रामचरितमानस पर विवादित टिप्पणी कर सपा नेता एवं विधान परिषद सदस्य स्वामी प्रसाद मौर्य मुश्किलों में फंस गए हैं। हिंदूवादी संगठन, सत्ता पक्ष के साथ ही उनकी पार्टी भी उनसे नाराज है। इसी बीच यूपी के रायबरेली में भाजपा के युवा मोर्चा के महामंत्री ने कहा है कि स्वामी प्रसाद की जबान काटकर लाने वाले को 5 लाख का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री करन सिंह 1 दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ शहर के डिग्री कॉलेज चौराहा पहुंचे। यहां सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य का पुतला फूंका। नारेबाजी की।आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कहा स्वामी प्रसाद मौर्य की इतनी हैसियत नहीं है कि रामचरितमानस पर एक शब्द भी बोल सकें।
मौर्य को पार्टी से निकालने की मांग
करन सिंह ने कहा कि जो स्वामी प्रसाद मौर्या की जबान काट कर लाएगा, उसको 5 लाख रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इस समय माघ पूर्णिमा का मेला चल रहा है। स्वामी प्रसाद मौर्या को चाहिए कि संगम तट पर जाकर गंगा में डुबकी लगाएं और अपने पापों का प्रायश्चित करें। समाजवादी पार्टी को ऐसे मानसिक विक्षिप्त नेता को तुरंत पार्टी से निकाल देना चाहिए।
अशिष्ट और असभ्य नेता हैं स्वामी प्रसाद मौर्य
कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार से स्वामी प्रसाद मौर्य पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है। इस तरीके के बयान देने से पहले उनकी जुबान क्यों नहीं कट गई। स्वामी प्रसाद मौर्य बहुत ही असभ्य नेता हैं। उन्हें हिंदुओं की भावनाओं को भड़काने में आनंद आता है। इस बार उन्होंने रामचरितमानस का अपमान किया है।
बयानबाजी से सुर्खियों में रहते हैं मौर्य
बता दें कि सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य अपनी बयानबाजी से अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। लेकिन इस बार उन्होंने धार्मिक ग्रंथ पर टिप्पणी करके खुद को मुसीबत में डाल लिया है।उनके खिलाफ कई जगहों पर प्रदर्शन हो रहे हैं। साथ ही उनको पार्टी से निकाले जाने की भी मांग भी की जा रही है
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.