प्रयागराज के भाजपा महिला मोर्चा पदाधिकारियों को अश्लील वीडियो कॉल कर परेशान करने का मामला सामनेआया है। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों के साथ इस तरह की वीडियो कॉल आने के बाद इसकी शिकायत महिला आयोग से भी की गई है। इस मामले में जार्ज टाउन थाने से लेकर एसपी क्राइम को भी अवगत कराया गया है। जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
नंबर बदलकर आरोपी कर रहा परेशान
महानगर महिला मोर्चा के अध्यक्ष शिखा रस्तोगी ने बताया कि उनके व्हाट्सएप पर बीते कुछ समय से कई अलग-अलग नंबरों से अश्लील वीडियो कॉल आ रहे हैं। उन्होंने इसकी ऑनलाइन शिकायत महिला थाने में दर्ज कराई थी। साथ ही महिला आयोग से भी की थी। शिकायत के बाद उनके नंबर पर तो कॉल आना बंद हो गया। लेकिन अन्य महिला पदाधिकारियों के पास अश्लील वीडियो कॉल आने लगे। उन्होंने इसकी चर्चा में उनसे की। जिसके बाद सभी ने मिलकर एसपी क्राइम से मामले की शिकायत है।
भाजपा नेताओं को परेशान करने के मामले की जांच हो: शिखा रस्तोगी
महानगर अध्यक्ष का कहना है कि भाजपा नेताओं को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।अभी तक 12 से अधिक महिला पदाधिकारियों के मोबाइल नंबर पर अश्वलील वीडियो कॉल आ चुके हैं। ये मामला बेहद गंभीर है। इसकी जांच होनी चाहिए। इस संबंध में एसएसपी प्रयागराज अजय कुमार से महिला पदाधिकारियों ने मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई है।
आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग
महिला पदाधिकारियों ने भास्कर से बातचीत के दौरान बताया कि शातिर व्यक्ति अलग-अलग नंबरों से फोन करता है। वह वीडियो कॉल के दौरान अंधेरे में खड़ा होकर अश्लील हरकते करता है। इस तरह की कॉल आने से महिलाएं परेशान हैं। उन्हें डर भी लग रहा है। महिला पदाधिकारियों ने एसएसपी से मांग किया है कि आरोपी का नंबर सर्विलांस पर लगाकर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.