विवादों में चल रहे कांग्रेस पार्टी के प्रयागराज के शहर अध्यक्ष नफीस अनवर को पार्टी ने पद से हटा दिया। इसके साथ ही अब शहर अध्यक्ष की कमान प्रदीप मिश्र अंशुमन को सौंप दी गई। इसी तरह प्रयागराज के ही मुकुंद तिवारी को दूसरी बार प्रदेश महासचिव बनाया गया है। जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल ने इसका आदेश भी जारी कर दिया। वैसे इस बदलाव को विधानसभा चुनाव को लेकर देखा जा रहा है। दोनों नवनियुक्त पदाधिकारयों का शुक्रवार को पार्टी कार्यालय पर स्वागत किया गया।
विवादों में चल रहे थे नफीस
पिछले कुछ दिनों से शहर की कांग्रेस कमेटी विवादों में चल रही है। पिछले सप्ताह ही कांग्रेसियों ने पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा की गिरफ्तारी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। पुलिस गिरफ्तार कर कांग्रेसियों को पुलिस लाइन ले गई तो वहीं पर दो समोसे के लिए शहर कांग्रेस कमेटी के सचिव इरशाद उल्ला और जिला प्रवक्ता हसीब अहमद के बीच कहासुनी हो गई थी। इस विवाद को वीडियाे भी किसी ने वायरल कर दिया। वीडियो में इरशाद गालीगलौज करते नजर आ रहे थे।
हाईकमान तक पहुंची थी शिकायत
इरशाद की तरफ से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ भाजपा से पीलीभीत सांसद वरुण गांधी का पोस्टर वायरल कर दिया गया। इसके बावजूद तत्कालीन शहर अध्यक्ष नफीस ने केवल 15 दिन के लिए इरशाद को पार्टी से बाहर किया । अन्य शिकायतें पार्टी हाईकमान के पास पहुंचीं थीं। इसके बाद शुक्रवार को नफीस को पद से हटा दिया गया। उनकी जगह प्रदीप मिश्र अंशुमन के ऊपर विश्वास जताया गया है। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी का कहना है कि यह रुटीन बदलाव किया गया है।
छात्रसंघ से शुरू की थी राजनीति
नवनियुक्त कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रदीप मिश्र अंशुमन ने राजनीति की शुरूआत छात्रसंघ से की थी। वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रसंघ के महामंत्री भी रहे हैंं। इसके अलावा वह सीएवी कालेज के महामंत्री व सीएमपी कालेज के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके अध्यक्ष बनने पर समर्थकों ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर उन्हें बधाई दी। एक कांग्रेसी ने कहा कि लंबे समय बाद किसी मजबूत कार्यकर्ता को पार्टी का शहर अध्यक्ष बनाया गया है। नवनियुक्त अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने मेरे ऊपर जो विश्वास जताया है उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास रहेगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.