आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा पूरी मजबूती से अपने पदाधिकारियों को मैदान में उतार रही है। भाजपा से लोगों को जोड़ने की कमान महिलाओं के हाथ में है। इसके लिए 22 अक्टूबर से महिला मोर्चा की टीम प्रदेश भर के सभी जिलों में प्रवेश करेगी। इसका प्रमुख उद्देश्य है कि लोगों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को आमजन तक पहुंचायी जाए और ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई जाए। राज्यसभा सदस्य व भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्या के नेतृत्व में महिला मोर्चा की सदस्य तीन दिनों तक अलग अलग जिलों में प्रवास करेंगी और फिर मोर्चा की पदाधिकारी लोगों के बीच जाकर बैठक व सभा करेंगी।
कालेज, कोचिंग व मलिन बस्तियों तक जाएंगी
इस अभियान की संयोजक व भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री डा. कीर्तिका अग्रवाल ने बताया कि बड़े पैमाने पर यह सदस्यता अभियान शुरू किया जा रहा है। इसमें सभी सदस्यों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। सभी को अलग अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डा. कीर्तिका अग्रवाल बताती हैं कि हमारी टीम स्कूल, कालेज, कोचिंग सेंटर, मलिन बस्तियों व प्रबुद्ध लोगों के बीच में जाएगी। उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी। उन लोगों के मोबाइल नंबर व उनकी सूची बनाई जाएगी ताकि आने वाले दिन में उनसे फिर आसानी से संपर्क किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा महिलाओं के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं, महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ सीधे तौर पर मिल रहा है।
महिलाओं पर होगा फोकस
इस अभियान में महिलाओं पर भी विशेष फोकस होगा। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के लिए कौन कौन सी योजनाएं चलाई जा रही है इसके बारे में भी जानकारी दी जाएगी। महिलाओं को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। भाजपा के सभी मोर्चों की बात करें तो महिला मोर्चा व युवा मोर्चा सबसे ज्यादा सक्रिय है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.