प्रतापगढ़ में पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश तौफीक की लखनऊ के केजीएमयू अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद पुलिस लखनऊ में ही पोस्टमार्टम कराने पर अड़ी है लेकिन परिजन प्रतापगढ़ में पोस्टमार्टम कराना चाह रहे हैं।
खुद पहुंचा था एसआरएन
प्रतापगढ़ पुलिस तौफीक नाम के बदमाश को पकड़ने के लिए शनिवार रात करीब दो बजे प्रतापगढ़ के बाबूतारा गांव पहुंची। पुलिस को देख तौफीक भागने लगा। पुलिस ने तौफीक को गोली मारी तो गोली लगने के बाद घायल तौफीक ने गांव के एक कुएं में छलांग लगा दी। पुलिस ने सोचा कि वह मर चुका होगा। उसे मरा समझ पुलिस वहां से चली गई। तौफीक को जब पता चला कि पुलिस गांव से जा चुकी है तो वह कुछ साथियों की मदद से कुएं से बाहर निकला। सीधे वह बाइक से प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भर्ती होने आ गया था। वहीं उसकी हालत गंभीर होने पर रविवार को ही डाक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। परिजन उसके बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के केजीएमयू लेकर गए। जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने खुद चलाई साथियों पर गोली
तौफिक की पत्नी आलिया ने बताया कि रात में पुलिस आई थी। मेरे पति को दौड़ाया और गोली मारी। पति को मरा हुआ मानकर चले गए थे। तौफिक ने कोई फायरिंग नहीं की थी, बल्कि पुलिस ने ही की थी। रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक पुलिस यहीं थीं। कुएं में बार-बार बांस डालकर देख रहे थे कि तौफिक मरा है या नहीं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.