प्रयागराज में कोविड टीकाकरण कार्य के लिए महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की ड्यूटी सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक लगा दी गई है। इससे महिला कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। वह गुरुवार देर शाम तक सीएमओ और डीएम कार्यालय पहुंचकर अफसरों से यही गुहार लगाती रहीं कि साहब, हमारा भी परिवार है, कुछ तो रहम करिए। मातृ शिशु कल्याण महिला कर्मचारी संघ की अध्यक्ष मीरा देवी, संरक्षक राजबहादुर यादव, उपाध्यक्ष ऊषा पाठक व मंत्री संध्या राज देर शाम तक अधिकारियों के कार्यालयों का चक्कर लगाती रहीं लेकिन अधिकारी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे।
सुबह नौ से शाम छह बजे तक कर रहीं थी ड्यूटी
अध्यक्ष मीरा देवी ने बताया कि महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा बेहतर ढंग से टीकाकरण कार्य संचालित किया जा रहा है। अबी सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक यह कार्य किया जा रहा था लेकिन अब ड्यूटी सुबह आठ से रात आठ बजे तक करने का फरमान जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस अव्यावहारिक एवं पीड़ादायक आदेश का स्वास्थ्य कार्यकर्ता व महिला संगठन विरोध कर रहा है। यदि इन कार्यकर्ताओं को कुछ दिक्कत होती है तो उनकी गुहार सुनने वाला भी कोई नहीं होगा।
CM से लगाएंगी गुहार
अध्यक्ष मीरा देवी ने कहा कि यदि यह आदेश खत्म नहीं किया जाता है तो मामले को सीएम के संज्ञान में लाया जाएगा। कहा कि कोविड-19 टीकाकरण का एक वर्ष बीत जाने के बाद भी महिला कर्मचारियों को उनका प्रोत्साहन राशि अभी तक अधिकारियों को नहीं दिया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.