कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश में चुनावी बिगुल बजा दिया है। गुरुवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी ने UP की 125 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। प्रियंका ने कांग्रेस के गढ़ यानी प्रयागराज में महिलाओं को साधने का प्रयास किया है। प्रयागराज के 12 विधानसभा सीटों में चार सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई है जिसमें तीन सीटों पर महिलाओं को प्रत्याशी बनाया गया है।
चार बार के विधायक अनुग्रह को फिर मौका
अनुग्रह नारायण सिंह कांग्रेस पार्टी के पुराने सिपाही रहे हैं। शहर उत्तरी सीट से चार बार विधायक रह चुके अनुग्रह पर कांग्रेस पार्टी ने इस बार फिर से भरोसा जताया है। वह 1985 में उत्तरी प्रयागराज लोकदल से विधायक चुने गए थे। 1989 में दूसरी बार जनता दल से विधायक बने। वर्ष 2007 और 2012 में कांग्रेस पार्टी की तरफ विधायक निर्वाचित हुए थे। 2017 के विधानसभा चुनाव में मोदी लहर के सामने वह चुनाव हार गए थे। उन्होंने दैनिक भास्कर से बातचीत के दौरान बताया कि पार्टी ने भरोसा जताया है तो वह निश्चित ही इस सीट को जीत कर पार्टी की झोली में डालने का पूरा प्रयास करेंगे।
प्रमोद तिवारी के करीबी मुकुंद को झटका
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के माने जाने वाले पार्षद मुकुंद तिवारी भी उत्तरी प्रयागराज से टिकट के दावेदार थे। लेकिन पार्टी ने 2027 के चुनाव में टिकट देने का लालीपाप देकर दरकिनार कर दिया।
टिकट मिलते ही दर्शन करने पहुंची अल्पना
दक्षिणी प्रयागराज से पार्षद अल्पना निषाद को टिकट मिला है। वह दारागंज से पार्षद हैं। अब विधानसभा चुनाव के मैदान में ताल ठोकेंगी। टिकट की घोषणा होते ही वह बंधवा स्थित लेटे हनुमान जी का दर्शन करने पहुंच गई। अल्पना ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से 2005 में बीएससी की पढ़ाई पूरी की। इन्होंने बीएड भी किया हुआ है।
सीट- प्रत्याशी
उत्तरी प्रयागराज - अनुग्रह नारायण सिंह
दक्षिणी प्रयागराज - अल्पना निषाद
फाफामऊ - दुर्गेश पांडेय
बारा - मंजू संत
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.