इलाहाबाद विश्वविद्यालय में BA-LLB की पढ़ाई करने वाली छात्रा वर्तिका भाई के इलाज के लिए एक गुहार क्या लगाई, उसके साथ पूरा कारवां खड़ा हो गया। UP के विभिन्न शहरों से लोग मदद के लिए आगे आ गए। इलाज के खर्चे के लिए लोग 100 से 10,000 रुपये तक की धनराशि उसके खाते में डाल रहे हैं। वर्तिका के खाते में चार दिन के अंदर करीब चार लाख रुपए पहुंच गए। वर्तिका मौर्या प्रतापगढ़ जनपद के जामताली सराय शेर खां की रहने वाली हैं।
बोन मैरो ट्रांसप्लांट के बाद SJPGI में चल रहा इलाज
वर्तिका के बड़ा भाई संदीप की उम्र 27 वर्ष है। पिछले साल ही उसकी शादी हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से उसका स्वास्थ्य खराब होने लगा। पिछले साल नवंबर में उसका बोन मैरो ट्रांसप्लांट हुआ। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री निधि से सहायता भी मिली थी। अब उसकी स्थिति और खराब हो गई।
डॉक्टर ने स्टेम सेल ट्रांसफ्यूजन की सलाह दी है। इसके लिए करीब 18 लाख रुपये का खर्च आएगा। इसके बाद वर्तिका ने मदद की गुहार लगाई, तो लोगों ने भी उसे निराश नहीं किया। लोगों ने उसकी अपील को शेयर किया और बड़ी संख्या में लोग आर्थिक सहयोग भी कर रहे हैं। इस समय वर्तिका के भाई का इलाज लखनऊ के SJPGI में चल रहा है।
वानर सेना भी सहयोग में उतरी
लखनऊ के जिला समाज कल्याण अधिकारी अजीत सिंह भी वर्तिका के लिए सहयोग करने के लिए लोगों से अनुरोध कर रहे हैं। वह वानर सेना ग्रुप के संस्थापक हैं। उनकी पोस्ट के बाद वानर सेना के सदस्य भी वर्तिका की मदद के लिए आगे आ गए हैं। जौनपुर के सपा नेता अतुल सिंह ने अपने फेसबुक पर वर्तिका की मदद के लिए भावुक पोस्ट की, तो बड़ी संख्या में युवा वर्ग छात्रा के समर्थन में उतरे और उसके खाते में अपने क्षमतानुसार मदद कर रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.