमें भाजपा से चार, कांग्रेस से एक और सपा से दो प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए। निर्विरोध निर्वाचित होने की घोषणा के बाद नगर निगम परिसर में जश्न का माहौल रहा। महापौर सहित सभी अधिकारियों एवं साथी पार्षदों ने निर्वाचित सदस्यों को बधाई दी।
6 माह का होगा नवनिर्वाचित सदस्य का कार्यकाल
दरअसल नगर निगम कार्यकारिणी समिति में 12 सदस्य होते हैं। जिसमें हर सदस्य का कार्यकाल एक साल और सामान्य रूप से दो साल तक के लिए होता है। हर वर्ष छः सदस्य दो वर्ष का कार्यकाल पूरा करते ही स्वतः हट जाते हैं। हालांकि यह चुनाव सात माह पूर्व ही कराना जाना था पर किसी कारणवश ऐसा नहीं हो सका। जबकि नगर निगम का चुनाव भी नवम्बर में होना बताया जा रहा है, ऐसे में जो सात कार्यकारिणी समिति के सदस्य चुने गये उनका कार्यकाल करीब छः माह तक के लिए होगा और उनके बाद नगर निकाय का चुनाव होना है।
इतिहास में दूसरी बार हुआ निर्विरोध निर्वाचन
नगर निगम में बुधवार सुबह करीब 11 बजे महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यकारिणी समिति के 7 सीट पर चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। पहले प्रत्याशियों के नाम का प्रस्ताव आया। जिसमें भाजपा के चार प्रत्याशी पार्षद पूजा कक्कड़, रोमा भारती, रुचि गुप्ता एवं रोचक दरबारी और कांग्रेस से एक प्रत्याशी रंजन कुमार प्रजापति एवं समाजवादी पार्टी के दो प्रत्याशी रमीज अहसान एवं नेम यादव नामांकन किया। इनके अलावा आठवां नाम नहीं आया। नाम वासी के लिए थोड़ा इंतजार किया गया पर किसी ने अपना नाम वापस नहीं लिया। 7 सदस्यों के चुनाव के लिए 7 प्रत्याशी होने के कारण उन्हें निर्विरोध निर्वाचित कर दिया गया। नगर नगर निगम प्रयागराज के इतिहास में दूसरी बार निर्विरोध प्रत्याशी विजयी हुए है। इससे पूर्व 2011 में भी 6 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।
महापौर बोलीं, सभी सदस्य प्रयागराज को नंबर वन बनाने में करेंगे सहयोग
महापौर ने कहा कि नगर निगम प्रयागराज के इतिहास में दूसरी बार हुआ है कि सभी का कार्यकारणी सदस्य निर्विरोध चुने गये। उन्होंने सभी सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामना दी और कहा कि शहर के विकास के लिए सभी सदस्य निष्ठा से क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करेंगे और नगर निगम प्रयागराज को नंबर वन बनाने में अपना सहयोग देंगे। महापौर के अलावा भाजपा महानगर अध्यक्ष भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी, भाजपा पार्षद दल के सचेतक पार्षद किरन जायसवाल, पार्षद नीलम यादव, विजय सिंह, पार्षद रतन दीक्षित, वरुण केसरवानी, राजेश केसरवानी, विवेक अग्रवाल, राजू पाठक, पार्षद ओपी द्विवेदी, गिरजेश मिश्रा, रमेश पासी, पार्षद अखिलेश सिंह आदि ने भी चुने गये सदस्य रुचि गुप्ता, पूजा कक्कड़, रोचक दरबारी, रोमा भारती को बधाई दी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.