आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की ओर से घोषणा की गई है कि चुनाव में 40 फीसद महिलाओं काे टिकट दिया जाएगा। इस फैसले के दूसरे दिन बुधवार को प्रयागराज में मुस्लिम महिलाओं ने जश्न मनाया। उत्साहित कांग्रेसियों ने मुस्लिम महिलाओं के साथ अटाला स्थित तिरंगा चौराहे पर जुलूस निकाला। इसमें शामिल महिलाएं हाथों में बैनर व पोस्टर लेकर चल रहीं थीं। बैनर पर लिखा था, आभार प्रियंका दीदी, लड़की हूं लड़ सकती हूं। महिलाओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई भी दी। मौके पर जुटे लोगो ने प्रियंका गांधी का आभार जताते हुए उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की।
महिलाओं को राजनीति में मिलेगा मौका
अटाला की रहने वालीं दरख्शा कुरैशी ने बताया कि प्रियंका गांधी द्वारा महिलाओं को टिकट में आरक्षण देने के लिए निर्णय से उनको शक्ति मिलेगी। यूपी कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी ने इसे महिला सशक्तिकरण पर सकारात्मक पहल बताते हुए सरकार को आड़े हांथ लिया। उन्होंने कहा कि इससे राजनीति में महिलाओं को बराबरी का मौका मिलेगा। जिला कांग्रेस प्रवक्ता हसीब अहमद ने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा सरकार की महिला विरोधी नीति पर प्रियंका गांधी ने सही निर्णय लिया, जिससे भाजपा सरकार को महिलाओं के प्रति अपनी सोच बदलने पर मजबूर करेगी। जश्न मनाने वालों में अल्कशा, सोनम, संजीदा, आसमा, शकील अहमद, नफीस कुरैशी, मो. हसीन, रिंकू तिवारी, दीपचंद्र शर्मा, फैमिना खातून, रुबीना खान, शमशेर, फिरोज, गौरव पांडेय, उदय यादव सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.